8th Pay Commission: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट का इंतजार है. हर किसी के मन में सवाल है कि नई सैलरी कितनी बढ़ेगी, फिटमेंट फैक्टर क्या होगा और पेंशन में कितना बदलाव आएगा. इस बीच आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नए नोटिस और सूचनाओं से इसकी तैयारियों को लेकर कुछ अहम जानकारियां सामने आई हैं.
ADVERTISEMENT
जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित 8वां वेतन आयोग देशभर में कर्मचारियों और पेंशनर्स के संगठनों के साथ बैठक कर रहा है. आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था. इसके बाद से आयोग ने अपनी प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए अलग-अलग संगठनों से सुझाव और मांगें लेना शुरू कर दिया है.
रिपोर्ट सौंपने के लिए मिला है 18 महीने का समय
8वें वेतन आयोग में कुल तीन सदस्य हैं. टर्म्स ऑफ रेफरेंस के मुताबिक, आयोग को गठन की तारीख से 18 महीने के भीतर अपनी अंतिम रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपनी है. इस समय में आयोग को कर्मचारियों की सैलरी, भत्तों और पेंशन से जुड़े मुद्दों पर विचार करना है.
इसके लिए आयोग लगातार कर्मचारी और पेंशनर्स संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहा है. अब तक नेशनल काउंसिल-जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM), भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) और फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गनाइजेशन (FNPO) जैसे संगठनों के साथ बैठकें हो चुकी हैं.
ये बैठकें नई दिल्ली, लद्दाख, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित की गई हैं. इन बैठकों का मकसद कर्मचारियों और पेंशनर्स की समस्याओं को समझना और उनकी मांगों को आयोग के सामने रखना है.
फिटमेंट फैक्टर से लेकर पेंशन तक की मांग
बैठकों में कर्मचारी संगठनों ने कई अहम मुद्दे उठाए हैं. इनमें फिटमेंट फैक्टर, न्यूनतम वेतन, भत्तों और पेंशन में संशोधन की मांग शामिल है. नेशनल काउंसिल-जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) की ओर से 3.833 फिटमेंट फैक्टर का प्रस्ताव भी रखा गया है. इसके अलावा कर्मचारी संगठन चाहते हैं कि नए वेतन आयोग में उनकी सैलरी और पेंशन से जुड़े मुद्दों पर उचित फैसला लिया जाए.
14 नवंबर तक रिपोर्ट को लेकर क्या अपडेट आया?
14 नवंबर 2026 तक 8वें वेतन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट 8cpc.gov.in के 'What's New' सेक्शन में जारी सूचनाओं से पता चलता है कि आयोग अपनी प्रशासनिक और रिसर्च से जुड़ी तैयारियों को मजबूत करने में जुटा है.आयोग की ओर से देश के प्रमुख शहरों में आयोजित बैठकों के जरिए मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों को अपनी मांगें और सुझाव सीधे रखने का मौका दिया गया है.
हालांकि, अभी तक आयोग की वेबसाइट पर फिटमेंट फैक्टर, न्यूनतम वेतन और कर्मचारियों की सैलरी में संभावित बढ़ोतरी को लेकर कोई अंतिम जानकारी नहीं दी गई है. महंगाई भत्ते (DA) को बेसिक सैलरी में मर्ज करने को लेकर भी कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है. रिपोर्ट कब जारी होगी, इस पर भी आयोग ने कोई निश्चित तारीख नहीं बताई है. हालांकि, जानकारों का अनुमान है कि आयोग अगले साल यानी 2027 तक अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंप सकता है.
रिपोर्ट आने के बाद क्या होगा?
8वां वेतन आयोग अपनी अंतिम रिपोर्ट तैयार करके केंद्र सरकार को सौंपेगा. इसके बाद रिपोर्ट को केंद्रीय कैबिनेट के सामने रखा जाएगा. सरकार रिपोर्ट में की गई सिफारिशों पर विचार करेगी और फिर वेतन, पेंशन तथा भत्तों में बदलाव को लेकर फैसला लेगी. कर्मचारियों की वास्तविक सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी, यह फिटमेंट फैक्टर और दूसरे भत्तों से जुड़े फैसलों पर निर्भर करेगा. इसमें महंगाई भत्ता (DA) और हाउस रेंट अलाउंस (HRA) जैसे घटक भी अहम होंगे. फिलहाल कर्मचारियों और पेंशनर्स को आयोग की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार करना होगा. जब तक आयोग अपनी सिफारिशें नहीं सौंपता और सरकार उन पर फैसला नहीं लेती, तब तक सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी को लेकर स्थिति साफ नहीं होगी.
ADVERTISEMENT

