बिहार में इन दिनों अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को लेकर खासी चर्चा है और इससे जुड़े फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. शादी के इस माहौल के बीच अनंत सिंह के बड़े दामाद कुमार पुनीत को लेकर भी लोगों के बीच जिज्ञासा बढ़ी है. सोशल मीडिया पर उनके हावभाव, लुक और परिवार से उनके संबंधों को लेकर लोग लगातार जानना चाह रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, कुमार पुनीत का विवाह अनंत सिंह की बड़ी बेटी नंदनी सिंह से हुआ है. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ाव, लेकिन रास्ता चुना प्रशासनिक सेवा का
मिली जानकारी के मुताबिक, कुमार पुनीत का परिवार भी राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा रहा है और उनके दादा बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं. ऐसे में राजनीति और उससे जुड़े माहौल से वे पहले से परिचित रहे हैं. इसके बावजूद उन्होंने अपने करियर के लिए राजनीति के बजाय सरकारी सेवा का रास्ता अपनाया. उन्होंने यूपीएससी (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया और वर्तमान में श्रम विभाग (लेबर डिपार्टमेंट) में कार्यरत हैं.
इंटरव्यू में सामने आईं कुमार पुनीत की बातें और सोच
शादी से जुड़े कार्यक्रमों के दौरान अनंत सिंह के साथ विभिन्न फ्रेम में नजर आने के बाद कुमार पुनीत के कई वीडियो और एक इंटरव्यू भी चर्चा में आए हैं. जब उनसे राजनीति में आने को लेकर प्रश्न किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि फिलहाल उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है. उनके मुताबिक, उन्हें अपनी नौकरी पसंद है और वे प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बनकर ही जनसेवा करना चाहते हैं. उन्होंने यह भी साझा किया कि बचपन से ही उनका लक्ष्य पब्लिक सर्विस में जाने का रहा है और राजनीतिक माहौल को करीब से देखने के बाद भी उन्होंने प्रशासनिक सेवा को ही चुना.
परिवार के सदस्यों से जुड़ाव और शादी को लेकर प्रतिक्रिया
कुमार पुनीत अपने परिवार के सदस्यों के प्रति जुड़ाव और भावनाओं को लेकर भी बात करते नजर आए. उन्होंने बताया कि शिवांगी (जिन्हें घर में 'छोटी' नाम से पुकारा जाता है) की शादी को लेकर वे बेहद उत्साहित हैं और परिवार के सभी सदस्य व बच्चे उनसे स्नेह रखते हैं. इस अवसर पर उन्होंने अपने होने वाले साडू ऋषिकेश कुमार को भी बधाई दी.
अलग पहचान को लेकर चर्चा
अनंत सिंह के परिवार को लेकर अक्सर राजनीति, दबदबा और बाहुबली छवि जैसी चर्चाएं होती रहती हैं, लेकिन कुमार पुनीत की पृष्ठभूमि और करियर मार्ग एक अलग तस्वीर पेश करता है. राजनीतिक परिवार से जुड़े होने, यूपीएससी पास कर प्रशासनिक सेवा में जाने और फिलहाल राजनीति में आने से इनकार करने के कारण सोशल मीडिया पर उनके बारे में जानने को लेकर खासी दिलचस्पी बनी हुई है.
ADVERTISEMENT


