बिहार के वैशाली से एक बार फिर बेखौफ अपराधियों की तस्वीर सामने आई है. हाजीपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक निर्माण ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात को बाइक सवार अपराधियों ने अंजाम दिया और पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. सुबह का वक्त... रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे रामनरेश राय... लेकिन शायद उन्हें अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में अपराधी उनकी जान के दुश्मन बन जाएंगे. हाजीपुर के दिग्घी इलाके में पोखर के पास बाइक सवार हमलावरों ने निर्माण ठेकेदार रामनरेश राय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.
ADVERTISEMENT
घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार
अपराधियों ने रामनरेश राय पर करीब चार गोलियां बरसाईं. हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. वहीं गंभीर रूप से घायल रामनरेश राय की मौत हो गई. जिस जगह वारदात हुई, वह उनके घर से कुछ ही दूरी पर बताई जा रही है. सुबह-सुबह हुई इस हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की तस्वीरें पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई हैं, जिसमें हमलावरों की गतिविधियां नजर आ रही हैं.
मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है.
कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
फिलहाल हत्या की वजह क्या है, यह साफ नहीं हो पाया है. पुलिस अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि रामनरेश राय को निशाना क्यों बनाया गया और इस वारदात के पीछे कौन लोग हैं. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर वैशाली में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि पुलिस इस हत्याकांड के आरोपियों तक कब पहुंचती है.
ADVERTISEMENT


