UCC पर BJP-JDU में मतभेद के सवाल पर बोले संजय सरावगी- ‘बिहार में बैठकर बात करेंगे, समाधान निकालेंगे’

आशीष अभिनव

• 02:17 PM • 18 Sep 2026

UCC को लेकर BJP और JDU की अलग-अलग राय के सवाल पर संजय सरावगी ने कहा कि NDA के नेता बैठकर बातचीत करेंगे, शंकाओं का समाधान निकालेंगे और फिर फैसला होगा.

Sanjay saraogi on ucc
संजय सरावगी, प्रदेश अध्यक्ष, बिहार बीजेपी
Google CTA

बिहार में Uniform Civil Code यानी UCC को लेकर BJP और JDU के नेताओं के अलग-अलग बयानों के बीच बीजेपी के बिहार अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है. पंचायत आजतक के Exclusive Interview में जब उनसे पूछा गया कि संसद में UCC को लेकर NDA एक साथ नजर आती है, लेकिन बिहार में सहयोगी दलों के नेताओं की राय अलग क्यों दिखाई देती है, तो उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाएगा.

Read more!


‘पांचों पांडव मिलकर करेंगे काम’

संजय सरावगी ने इस सवाल का जवाब देने के लिए महाभारत के पांच पांडवों का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि संसद में UCC को लेकर सभी साथ थे और बिहार में भी बैठकर आपस में बातचीत की जाएगी. संजय सरावगी ने कहा कि जिस तरह संसद में UCC को लेकर चर्चा हुई और इसे पारित किया गया, उसी तरह बिहार में भी सभी पक्षों के साथ बातचीत होगी. उन्होंने कहा कि किसी भी मुद्दे पर शंकाएं हैं तो बातचीत के जरिए उनका समाधान निकाला जाएगा. उन्होंने अपने जवाब में कहा कि पांचों पांडव एकजुट हैं और मिलकर काम करेंगे. उनका कहना था कि सुशासन, रोजगार, समृद्धि और दूसरे नीतिगत मुद्दों पर भी NDA के घटक दल आपस में चर्चा करके आगे बढ़ते हैं.

‘बिहार में UCC को लेकर चिंता मत करिए’

जब उनसे सीधे पूछा गया कि क्या उनके मुताबिक UCC बिहार में लागू होगा, तो संजय सरावगी ने बातचीत और निर्णय की प्रक्रिया पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि पहले सभी लोग बैठेंगे, आपस में बात करेंगे और शंकाओं का समाधान करेंगे. उनका कहना था कि इस मुद्दे पर बार-बार सवाल पूछे जाने पर भी उनका जवाब यही रहेगा कि NDA के लोग बैठकर बातचीत करेंगे और उसके बाद निर्णय लिया जाएगा.

धारा 370 और राम मंदिर का भी दिया उदाहरण

UCC के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए संजय सरावगी ने धारा 370 और राम मंदिर का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि एक समय इन मुद्दों को लेकर भी यह कहा जाता था कि ये फैसले संभव नहीं होंगे.संजय सरावगी ने कहा कि धारा 370 को हटाया गया और राम मंदिर का मामला भी अदालत के फैसले के बाद आगे बढ़ा. इसी उदाहरण के जरिए उन्होंने कहा कि राजनीतिक और नीतिगत मुद्दों पर परिस्थितियां समय के साथ बदल सकती हैं.

‘तीन चौथाई बहुमत नहीं था, फिर भी फैसले हुए’

संजय सरावगी ने संसद में UCC को लेकर हुई बहस का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस समय भी यह सवाल उठाया जाता था कि पर्याप्त बहुमत के बिना UCC कैसे पारित होगा. उन्होंने कहा कि इसी तरह धारा 370 और तीन तलाक को लेकर भी संसद में लंबी बहस हुई थी. उनके मुताबिक, बातचीत और राजनीतिक प्रक्रिया के जरिए इन मुद्दों पर आगे बढ़ा गया.

‘बांकीपुर का असर नहीं, बातचीत से निकलेगा रास्ता’

इंटरव्यू में उनसे यह भी पूछा गया कि बिहार बीजेपी के भीतर UCC को लेकर बातचीत और सहमति की बात करने के पीछे क्या बांकीपुर का राजनीतिक असर है. इस पर संजय सरावगी ने कहा कि बिहार में NDA के पास तीन-चौथाई बहुमत है और गठबंधन के घटक दल आम जनता के हित, विचारधारा और नीतिगत फैसलों को लेकर मिलकर काम करते हैं. उन्होंने फिर दोहराया कि UCC समेत ऐसे मुद्दों पर भी सभी लोग बैठेंगे, बातचीत करेंगे और शंकाओं का समाधान निकालेंगे.

संजय सरावगी के बयान के मायने? 

बिहार में UCC को लेकर BJP और JDU के अलग-अलग बयानों के बीच संजय सरावगी का यह बयान गठबंधन के भीतर इस मुद्दे पर आगे की बातचीत की ओर इशारा करता है. हालांकि, उनके इस बयान में बिहार में UCC लागू करने की कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई गई है.