Airtel का बड़ा झटका! ₹299 वाला रिचार्ज बंद, अब ₹349 में होगा रिचार्ज

NewsTak Web

• 04:45 PM • 12 Aug 2026

एयरटेल ने 299 रुपये वाला प्रीपेड प्लान बंद कर 349 रुपये का नया पैक शुरू किया है. इससे खर्च 50 रुपये बढ़ा है, लेकिन रोज का डेटा 1 जीबी से 2 जीबी हो गया.

NewsTak
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

Airtel ने ₹299 वाला प्रीपेड प्लान बंद किया

नए ₹349 प्लान में 1GB की जगह 2GB डेटा रोजाना मिलेगा

Airtel ने ₹579, ₹619 और ₹649 वाले प्लान भी बंद किए

Airtel का फोकस कम कीमत वाले प्लान घटाकर ARPU बढ़ाने पर है

अगर आप Bharti Airtel का ₹299 वाला प्रीपेड रिचार्ज इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है. कंपनी ने ₹299 वाले प्लान को बंद कर दिया है. इसकी जगह अब ₹349 वाला प्लान एंट्री-लेवल डेली डेटा पैक के तौर पर दिया जा रहा है. यानी अब रोजाना डेटा वाले इस प्लान के लिए ग्राहकों को पहले के मुकाबले ₹50 ज्यादा खर्च करने होंगे. यह करीब 16.7% की बढ़ोतरी है.

Read more!

सिर्फ कीमत नहीं बढ़ी, डेटा भी दोगुना

₹299 वाले पुराने प्लान में ग्राहकों को 1GB डेटा रोजाना मिलता था. अब ₹349 के नए प्लान में 2GB डेटा रोजाना दिया जा रहा है. यानी Airtel ने कीमत बढ़ाने के साथ डेटा भी दोगुना किया है. कंपनी की कोशिश ज्यादा कीमत वाले प्लान की तरफ ग्राहकों को शिफ्ट करने की है. इसके साथ ही Airtel ने ₹579, ₹619 और ₹649 जैसे कुछ दूसरे प्रीपेड प्लान भी बंद किए हैं. कंपनी ने देशभर में अपने प्रीपेड पोर्टफोलियो में बदलाव किया है.

Airtel की कमाई बढ़ाने की रणनीति

इस बदलाव को कंपनी की ARPU बढ़ाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. ARPU यानी Average Revenue Per User, मतलब कंपनी को हर ग्राहक से औसतन कितनी कमाई होती है. Airtel का मोबाइल ARPU वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में ₹264 पहुंच गया है. एक साल पहले यह ₹250 था. यानी ARPU में सालाना आधार पर करीब 5.6% की बढ़ोतरी हुई है. कंपनी लंबे समय से ARPU को ₹300 के पार ले जाने पर जोर देती रही है. ऐसे में कम कीमत वाले प्लान हटाकर ग्राहकों को ज्यादा कीमत वाले पैक की तरफ ले जाना कंपनी की इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.

Q1 में भी Airtel का दमदार प्रदर्शन

Airtel ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में मजबूत नतीजे पेश किए थे. कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 18.4% बढ़कर ₹58,539 करोड़ हो गया. वहीं नेट प्रॉफिट 37.3% बढ़कर ₹8,167 करोड़ रहा. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा ₹5,948 करोड़ था. ऐसे में अब टैरिफ और प्लान में बदलाव के जरिए कंपनी अपनी कमाई और मार्जिन को और मजबूत करने की कोशिश कर रही है.

ग्राहकों पर क्या असर होगा?

इस बदलाव का सबसे सीधा असर उन ग्राहकों पर पड़ेगा जो कम कीमत में रोजाना डेटा वाला प्लान लेना चाहते हैं. अब उन्हें ₹299 की जगह कम से कम ₹349 खर्च करने होंगे. हालांकि, नए प्लान में डेटा 1GB से बढ़कर 2GB रोजाना हो गया है. इसलिए ज्यादा डेटा इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए यह बदलाव पूरी तरह नकारात्मक नहीं है. लेकिन जो ग्राहक कम डेटा इस्तेमाल करते हैं और सिर्फ सस्ते डेली डेटा प्लान की तलाश में रहते हैं, उनके लिए ₹50 की अतिरिक्त लागत जरूर बढ़ गई है.

Jio और Vi पर भी नजर

Airtel के इस कदम से टेलीकॉम सेक्टर में टैरिफ बढ़ाने की चर्चा फिर तेज हो सकती है. अब नजर Reliance Jio और Vodafone Idea पर रहेगी कि वे अपने सस्ते प्लान में क्या बदलाव करते हैं. अगर दूसरी कंपनियां भी कम कीमत वाले प्लान हटाकर महंगे पैक की तरफ बढ़ती हैं, तो पूरे सेक्टर में ARPU बढ़ने की संभावना मजबूत हो सकती है. हालांकि, Airtel के लिए सबसे बड़ा जोखिम यह रहेगा कि ज्यादा कीमत की वजह से कुछ ग्राहक सस्ते प्लान या दूसरे ऑपरेटर की तरफ शिफ्ट न हो जाएं. कुल मिलाकर, ₹299 से ₹349 का बदलाव Airtel की सिर्फ रिचार्ज कीमत बढ़ाने की कवायद नहीं है. कंपनी कम कीमत वाले ग्राहकों को ज्यादा वैल्यू वाले प्लान में शिफ्ट कर अपनी प्रति ग्राहक कमाई बढ़ाने की कोशिश कर रही है.