8th pay commission का आने वाले चुनावों से क्या है कनेक्शन?

राजू झा

• 04:32 PM • 30 Sep 2026

8वें वेतन आयोग के गठन में हो रही देरी को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों में सुगबुगाहट तेज हो गई है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस देरी और बकाया डीए एरियर जैसे मुद्दों का सीधा प्रभाव 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के समीकरणों पर पड़ेगा.

8th Pay Commission
8th Pay Commission
Google CTA

8वें वेतन आयोग को लेकर देश के लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बीच बेसब्री बनी हुई है. आयोग के काम में हो रही देरी को लेकर कर्मचारियों के मन में कई सवाल हैं. क्या 8वें वेतन आयोग का सीधा संबंध आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों से है? क्या सरकार चुनावी फायदों को ध्यान में रखकर इस पर फैसले ले रही है? News Tak की खास बातचीत में कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने इस पूरे गणित और चुनावी कनेक्शन पर खुलकर चर्चा की.

Read more!

क्यों हो रही है 8वें वेतन आयोग के काम में देरी?

अक्सर ये सवाल उठता है कि अगर मई 2027 तक की सीमा है, तो आयोग का काम धीमी गति से क्यों चल रहा है? इस पर विशेषज्ञों का मानना है कि वेतन आयोग का काम बहुत व्यापक होता है. केंद्र सरकार के अधीन लगभग 55 मंत्रालय हैं, जिनमें लाखों कर्मचारी और पेंशनभोगी कार्यरत हैं. मणिपुर से लेकर हिमाचल प्रदेश तक फैले कर्मचारियों की अलग-अलग पदोन्नति, समस्याओं और मांगों को सुनना और नोट करना एक लंबी प्रक्रिया है. यदि हर स्टेकहोल्डर की बात नहीं सुनी जाएगी, तो यह उनके साथ अन्याय होगा.

कर्मचारियों में क्यों बढ़ रही है नाराजगी?

संवाददाता से बातचीत में कर्मचारी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि लगातार कुछ मुद्दों के कारण कर्मचारियों के बीच सरकार के प्रति नकारात्मक संदेश जा रहा है:

  • वेतन आयोग के गठन में देरी: 8वें वेतन आयोग की घोषणा में 8-10 महीने का विलंब होना.
  • 18 महीने का डीए एरियर: कोरोना काल के दौरान रोके गए 18 महीने के डीए एरियर (DA Arrears) का भुगतान न होना.
  • बेसिक सैलरी में डीए का विलय न होना: महंगाई भत्ता (DA) 50% के पार पहुंचने के बावजूद इसे मूल वेतन (Basic Salary) में न मिलाया जाना.

कर्मचारी संघों की मांग है कि सरकार को इन मुद्दों को जल्द सुलझाना चाहिए ताकि कर्मचारियों के बीच सकारात्मक संदेश जाए.

यूपी विधानसभा चुनाव 2027: क्यों है सबसे बड़ा प्रभाव?

रिपोर्ट में बताया गया कि 8वें वेतन आयोग का सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 पर देखने को मिल सकता है.

  • बड़ा वोट बैंक: यूपी में करीब 19 से 20 लाख सरकारी कर्मचारी हैं. अगर उनके परिवारों को जोड़ा जाए, तो यह आंकड़ा 1 करोड़ से अधिक वोटरों तक पहुंच जाता है.
  • इंपैक्ट का दायरा: चूंकि यूपी जैसे राज्य में कर्मचारियों की संख्या एक सीमित भौगोलिक दायरे (कंजस्टेड एरिया) में ज्यादा है, इसलिए यहां कर्मचारी असंतोष या संतुष्टि का सीधा असर चुनावों पर पड़ता है.
  • अहम मुद्दे: पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, टीईटी (TET) की अनिवार्यता, डीए का बेसिक में विलय और डीए एरियर जैसे 4-5 मुख्य मुद्दे हैं. यदि सरकार इनमें से 50% मांगें भी पूरी कर देती है, तो कर्मचारी सरकार के पक्ष में खड़े दिखाई दे सकते हैं.

क्या 8वें वेतन आयोग का असर 2029?

विशेषज्ञों के मुताबिक, लोकसभा चुनावों पर इसका असर विधानसभा चुनावों जितना असरदार नहीं होता. देशभर में केंद्र सरकार के लगभग 50 लाख कर्मचारी हैं, लेकिन वे पूरे भारत के अलग-अलग राज्यों और बड़े महानगरों में बिखरे हुए हैं. लोकसभा क्षेत्र बड़ा होता है, जिससे यह वोट बैंक बंट जाता है. इसलिए, लोकसभा चुनाव के मुकाबले यूपी, राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्यों के विधानसभा चुनावों में वेतन आयोग का प्रभाव कहीं अधिक मजबूत और निर्णायक होता है.

ये भी पढ़ें: Reliance का बड़ा नाम, अब लेगा Rajya Sabha में एंट्री ? Dhanraj Nathwani