15 साल के वैभव ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन को पछाड़ बने तीसरे सबसे तेज अर्धशतकवीर

Vaibhav Suryavanshi IPL 2026: आईपीएल 2026 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया है. उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया. जानिए इस युवा खिलाड़ी की तूफानी पारी, रिकॉर्ड्स और कैसे बन रहे हैं भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा.

Vaibhav Suryavanshi IPL 2026
Vaibhav Suryavanshi IPL 2026

सैय्यद अलमदार हुसैन रिजवी

follow google news

आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच बिहार के उभरते हुए सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर क्रिकेट जगत को अपनी बल्लेबाजी का कायल कर दिया है. सोमवार को गुवाहाटी में खेले गए राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मुकाबले में वैभव ने तूफानी पारी खेलते हुए अपना ही पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया. महज 15 साल के इस खिलाड़ी ने चेन्नई के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और आईपीएल इतिहास के संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए.

Read more!

15 गेंदों में 'फिफ्टी' और 305 की स्ट्राइक रेट

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई और पूरी टीम महज 127 रनों पर सिमट गई. जवाब में राजस्थान रॉयल्स की ओर से ओपनिंग करने आए यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक शुरुआत की. वैभव ने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए और 305.88 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने अपनी कुल 17 गेंदों की पारी में 52 रन बनाए, जिसमें 4 शानदार चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे.

अपना ही 17 गेंदों का रिकॉर्ड तोड़ा

वैभव सूर्यवंशी के लिए यह पारी इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने पिछले सीजन में 17 गेंदों में अर्धशतक जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं. इस बार उन्होंने दो गेंदें कम लेते हुए अपना ही रिकॉर्ड सुधार लिया. इस धमाकेदार प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने आईपीएल की 'फास्टेस्ट फिफ्टी' लिस्ट में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सुरेश रैना और ट्रेविस हेड जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है.

दिग्गजों की फेहरिस्त में हुए शामिल

आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड फिलहाल राजस्थान रॉयल्स के ही यशस्वी जायसवाल के नाम है. दूसरे नंबर पर केएल राहुल, पैट कमिंस और रोमारियो शेफर्ड हैं, जिन्होंने 14 गेंदों में यह कारनामा किया है. अब 15 गेंदों के साथ वैभव सूर्यवंशी की भी इस एलीट लिस्ट में एंट्री हो गई है. वैभव ने पिछले सीजन की 7 पारियों में 252 रन बनाए थे और इस सीजन की शुरुआत भी उन्होंने उसी आक्रामक अंदाज में की है.

भविष्य का चमकता सितारा

महज 15 साल की उम्र में जिस परिपक्वता और निडरता के साथ वैभव चेन्नई सुपर किंग्स जैसे बड़े नाम के खिलाफ खेले, वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए अच्छे संकेत हैं. हालांकि, वे अपनी पारी को और बड़ा नहीं कर सके और अंशुल कंबोज की गेंद पर सरफराज खान को कैच थमा बैठे, लेकिन जाने से पहले वे अपना काम कर चुके थे. क्रिकेट फैंस और जानकारों का मानना है कि आने वाले मैचों में वैभव के बल्ले से और भी कई रिकॉर्ड टूटते नजर आएंगे.

    follow google news