Jitan Ram Manjhi Stone Attack: बिहार के गया से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री और गया के सांसद जीतन राम मांझी के ऊपर एक कार्यक्रम के दौरान हमला हुआ है. यह घटना गया जिले के खिजरसराय प्रखंड के सिस्वर गांव में स्थित संत थॉमस इंग्लिश स्कूल में हुई. स्कूल प्रबंधन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने पहुंचे थे.
ADVERTISEMENT
भाषण के दौरान पैरों के पास आकर गिरा पत्थर
चश्मदीदों के मुताबिक, जब जीतन राम मांझी मंच से वहां मौजूद भारी भीड़ और जनसभा को संबोधित कर रहे थे, तभी अचानक भीड़ में से एक युवक ने उनकी तरफ पत्थर फेंक दिया. वह पत्थर सीधे उड़ता हुआ जीतन राम मांझी के पैरों के पास आकर गिरा. अचानक हुए इस हमले से कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई. मंच पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए केंद्रीय मंत्री को चारों तरफ से अपने घेरे में ले लिया.
सुरक्षा में तैनात जवान हुआ मामूली घायल
इस पूरे हमले में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी बाल-बाल बच गए हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है. हालांकि, वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों में से एक जवान के पैर में वह पत्थर जाकर लगा, जिससे वह मामूली रूप से घायल बताया जा रहा है. घटना के तुरंत बाद सुरक्षा में लगे जवानों और स्थानीय पुलिस ने भीड़ में पत्थर फेंकने वाले आरोपी की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पत्थर फेंकने वाले संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया है.
हमले पर जीतन राम मांझी का बड़ा बयान
इस घटना के बाद जब मीडिया ने केंद्रीय मंत्री से बात की, तो उन्होंने बेहद बेबाक अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी. जीतन राम मांझी ने कहा कि क्या आया और क्या गया, उन्होंने ध्यान नहीं दिया. उन्होंने आगे कहा कि जो लोग असामाजिक या खराब प्रवृत्ति के होते हैं, वे कभी भी समाज में अच्छा काम होते हुए नहीं देखना चाहते हैं. उनके दिमाग में कुछ गलत बात आई होगी, इसलिए उन्होंने ऐसा किया.
पहले भी मिल चुकी है जान से मारने की धमकी
आपको बता दें कि जीतन राम मांझी पिछले कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में हैं. हाल ही में पटना के एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजेश राव उर्फ सरदार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था और उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी. उस मामले में गया के साइबर थाने में एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को नालंदा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. अब इस नए पथराव मामले को लेकर पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से कड़ी पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़ें: TRE 4 प्रदर्शन में गिरफ्तार स्टूडेंट लीडर दिलीप कुमार को मिली राहत, पटना सिविल कोर्ट ने सुनाया ये बड़ा फैसला
ADVERTISEMENT


