Airtel यूजर्स को झटका! पोस्टपेड प्लान हुए महंगे, जानिए अब कितने का होगा बिल

न्यूज तक डेस्क

• 03:47 PM • 07 Oct 2026

Airtel ने पोस्टपेड प्लान की कीमतों में ₹50 की बढ़ोतरी की है. नए प्लान 8 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे. अब सबसे सस्ता पोस्टपेड प्लान ₹499 का होगा. बदले में हर सिम को साल में एक बार पांच दिन की फ्री इंटरनेशनल रोमिंग मिलेगी.

NewsTak
Google CTA

Airtel Postpaid Plans Hike: अगर आप भी एयरटेल का पोस्टपेड कनेक्शन इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. कंपनी ने अपने सभी पोस्टपेड प्लान्स को महंगा कर दिया है. अब आपको हर महीने अपने बिल पर पहले से ज्यादा रुपये चुकाने होंगे. इस नए बदलाव से आपकी जेब पर सालभर में ₹600 का अतिरिक्त बोझ बढ़ जाएगा. जैसे ही एयरटेल ने अपने प्लान्स महंगे किए, शेयर बाजार में कंपनी के शेयर उछल गए और एयरटेल को सीधा मुनाफा हुआ. लेकिन आम ग्राहकों के लिए मंथली बजट संभालना थोड़ा मुश्किल हो गया है.

Read more!

हालांकि, एयरटेल ने इस बढ़ी हुई कीमत के बदले में एक नया फायदा भी दिया है. अब सभी पोस्टपेड यूजर्स को साल में एक बार बिल्कुल फ्री में इंटरनेशनल रोमिंग की सुविधा मिलेगी. कंपनी के ये नए रेट्स 8 अक्टूबर 2026 से लागू हो रहे हैं. भले ही फ्री रोमिंग का ऑफर मिल रहा हो, लेकिन सच यह है कि बहुत कम लोग ही विदेश यात्रा करते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से अपील की थी कि वे बेवजह की अंतर्राष्ट्रीय यात्राओं से बचें और देश के अंदर ही घूमें.

एयरटेल प्लान में ₹50 की बढ़ोतरी, जानें क्या नया मिला

एयरटेल ने अपने पोस्टपेड प्लान्स में हर महीने ₹50 का इजाफा किया है. इसके साथ ही कंपनी ने नए प्लान्स को एक बड़े फायदे के साथ पेश किया है. सबसे बड़ा बदलाव विदेश यात्रा करने वालों के लिए हुआ है. एयरटेल अब हर नए पोस्टपेड प्लान में साल में एक इंटरनेशनल ट्रिप के लिए फ्री रोमिंग पैक दे रहा है. कंपनी का दावा है कि इस फ्री रोमिंग पैक की कीमत बाजार में लगभग ₹2,000 के आसपास है.

सरल शब्दों में कहें तो एयरटेल ने आपका मंथली बिल तो बढ़ा दिया है, लेकिन बदले में ऐसा ऑफर दिया है जो सिर्फ विदेश जाने वालों के काम का है. अगर आप साल में एक बार भी विदेश जाते हैं, तो यह फ्री रोमिंग आपके बढ़ाए गए ₹50 के बिल को सही ठहरा सकती है. लेकिन अगर आप कभी विदेश नहीं जाते, तो यह नया फैसला आपके लिए केवल एक सीधा नुकसान और महंगा सौदा साबित होगा.

अब कितने का मिलेगा एयरटेल का सबसे सस्ता पोस्टपेड प्लान?

कीमतें बढ़ने के बाद अब एयरटेल का सबसे सस्ता पोस्टपेड प्लान ₹499 से शुरू होगा. यह प्लान एक व्यक्ति के लिए है. इसमें आपको अनलिमिटेड कॉलिंग और डेटा के साथ-साथ स्पैम और फ्रॉड कॉल्स से सुरक्षा भी मिलती है. इसके अलावा, इसमें Xstream Play Premium और Google One जैसे डिजिटल ऐप्स का सब्सक्रिप्शन भी दिया जा रहा है.

यदि आपके पास फैमिली प्लान है, तो अब ₹749 का प्लान 2 सिम कनेक्शंस के साथ आएगा. इसी तरह ₹1,049 वाले प्लान में 3 सिम, ₹1,249 और ₹1,449 वाले प्लान में 4 सिम और ₹1,799 वाले प्लान में 5 सिम शामिल रहेंगे. अलग-अलग फैमिली प्लान्स के हिसाब से Amazon Prime, JioHotstar, Apple Music, Apple iCloud+, Netflix और Xstream Play Premium के सब्सक्रिप्शन भी मिलेंगे.

फैमिली के हर मेंबर को मिलेगी फ्री इंटरनेशनल रोमिंग

एयरटेल ने इस बार अपना पूरा दांव इंटरनेशनल रोमिंग पर लगाया है. नए प्लान्स में जुड़े हर सिम कार्ड को साल में एक बार 5 दिन का फ्री इंटरनेशनल रोमिंग पैक दिया जाएगा. इस 5 दिन के पैक में 5GB मोबाइल डेटा, 60 मिनट की कॉलिंग, 25 फ्री आउटगोइंग SMS और अनलिमिटेड फ्री इनकमिंग SMS की सुविधा मिलेगी.

इस ऑफर की सबसे अच्छी बात यह है कि आपको इसे तुरंत एक्टिवेट करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. जब भी आप भविष्य में किसी विदेश यात्रा पर जाएं, तब अपनी सुविधा के अनुसार इस 5 दिन वाले पैक को चालू कर सकते हैं. उदाहरण के लिए, अगर आपने अक्टूबर में यह प्लान लिया और आप दिसंबर में विदेश जा रहे हैं, तो आप दिसंबर में ही इसका इस्तेमाल कर सकते हैं.

फैमिली पोस्टपेड प्लान लेने वाले परिवारों के लिए यह फायदा और भी बड़ा है. एयरटेल के मुताबिक, फैमिली प्लान में शामिल हर एक सिम को साल में एक बार फ्री इंटरनेशनल रोमिंग ट्रिप मिलेगी. अगर आपके फैमिली प्लान में 4 सिम चल रहे हैं, तो परिवार के चारों सदस्य इस फ्री सेवा का लाभ उठा सकेंगे.

पुराने और मौजूदा एयरटेल ग्राहकों का क्या होगा?

यह नया बदलाव सिर्फ नए ग्राहक बनने वालों के लिए नहीं है. एयरटेल के अनुसार, मौजूदा ग्राहक भी चाहें तो एयरटेल ऐप या नजदीकी एयरटेल स्टोर पर जाकर इन नए पोस्टपेड प्लान्स पर खुद को अपग्रेड कर सकते हैं. पुराने और मौजूदा पोस्टपेड यूजर्स को अगले 1 महीने के अंदर अपने आप इन नई कीमतों वाले प्लान्स में शिफ्ट कर दिया जाएगा.