वैशाली में नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद भारी बवाल, RJD कार्यकर्ताओं ने फाड़े पोस्टर-बैनर

बिहार के वैशाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नीतीश सेतु के उद्घाटन के तुरंत बाद राजद कार्यकर्ताओं ने पुल पर जमकर हंगामा किया और पोस्टर फाड़े. वहीं, तेजस्वी यादव और आम आदमी पार्टी ने पुल का नाम गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर न रखने को लेकर सरकार पर निशाना साधा है.

NewsTak
Google CTA

बिहार के वैशाली जिले में नवनिर्मित 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन के साथ ही इस पर सियासी संग्राम और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है. शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य अतिथियों के कार्यक्रम से रवाना होते ही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकर्ताओं ने पुल पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया. जैसे ही आम जनता के लिए पुल का आवागमन शुरू किया गया, बड़ी संख्या में जुटे राजद कार्यकर्ताओं ने नीतीश सेतु और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पोस्टर-बैनर फाड़ डाले और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया.

Read more!

पुल पर लहराए गए RJD के झंडे

इस हंगामे से जुड़े कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें राजद कार्यकर्ता पुल के ऊपर पार्टी के झंडे लहराते हुए 'तेजस्वी यादव जिंदाबाद' और 'लालू यादव जिंदाबाद' के गगनभेदी नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं. विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं का आक्रोश इस कदर बढ़ गया कि उन्होंने मौके पर लगे पोस्टर फाड़ने के साथ ही बीजेपी के झंडों को पैरों तले कुचल दिया. उद्घाटन समारोह खत्म होने के तुरंत बाद हुई इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है.

तेजस्वी यादव ने नामकरण पर उठाए सवाल

इससे पहले शनिवार को ही राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी नीतीश सेतु के नामकरण को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला था. तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण पुल का नाम सिख धर्म के दसवें गुरु और खालसा पंथ के संस्थापक श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के नाम पर रखा जाना चाहिए था. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने अपनी ओछी राजनीति के चलते ऐसा नहीं होने दिया और इसे सरकार की संकीर्ण मानसिकता का परिणाम करार दिया.

आम आदमी पार्टी ने भी जताई नाराजगी, बताया अस्वीकार्य

नीतीश सेतु के नाम को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब बिहार से बाहर निकलकर अन्य राज्यों की राजनीति तक भी पहुंच गया है. आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी इस मुद्दे पर बिहार सरकार को घेरा है. पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बयान जारी करते हुए कहा कि यदि बिहार सरकार नीतीश कुमार को सम्मान देना चाहती है, तो इसके लिए कई अन्य विकल्प मौजूद थे. उन्होंने दावा किया कि पहले इस पुल का नाम गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर रखा जा रहा था, लेकिन बाद में इसे बदल दिया गया. चीमा ने इस फैसले को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता.

4 लाख मेहमान, 3 करोड़ की डिफेंडर और इनाम में थार, जानिए क्यों हो रही है अनंत सिंह की बेटी की इस महाशादी की चर्चा?