8th Pay Commission Pension Hike: 8वें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की उम्मीदें लगातार बढ़ रही हैं. इस बार मामला सिर्फ सैलरी बढ़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली पेंशन में भी बड़े बदलाव की मांग की जा रही है. कर्मचारी संगठनों ने सरकार के सामने दो ऐसे प्रस्ताव रखे हैं, जिन पर मुहर लगती है तो पेंशन का पूरा गणित बदल सकता है. इनमें पहला है पेंशन की मौजूदा दर को 50 फीसदी से बढ़ाकर 67 फीसदी करना और दूसरा है फिटमेंट फैक्टर को बढ़ाकर 3.83 करना. अगर ये दोनों मांगें स्वीकार हो जाती हैं, तो कुछ वेतन स्तरों पर पेंशन में भारी उछाल देखने को मिल सकता है. हालांकि, ये अभी सिर्फ मांगें हैं और अंतिम फैसला सरकार को लेना है.
ADVERTISEMENT
8वें वेतन आयोग में पेंशन बढ़ाने की क्या हैं दो बड़ी मांगें?
आठवें वेतन आयोग का गठन नवंबर 2025 में किया गया था. आयोग को अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है. इस हिसाब से मई 2027 तक रिपोर्ट जमा करने की समयसीमा है. अब कर्मचारी संगठनों और पेंशनर एसोसिएशन की ओर से अपनी मांगें आयोग के सामने रखी जा रही हैं. इन मांगों में सबसे ज्यादा चर्चा दो प्रस्तावों की हो रही है. पहला, पुरानी पेंशन योजना यानी OPS को फिर से लागू करना और दूसरा, पेंशन की गणना के मौजूदा फॉर्मूले में बदलाव करना.
भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) ने सभी केंद्रीय कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की है. वहीं नेशनल काउंसिल ऑफ जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) ने मौजूदा पेंशन दर को आखिरी बेसिक सैलरी के 50 फीसदी से बढ़ाकर 67 फीसदी करने का प्रस्ताव दिया है. इसके अलावा फैमिली पेंशन को भी 30 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसदी करने की मांग रखी गई है. ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉइज फेडरेशन (AIDEF) और भारत पेंशनर्स समाज समेत दूसरे संगठनों ने भी पेंशन से जुड़े नियमों में बदलाव की मांग उठाई है.
50% की जगह 67% पेंशन मिलने पर कितना होगा फायदा?
फिलहाल पुरानी पेंशन व्यवस्था के तहत पेंशन की गणना कर्मचारी की आखिरी बेसिक सैलरी के 50 फीसदी या पिछले 10 महीनों की औसत बेसिक सैलरी के आधार पर की जाती है. इसमें जो राशि ज्यादा होती है, उसे पेंशन तय करने का आधार बनाया जाता है. अब कर्मचारी संगठनों की मांग है कि इस दर को बढ़ाकर 67 फीसदी कर दिया जाए. इससे रिटायर होने वाले कर्मचारियों की मासिक पेंशन में सीधा इजाफा हो सकता है. इसे एक उदाहरण से समझते हैं. मान लीजिए किसी कर्मचारी की आखिरी बेसिक सैलरी 56,100 रुपये है. मौजूदा 50 फीसदी पेंशन फॉर्मूले के हिसाब से उसकी बेसिक पेंशन 28,050 रुपये होगी. लेकिन अगर 67 फीसदी पेंशन वाली मांग स्वीकार कर ली जाती है, तो यही पेंशन बढ़कर करीब 37,587 रुपये हो जाएगी.
| पेंशन का कैलकुलेशन | रकम |
| आखिरी बेसिक सैलरी | 56,100 रुपये |
| मौजूदा पेंशन दर | 50% |
| मौजूदा बेसिक पेंशन | 28,050 रुपये |
| प्रस्तावित पेंशन दर | 67% |
| प्रस्तावित बेसिक पेंशन | 37,587 रुपये |
| मासिक अंतर | करीब 9,537 रुपये |
यानी इस उदाहरण में हर महीने करीब 9,537 रुपये की अतिरिक्त बेसिक पेंशन मिल सकती है. हालांकि, यह लाभ तभी मिलेगा जब सरकार 67 फीसदी पेंशन के प्रस्ताव को मंजूरी देगी.
फिटमेंट फैक्टर 3.83 हुआ तो कितनी बढ़ेगी सैलरी?
पेंशन बढ़ाने की दूसरी बड़ी मांग फिटमेंट फैक्टर को लेकर है. फिटमेंट फैक्टर वह गुणांक होता है, जिसकी मदद से पुराने बेसिक वेतन को नए वेतनमान में बदला जाता है. आठवें वेतन आयोग में कर्मचारी संगठन इसे बढ़ाकर 3.83 करने की मांग कर रहे हैं. इससे पहले छठे वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 1.86 था. सातवें वेतन आयोग में इसे बढ़ाकर 2.57 कर दिया गया था. इसी बदलाव के बाद न्यूनतम बेसिक सैलरी 7,000 रुपये से बढ़कर 18,000 रुपये हो गई थी. अब अगर 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मांग मान ली जाती है, तो न्यूनतम बेसिक सैलरी में बड़ी बढ़ोतरी हो सकती है.
इसे इस फॉर्मूले से समझिए:
नई बेसिक सैलरी = मौजूदा बेसिक सैलरी × फिटमेंट फैक्टर.
| विवरण | रकम |
| मौजूदा न्यूनतम बेसिक सैलरी | 18,000 रुपये |
| प्रस्तावित फिटमेंट फैक्टर | 3.83 |
| संभावित नई बेसिक सैलरी | 68,940 रुपये |
इस हिसाब से न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये से बढ़कर 68,940 रुपये हो सकती है. हालांकि, यह कर्मचारी संगठनों की मांग पर आधारित अनुमान है, इसे सरकार की ओर से घोषित नई सैलरी नहीं समझना चाहिए.
56,100 रुपये बेसिक सैलरी वालों की पेंशन 1.43 लाख रुपये से ज्यादा?
अब समझते हैं कि फिटमेंट फैक्टर और पेंशन की दर, दोनों मांगें मान ली जाती हैं तो पेंशन का आंकड़ा कहां तक पहुंच सकता है. सातवें वेतन आयोग के तहत 56,100 रुपये बेसिक सैलरी पाने वाले लेवल-10 कर्मचारी का उदाहरण लेते हैं. अगर इस बेसिक सैलरी पर 3.83 फिटमेंट फैक्टर लागू किया जाए, तो नई बेसिक सैलरी का कैलकुलेशन इस तरह होगा.
56,100 × 3.83 = 2,14,863 रुपये.
अब अगर इसी संशोधित बेसिक सैलरी पर 67 फीसदी पेंशन का फॉर्मूला लागू होता है, तो गणना कुछ इस तरह होगी.
2,14,863 × 67% = करीब 1,43,958 रुपये.
यानी इस उदाहरण में कर्मचारी की बेसिक पेंशन करीब 1.44 लाख रुपये तक पहुंच सकती है.
| कैलकुलेशन | रकम |
| मौजूदा बेसिक सैलरी | 56,100 रुपये |
| फिटमेंट फैक्टर | 3.83 |
| संभावित नई बेसिक सैलरी | 2,14,863 रुपये |
| प्रस्तावित पेंशन दर | 67% |
| संभावित बेसिक पेंशन | 1,43,958 रुपये |
यहां ध्यान रखना जरूरी है कि यह एक उदाहरण आधारित गणना है. इसमें फिटमेंट फैक्टर 3.83 और पेंशन 67 फीसदी मानकर कैलकुलेशन किया गया है. सरकार इन मांगों को स्वीकार करती है या नहीं, यह अभी तय नहीं है. इसके अलावा वास्तविक पेंशन की गणना लागू नियमों और अंतिम वेतन आयोग की सिफारिशों पर निर्भर करेगी.
फैमिली पेंशन में भी बढ़ोतरी की मांग
आठवें वेतन आयोग के सामने सिर्फ कर्मचारियों की पेंशन बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं है, बल्कि परिवार को मिलने वाली पेंशन में भी बदलाव की मांग की गई है. फिलहाल फैमिली पेंशन की सामान्य दर आखिरी बेसिक सैलरी का 30 फीसदी है. कर्मचारी संगठनों ने इसे बढ़ाकर 50 फीसदी करने का प्रस्ताव दिया है. अगर इस मांग को मंजूरी मिलती है, तो किसी कर्मचारी की मृत्यु के बाद उसके पात्र परिवार को पहले के मुकाबले ज्यादा पेंशन मिल सकती है. इसके अलावा OPS को दोबारा लागू करने की मांग भी एक बड़ा मुद्दा बनी हुई है. हालांकि, OPS की बहाली और पेंशन की दर में बदलाव दो अलग-अलग नीतिगत फैसले हैं. इन पर सरकार का अंतिम रुख आने के बाद ही कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलने वाले वास्तविक लाभ की तस्वीर साफ होगी.
मई 2027 तक सामने आ सकती है तस्वीर
आठवें वेतन आयोग के गठन के बाद आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार करने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है. इस हिसाब से मई 2027 तक रिपोर्ट सरकार को सौंपे जाने की समयसीमा है. फिलहाल कर्मचारी संगठन अपनी मांगें आयोग के सामने रख रहे हैं. फिटमेंट फैक्टर 3.83 करना, पेंशन को 67 फीसदी तक बढ़ाना, फैमिली पेंशन में बदलाव और OPS बहाल करना इनमें प्रमुख मांगें हैं.
कुल मिलाकर आठवें वेतन आयोग से केंद्रीय कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनर्स को भी काफी उम्मीदें हैं. अगर सरकार इन प्रस्तावों पर सकारात्मक फैसला लेती है, तो सैलरी और पेंशन दोनों के कैलकुलेशन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. लेकिन अभी 1.43 लाख रुपये पेंशन मिलने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. यह केवल प्रस्तावित फॉर्मूले पर आधारित उदाहरण है.
ADVERTISEMENT

