बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश की लोक आस्था का सबसे पवित्र महापर्व छठ अब हिंदी सिनेमा के बड़े पर्दे पर एक नए, भव्य और अलौकिक अंदाज में गूंजने के लिए तैयार है. सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द व्वान’ का नया आध्यात्मिक गीत ‘छठी मैया’ जी म्यूजिक के बैनर तले रिलीज हो चुका है. हिंदी सिनेमा के इतिहास में यह पहला मौका है जब छठ पूजा की भक्ति, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को इतने बड़े पैमाने पर बॉलीवुड फिल्म में प्रस्तुत किया गया है.
ADVERTISEMENT
तमन्ना भाटिया के लुक और अभिनय ने जीता दिल
गाने में मुख्य अभिनेत्री तमन्ना भाटिया छठ व्रत की श्रद्धा, पवित्रता और भावनाओं को बड़े ही मनमोहक अंदाज में जीवंत करती दिख रही हैं. गाने में छठ पर्व के साथ-साथ बिहार की लोक संस्कृति और 'वन देवी' की शक्ति का एक अद्भुत और रहस्यमयी संगम देखने को मिल रहा है. फिल्म में अपनी भूमिका और इस गीत को लेकर उत्साहित तमन्ना भाटिया ने कहा, "‘द व्वान’ का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा है. इस फिल्म के जरिए मुझे बड़े पर्दे पर पहली बार छठ पर्व मनाने और बिहार व पटना के गौरवशाली गौरव को पेश करने का सौभाग्य मिला है."
विशाल मिश्रा की आवाज और कौशल किशोर के बोल
इस पावन गीत को मशहूर गायक और संगीतकार विशाल मिश्रा ने अपनी सुरीली आवाज से सजाया है और संगीतबद्ध किया है. वहीं, इसके भावुक और दिल को छू लेने वाले बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं. गाने की शानदार कोरियोग्राफी चिन्नी प्रकाश ने की है. गायक विशाल मिश्रा ने कहा, "उत्तर भारत की रग-रग में बसे छठ पर्व की पवित्र परंपरा को पहली बार हिंदी सिनेमा के माध्यम से दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाना हमारे लिए गर्व और सम्मान की बात है."
लोककथा और फैंटेसी से भरपूर होगी 'द व्वान'
‘द व्वान’ एक लोककथा (Folklore) और फैंटेसी पर आधारित अनूठी फिल्म है, जिसमें दर्शकों को रोमांस, रहस्य, रोमांच, अध्यात्म और हास्य का जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा.
- स्टार कास्ट: सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका में हैं.
- निर्देशक: दीपक मिश्रा
- निर्माता: शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी.
- रिलीज डेट: यह फिल्म 25 सितंबर 2026 को देश भर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
भारतीय संस्कृति, लोक आस्था और फैंटेसी के इस अनोखे मेल ने दर्शकों और सिनेमा प्रेमियों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता काफी बढ़ा दी है.
शराब केस में पकड़ी गई 25 साल की नेहा झा की जेल में कैसे बीत रही रातें? सामने आई ये जानकारी
ADVERTISEMENT


