Charchit Chehra: बिहार में चुनाव का शोर थम चुका है. RJD की हार के बाद पार्टी के भीतर और बाहर राजनीति थोड़ी शांत चल रही है. तेजस्वी ही नहीं, पूरे कैडर पर काम का लोड कम हुआ है. चुनाव के दिनों में दिन-रात टीवी स्टूडियो से लेकर सोशल मीडिया तक मोर्चा संभालने वाली आरजेडी की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. कंचना यादव पर भी अब सियासी दबाव कम हुआ है. और जब राजनीति की यह तपिश थोड़ी ठंडी पड़ी, तो कंचना ने अपनी पर्सनल और फैमिली लाइफ के बारे में सोचा.
ADVERTISEMENT
राजनीति के पथरीले मैदान पर दौड़ रहीं कंचना यादव अब अपनी निजी ज़िंदगी के एक खूबसूरत पड़ाव की ओर मुड़ गई हैं. दोस्ती से शुरू हुआ एक प्यारा सा रिश्ता अब सगाई तक पहुंच चुका है. कंचना यादव ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड सुधांशु शेखर के साथ सगाई कर ली है. कौन हैं कंचना यादव, कौन हैं उनके होने वाले हमसफ़र सुधांशु शेखर, सगाई की तस्वीरें सामने आते ही उन्हें ताने क्यों मिलने लगे, और कैसे एक साइंटिस्ट की नौकरी ठुकराकर कंचना सियासत की पोस्टर गर्ल बनीं? 'चर्चित चेहरा' में आज यही है कहानी.
26 नवंबर को डॉ. कंचना यादव ने सोशल मीडिया पर सगाई की तस्वीरें शेयर कर सबको सरप्राइज़ दे दिया. बिहार के गया में दोनों परिवारों की मौजूदगी और आशीर्वाद के बीच कंचना और सुधांशु शेखर की रिंग सेरेमनी हुई. सगाई की फोटो शेयर करते हुए कंचना ने बड़े ही रूमानी और दिल छू लेने वाले अंदाज़ में लिखा- "एक खूबसूरत दोस्ती से जो सफ़र शुरू हुआ था, वो प्यार में बदल गया और आज गया में परिवार के प्यार और आशीर्वाद के बीच हमने हमेशा साथ रहने की दिशा में अपना पहला कदम बढ़ाया है.
कंचना यादव का यह प्यार भरा अंदाज़ देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. कंचना ने अपनी पोस्ट से यह तो साफ कर दिया कि उनकी और सुधांशु की अरेंज नहीं, बल्कि लव मैरिज हो रही है. लेकिन सुधांशु शेखर के बारे में कंचना ने खुद ज्यादा कुछ नहीं बताया, जिसके बाद इंटरनेट पर लोगों ने सुधांशु के प्रोफेशन से लेकर उनकी जाति तक के बारे में अटकलें लगानी शुरू कर दीं.
सुधांशु शेखर भी छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं
सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और कयासों के मुताबिक, सुधांशु शेखर भी छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं और कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI (जेएनयू इकाई के पूर्व अध्यक्ष) में सक्रिय रहे हैं. बताया जा रहा है कि सुधांशु और कंचना पढ़ाई के दौरान क्लासमेट रहे हैं. पहले दोनों अच्छे दोस्त बने, फिर विचार मिले और दोस्ती प्यार में बदल गई. टीवी स्क्रीन पर देश-दुनिया के हर मुद्दे पर बेबाकी से बोलने वाली कंचना ने अपनी पर्सनल लाइफ को बेहद प्राइवेट रखा, जिसकी वजह से किसी को भनक तक नहीं लगी कि सुधांशु उनकी ज़िंदगी में शामिल हैं.
एक तरफ कंचना को सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है, तो दूसरी तरफ उनके विरोधी उन्हें जमकर ताने भी मार रहे हैं. दरअसल, कंचना सोशल मीडिया और टीवी डिबेट्स में जातिगत मुद्दों और सवर्ण राजनीति पर बेहद आक्रामक रहती हैं. ऐसे में विरोधी सवाल उठा रहे हैं कि कंचना खुद इंटरकास्ट मैरिज कर रही हैं— कई ट्रोल्स तंज कसते हुए पूछ रहे हैं कि शादी करने के लिए उन्हें कोई महादलित क्यों नहीं मिला? हालांकि सुधांशु शेखर की जाति को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है. इसी बहस में लोगों ने कंचना की करीबी दोस्त और आरजेडी प्रवक्ता प्रियंका भारती को भी लपेट लिया है, जिनके भाई राहुल भारती की शादी हाल ही में फतुहा में बनिया समाज की निष्ठा गुप्ता से हुई है.
वैसे कंचना यादव की खुद की कहानी में भी गजब संयोग है. कंचना हैं तो यूपी के जौनपुर की, लेकिन अब तक राजनीति में जो भी किया वो बिहार के लिए, आरजेडी और लालू-तेजस्वी परिवार के लिए किया. कंचना का वोट भी जौनपुर में है, लेकिन उनके परिवार की जड़ें बिहार के सासाराम से जुड़ी हैं. उनके पिता ने मुंबई में प्राइवेट नौकरी की और माँ ने जौनपुर में रहकर परिवार संभाला.
राजनीति या रिसर्च में आने से पहले कंचना का सपना डॉक्टर बनने का था. उन्होंने मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी की और CPMT में उनका चयन भी हो गया, लेकिन उन्हें डेंटल (BDS) की सीट मिल रही थी. एमबीबीएस (MBBS) करने की जिद में उन्होंने दोबारा परीक्षा दी, लेकिन पेपर लीक होने के कारण उनका यह सपना अधूरा रह गया. इसके बाद 2013-14 में उन्होंने वाराणसी के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से जूलॉजी में बीएससी (BSc) करने का फैसला किया.
हैदराबाद यूनिवर्सिटी की मास्टर्स
आगे की पढ़ाई के लिए वे दिल्ली आ गईं. उन्होंने मास्टर्स के लिए हैदराबाद यूनिवर्सिटी, जामिया, डीयू (DU) और जेएनयू (JNU) की प्रवेश परीक्षा दी और चारों संस्थानों में उनका चयन हो गया. अपने प्रोफेसर की सलाह पर उन्होंने जेएनयू को चुना, जहाँ से लाइफ साइंसेज में एमएससी (MSc) किया और 'कंप्यूटेशनल बायोलॉजी एंड कैंसर रिसर्च' में पीएचडी पूरी की. जेएनयू में रिसर्च के दौरान कंचना ने प्रतिष्ठित CSIR फेलोशिप क्रैक की थी. उनके पास बेंगलुरु में साइंटिस्ट की शानदार जॉब का ऑफर भी आया, लेकिन कंचना का मन नौकरी में नहीं, बल्कि राजनीति में लगने लगा.
बीएचयू से ग्रेजुएशन करने तक उनका दूर-दूर तक राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं था. लेकिन 2017 में जब वे JNU पहुँचीं, तो वहाँ के वैचारिक माहौल ने उनकी दिशा बदल दी. कैंपस में फीस वृद्धि के खिलाफ हुए आंदोलनों और वंचित वर्गों के अधिकारों की बहस ने कंचना के भीतर छिपे एक्टिविस्ट को जगा दिया. 2018 में कंचना ने अपने साथियों के साथ मिलकर जेएनयू कैंपस में 'छात्र राजद' की नींव रखी, छात्र संघ का चुनाव लड़ा और लालू-तेजस्वी की सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने लगीं.
कंचना के घर में बचपन से ही सामाजिक न्याय और जातिगत भेदभाव के खिलाफ संघर्ष की बातें होती थीं. ऐसे में लालू प्रसाद यादव की पिछड़ों-दलितों को आवाज़ देने की राजनीति उन्हें प्रभावित करने लगी. जब जेएनयू में छात्र राजद खड़ा हुआ, तो खुद तेजस्वी यादव कैंपस के इन छात्रों से मिलने लगे. एक बड़े नेता के इस सीधे जुड़ाव ने कंचना को भावनात्मक और वैचारिक रूप से लालू परिवार से जोड़ दिया. तेजस्वी आरजेडी की पुरानी इमेज बदलकर पार्टी में पढ़े-लिखे युवा चेहरों को आगे लाना चाहते थे. जेएनयू में कंचना का एक्टिविज्म देखकर अक्टूबर 2023 में तेजस्वी ने उन्हें सीधे आरजेडी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बना दिया.
कंचना यादव और प्रियंका भारती का जिक्र साथ
कंचना यादव की चर्चा हो और उनकी सबसे करीबी साथी प्रियंका भारती का ज़िक्र न हो, यह मुमकिन नहीं. आरजेडी ने जब युवा महिला चेहरों पर दांव लगाया, तो कंचना यादव और प्रियंका भारती की जोड़ी ने राष्ट्रीय न्यूज़ चैनलों की डिबेट्स और सोशल मीडिया पर मानो 'बवाल' ही काट दिया. दोनों की दोस्ती जेएनयू और छात्र राजनीति के दिनों से ही मज़बूत रही है. टीवी डिबेट्स में जब ये दोनों बैठती थीं, तो अपने तीखे सवालों और बेबाक अंदाज़ से बीजेपी के बड़े-बड़े प्रवक्ताओं को असहज कर देती थीं.
सितंबर 2025 में कंचना ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उनसे घबराकर बीजेपी ने चैनलों को फोन करके उन्हें डिबेट में न बैठाने का दबाव बनाया और कई शो शुरू होने से महज 10 मिनट पहले उन्हें ड्रॉप कर दिया गया. लोकप्रियता के साथ विवाद भी जुड़े— अप्रैल 2026 में नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन से जुड़ा एक भ्रामक वीडियो शेयर करने के मामले में यूपी पुलिस ने कंचना और प्रियंका दोनों के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) तक दर्ज की थी. लेकिन तमाम हमलों के बावजूद दोनों एक-दूसरे की ढाल बनकर खड़ी रहीं और राष्ट्रीय राजनीति का 'चर्चित चेहरा' बन गईं.
ये भी पढ़ें: अनंत सिंह की बेटी शादी में हुई घुड़दौड़ का कौन बना विनर? थार गाड़ी किसे मिली, जानिए पूरा सच
ADVERTISEMENT


