Ambuja Cements Q1 Results: मुनाफा 34% लुढ़का, आय भी घटी... फिर भी क्यों दिख रहा है भविष्य मजबूत?

संदीप शर्मा

• 04:24 PM • 28 Jul 2026

अंबुजा सीमेंट्स के क्यू1 नतीजों में आय और मुनाफा सालाना आधार पर नरम रहे, लेकिन लागत घटी, एबिट्डा प्रति टन बढ़ा और हरित ऊर्जा से कंपनी ने विस्तार रफ्तार बरकरार रखी.

NewsTak
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

Q1 में मुनाफा और आय दोनों में गिरावट

EBITDA Margin में सुधार, 206 रुपये/टन लागत घटी

कुल आय में प्रीमियम प्रोडक्ट्स की हिस्सेदारी 34%

Ambuja Cements ने 30 जून 2026 को खत्म तिमाही के नतीजे जारी किए हैं. कंपनी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में उसका कामकाज मजबूत रहा और मुनाफे पर दबाव के बीच भी लागत घटाने में मदद मिली. कंपनी ने कहा कि ज्यादा ट्रेड बिक्री, प्रीमियम उत्पादों की हिस्सेदारी और लागत पर कंट्रोल से नतीजों को सहारा मिला.

Read more!

Q1 नतीजे कैसे रहे?

Ambuja Cements का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 33.6% घटकर ₹577 करोड़ रह गया. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने ₹869 करोड़ का मुनाफा कमाया था. ऑपरेशंस से आय 7.5% घटकर ₹9,474 करोड़ रही, जो एक साल पहले ₹10,244 करोड़ थी. हालांकि ऑपरेटिंग स्तर पर कंपनी का प्रदर्शन पूरी तरह कमजोर नहीं रहा. ऑपरेटिंग EBITDA ₹1,589 करोड़ रहा. EBITDA Margin 16.7% रहा, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 3.3 प्रतिशत बेहतर है. जून तिमाही में बिक्री 17.1 मिलियन टन रही.

मुनाफा क्यों घटा?

पहली नजर में मुनाफे में 34% की गिरावट चिंता पैदा करती है. कंपनी को मिडिल ईस्ट तनाव के कारण एनर्जी कॉस्ट और दूसरी इनपुट कॉस्ट पर दबाव झेलना पड़ा. इसके अलावा सीमेंट सेक्टर में कीमतों का दबाव भी बना रहा, जिसका असर आय और मुनाफे दोनों पर पड़ा यानी कंपनी का कारोबार जारी रहा, लेकिन लागत बढ़ने से कमाई पर असर पड़ा.

नतीजों की पॉजिटिव बातें

  • EBITDA Margin में मजबूत सुधार:  कंपनी का EBITDA मार्जिन बढ़कर 16.7% हो गया. इसका मतलब है कि ऑपरेटिंग स्तर पर कंपनी की दक्षता बेहतर हुई है
  • लागत में बड़ी कटौती: कंपनी ने लगातार लागत घटाने की रणनीति पर काम किया और ₹206 प्रति टन की लागत बचाने में सफलता हासिल की
  • प्रीमियम प्रोडक्ट्स की हिस्सेदारी बढ़ी:  कुल बिक्री में प्रीमियम उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़कर 34% हो गई. इससे भविष्य में बेहतर मार्जिन मिलने की संभावना बढ़ती है

आगे की रणनीति क्या है?

Ambuja Cements का कहना है कि FY27 के अंत तक वह अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 119 MTPA करने की योजना पर काम कर रही है.
इसके लिए कंपनी कई नए प्लांट और विस्तार परियोजनाओं पर काम कर रही है.इसके अलावा कंपनी का लक्ष्य FY27 के अंत तक लागत को घटाकर ₹4,250 प्रति टन तक लाना है.

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनोद बहेती ने कहा कि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव से लागत पर अस्थायी दबाव बना, लेकिन कंपनी ने ऊर्जा दक्षता, कम क्लिंकर फैक्टर और लागत प्रबंधन के सहारे प्रति टन लागत 206 रुपये घटाई. कंपनी के मुताबिक, इसी वजह से पिछली तिमाही के मुकाबले एबिट्डा मार्जिन में 3.31 प्रतिशत अंक का सुधार हुआ.

Ambuja Cements के पहली तिमाही के नतीजों में एक तरफ सालाना आधार पर बिक्री, आय और शुद्ध मुनाफे में नरमी दिखी, तो दूसरी तरफ पिछली तिमाही के मुकाबले मार्जिन, प्रति टन एबिट्डा और लागत नियंत्रण में सुधार नजर आया. कंपनी अब क्षमता बढ़ाने, हरित ऊर्जा, कम कार्बन सीमेंट और लागत घटाने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है.