मुंगेर के तारापुर विधानसभा क्षेत्र के हवेली खड़गपुर में तिरंगा यात्रा का माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा था. हाथों में तिरंगा, सड़कों पर लोगों की भीड़ और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का काफिला आगे बढ़ रहा था. लेकिन इसी देशभक्ति के माहौल के बीच एक युवक के मन में पल रही बेरोजगारी और भर्ती की चिंता भी अचानक सामने आ गई. कार्यक्रम खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे. इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक ने अचानक मुख्यमंत्री को आवाज लगाई. सुरक्षाकर्मियों ने युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक मुख्यमंत्री से मिलने की जिद पर अड़ गया. तभी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की नजर उस युवक पर पड़ी.
ADVERTISEMENT
युवक ने सीएम के सामने रखी बात
मुख्यमंत्री खुद युवक की तरफ आगे बढ़े और सुरक्षाकर्मियों से कहा कि उनका काम है, यहां सिर्फ एक व्यक्ति नहीं बल्कि बहुत सारे लोग हैं. इसके बाद मुख्यमंत्री ने युवक से कहा- "आपका क्या काम है? आपका क्या सवाल है, बोलो. इसके बाद युवक ने मुख्यमंत्री के सामने TRE-4 यानी शिक्षक भर्ती के चौथे चरण को लेकर सवाल रख दिया. आसपास मौजूद लोगों के शोर-शराबे के बीच मुख्यमंत्री पहले युवक की बात ठीक से नहीं सुन पाए. इसके बाद वह थोड़ा नजदीक गए और युवक की पूरी बात सुनी. युवक ने TRE-4 की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी.
सीएम ने दिया युवक को आश्वासन
मुख्यमंत्री ने युवक को आश्वासन दिया और इसके बाद आगे बढ़ गए. हालांकि, भीड़ ज्यादा होने के कारण युवक की पहचान सामने नहीं आ सकी और वह भीड़ के बीच कहीं निकल गया. लेकिन तिरंगा यात्रा के बीच मुख्यमंत्री से पूछा गया TRE-4 का यह सवाल अब चर्चा का विषय बन गया है. एक तरफ पूरा इलाका देशभक्ति के नारों और तिरंगे से सराबोर था, तो दूसरी तरफ हजारों युवाओं के रोजगार और शिक्षक भर्ती को लेकर चिंता भी उसी भीड़ में सुनाई दे गई.
जानिए क्या है अभ्यर्थियों की मांग
बता दें कि बिहार में TRE-4 की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग लगातार तेज हो रही है. अभ्यर्थियों का कहना है कि शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया में और देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि बड़ी संख्या में तैयारी कर रहे युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सके. अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद TRE-4 को लेकर सरकार की ओर से क्या कदम उठाया जाता है. बिहार में TRE-4 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है. अभ्यर्थी सरकार से मांग कर रहे हैं कि TRE-4 का विज्ञापन जल्द जारी किया जाए और भर्ती प्रक्रिया को बिना किसी और देरी के शुरू किया जाए.
ADVERTISEMENT


