अगर आप भी ट्रेन के सफर के दौरान खिड़की से खीरा खरीदकर चाव से खाते हैं तो सावधान हो जाइए! बिहार के कटिहार रेलवे स्टेशन से एक ऐसी खबर सामने आई है जो आपकी सेहत और भरोसे, दोनों को हिलाकर रख देगी. यहां यात्रियों की जान से खिलवाड़ करते हुए सफ़ेद खीरे को केमिकल वाले रंगों से 'चमकदार हरा' बनाकर बेचा जा रहा था.
ADVERTISEMENT
वायरल वीडियो ने खोली पोल
मामले का खुलासा तब हुआ जब सोशल मीडिया पर एक 25 सेकंड का वीडियो आग की तरह फैल गया. यह वीडियो स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 का बताया जा रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो महिलाएं बड़े ही इत्मीनान से सफेद रंग के खीरों को हरे रंग के घोल में डुबोकर उन्हें ताजा और असली लुक दे रही हैं.
आम तौर पर खीरा प्राकृतिक रूप से हरा होता है, लेकिन इन वेंडर्स के पास मौजूद खीरे सफेद थे. ग्राहकों को लुभाने के लिए इन पर जिस केमिकल वाले रंग का इस्तेमाल किया जा रहा था वह शरीर के लिए किसी स्लो प्वाइजन से कम नहीं है.
RPF की ताबड़तोड़ कार्रवाई
वीडियो वायरल होते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए RPF (रेलवे सुरक्षा बल) तुरंत एक्शन मोड में आई. RPF इंस्पेक्टर विक्रम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो कटिहार स्टेशन का ही है.
पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर स्टेशन परिसर से 9 महिला वेंडर्स को हिरासत में लिया है. बड़ी बात यह है कि वायरल वीडियो में खीरे रंगते हुए जो महिला नजर आ रही थी, वह भी अब पुलिस की गिरफ्त में है. फिलहाल इन सभी से कड़ी पूछताछ की जा रही है कि वे यह रंग कहां से लाती थीं और इस खेल में उनके साथ और कौन-कौन शामिल है.
यात्रियों की सेहत पर भारी 'लालच'
रेलवे स्टेशन जैसी जगह पर जहां प्रशासन की पैनी नजर होने का दावा किया जाता है, वहां नाक के नीचे मौत का सामान बेचा जाना कई सवाल खड़े करता है. यात्रियों का कहना है कि वे ताज़ा समझकर ये फल खरीदते हैं लेकिन उन्हें क्या पता कि वे अपनी थाली में केमिकल और बीमारियां परोस रहे हैं.
RPF इंस्पेक्टर विक्रम ने कहा, "वायरल वीडियो के आधार पर हमने त्वरित कार्रवाई की है. 9 महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. यात्रियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा."
ADVERTISEMENT


