लोक भवन के बाहर उस वक्त माहौल गर्म हो गया, जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने साथियों के साथ आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों और नेताओं को रोक दिया. इसी दौरान तेजस्वी यादव और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दी. सामने आए वीडियो में तेजस्वी यादव बैरिकेडिंग के पास नजर आ रहे हैं. उनके साथ मौजूद लोगों को पुलिस आगे बढ़ने से रोक रही है. इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की जैसी स्थिति भी दिखाई देती है.
ADVERTISEMENT
SDPO अनूप कुमारी से हुई तीखी बहस
वीडियो में तेजस्वी यादव की SDPO अनूप कुमारी से भी बहस होती नजर आ रही है. पुलिस की ओर से तेजस्वी यादव को समझाने की कोशिश की जाती है कि वह अकेले लोक भवन जा सकते हैं, लेकिन उनके साथ मौजूद सभी लोगों को एक साथ आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. पुलिस की ओर से कहा जाता है कि तेजस्वी यादव नेता के तौर पर अकेले लोक भवन जाएं. इसके बाद भी मौके पर बातचीत और बहस का सिलसिला जारी रहता है.
विधायकों और MLC को भी रोका गया
तेजस्वी यादव के साथ मौजूद विधायकों और अन्य नेताओं को भी पुलिस ने मौके पर रोक लिया. वीडियो में यह कहते हुए सुना जा सकता है कि साथियों को रोक लिया गया है और सभी विधायकों को भी आगे नहीं जाने दिया गया. मौके पर मौजूद लोग पुलिस से अपने नेताओं को आगे जाने देने की मांग करते नजर आते हैं. इसी दौरान भीड़ की ओर से पुलिस से कहा जाता है कि नेता को जाने दिया जाए.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
लोक भवन के बाहर हुई इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में तेजस्वी यादव और पुलिस के बीच बातचीत, बैरिकेडिंग के पास तनावपूर्ण स्थिति और नेताओं को रोकने की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं. फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है. वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर बिहार की राजनीति में प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर बहस शुरू हो गई है.
तेजस्वी यादव की राज्यपाल से मुलाकात
पटना में गुरुवार को महागठबंधन के राजभवन मार्च के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत विपक्षी नेताओं ने बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात की. नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर SIR और चुनाव आयोग से जुड़े अपने मुद्दे रखे. इससे पहले तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक से लोक भवन की ओर मार्च शुरू किया था. मार्च के दौरान पुलिस ने कई स्तर पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की.
ADVERTISEMENT


