Bankipur Bypoll BJP Candidate Abhishek Kumar: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने अभिषेक कुमार को टिकट दिया है. खास बात यह है कि नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई इस सीट पर बीजेपी ने किसी बड़े चेहरे की बजाय एक सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है. वहीं, इस हॉट सीट पर आरजेडी पहले ही रेखा कुमारी गुप्ता को अपना उम्मीदवार बना चुकी है, जबकि जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर मैदान में हैं. अब बीजेपी के इस ऐलान के बाद बांकीपुर का मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है.
ADVERTISEMENT
कौन हैं अभिषेक कुमार जिन्हें BJP ने दिया टिकट?
अभिषेक कुमार कायस्थ जाति से आते हैं. वे कायस्थ समाज के एक बेहद सक्रिय सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान रखते हैं. अभिषेक वर्तमान में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. इसके पहले वे पूर्व पटना महानगर भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद पर भी काम कर चुके हैं. वे दो बार मंडल अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने मंडल मंत्री और महामंत्री के पदों पर भी रह चुके हैं.
आरजेडी ने रेखा गुप्ता पर दोबारा जताया भरोसा
दूसरी तरफ, राष्ट्रीय जनता दल यानी आरजेडी ने भी बांकीपुर के रण को फतह करने के लिए अपनी बिसात काफी पहले ही बिछा दी है. आरजेडी ने लगातार दूसरी बार रेखा कुमारी गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतारा है. पिछले मुख्य चुनाव में भी पार्टी ने उन्हीं पर दांव खेला था. उस समय उन्होंने 46,363 वोट हासिल किए थे और वे दूसरे स्थान पर रही थीं. आरजेडी की उम्मीदवार रेखा कुमारी गुप्ता वैश्य समाज की तेली जाति से ताल्लुक रखती हैं. ऐसे में आरजेडी ने इस सीट पर सामाजिक और जातिगत समीकरण को ध्यान में रखते हुए ही उन पर इतना बड़ा दांव लगाया है.
सोमवार से शुरू हुई नामांकन की प्रक्रिया
इस हॉट सीट पर चुनावी बिगुल फूंकने के साथ ही सोमवार 6 जुलाई से नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है. चुनाव आयोग के तय कार्यक्रम के मुताबिक, उम्मीदवार 13 जुलाई तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे, जबकि 16 जुलाई तक नाम वापस लेने की तारीख तय है. इसके बाद बांकीपुर के मतदाता 30 जुलाई को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे और 3 अगस्त को इस राजनीतिक संग्राम का अंतिम नतीजा सबके सामने आ जाएगा.
त्रिकोणीय मुकाबले में फंसा बांकीपुर का पेंच
बीजेपी और आरजेडी के उम्मीदवारों की घोषणा के बाद बांकीपुर का उपचुनाव बेहद दिलचस्प हो गया है. मैदान में जन सुराज की तरफ से प्रशांत किशोर की एंट्री होने के बाद यह मुकाबला त्रिकोणीय रूप ले चुका है. एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी अपने इस पुराने और मजबूत गढ़ को किसी भी कीमत पर बचाने के लिए पूरा जोर लगा रही है. वहीं दूसरी तरफ आरजेडी अपने पिछले प्रदर्शन को इस बार जीत में बदलने के लिए मुस्तैद दिख रही है. अब देखना होगा कि 3 अगस्त को बांकीपुर का ताज किसके सिर सजता है.
ADVERTISEMENT


