शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए IPO से जुड़ी एक बड़ी खबर आई है. आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला की बेटी अनन्या बिड़ला की कंपनी स्वतंत्र माइक्रोफिन अब शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है. कंपनी को 3,000 करोड़ रुपये का IPO लाने के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड यानी SEBI से मंजूरी मिल गई है.
ADVERTISEMENT
इसके साथ ही कंपनी के शेयर बाजार में लिस्ट होने का रास्ता साफ हो गया है. स्वतंत्र माइक्रोफिन देश की दूसरी सबसे बड़ी माइक्रोफाइनेंस कंपनी है. कंपनी के अलावा नोबल हाइजीन समेत 7 अन्य कंपनियों को भी SEBI से IPO लाने की मंजूरी मिली है.
₹3,000 करोड़ का होगा स्वतंत्र माइक्रोफिन का IPO
स्वतंत्र माइक्रोफिन के ड्राफ्ट दस्तावेजों के मुताबिक, कंपनी का IPO कुल 3,000 करोड़ रुपये का होगा. इसमें 1,500 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे. वहीं, मौजूदा शेयरधारक ऑफर फॉर सेल यानी OFS के जरिए 1,500 करोड़ रुपये तक के शेयर बेचेंगे. कंपनी के शेयर BSE और NSE, दोनों स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है. IPO से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कंपनी अपनी टियर-1 पूंजी बढ़ाने में करेगी.
टियर-1 पूंजी किसी वित्तीय संस्थान की मुख्य पूंजी होती है. इससे कंपनी को अपने कारोबार का विस्तार करने और भविष्य में ग्राहकों को कर्ज देने के लिए जरूरी वित्तीय संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी.
अनन्या बिड़ला हैं कंपनी की चेयरपर्सन
स्वतंत्र माइक्रोफिन की चेयरपर्सन और नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनन्या बिड़ला हैं. कंपनी की शुरुआत साल 2011 में हुई थी. इसे भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI की ओर से शुरू किए गए NBFC-MFI लाइसेंस को हासिल करने वाली पहली कंपनी होने का गौरव मिला था.
कंपनी का मुख्य कारोबार माइक्रोफाइनेंस लोन देना है. माइक्रोफाइनेंस के तहत आमतौर पर कम आय वाले लोगों और छोटे कारोबारियों को छोटी रकम का कर्ज दिया जाता है.
इसके अलावा कंपनी की सब्सिडियरी स्वतंत्र माइक्रो हाउसिंग फाइनेंस कॉरपोरेशन के जरिए किफायती घरों के लिए लोन और प्रॉपर्टी के बदले कर्ज भी दिया जाता है.
20 राज्यों और 394 जिलों में फैला है कारोबार
31 मार्च 2026 तक स्वतंत्र माइक्रोफिन का कारोबार देश के 20 राज्यों और 394 जिलों में फैला हुआ था. इस दौरान कंपनी की कुल 2,123 शाखाएं थीं. कंपनी में कुल 24,594 कर्मचारी काम कर रहे थे. इनमें 15,575 फील्ड ऑफिसर शामिल थे. कंपनी के पास 42.7 लाख सक्रिय माइक्रोफाइनेंस ग्राहक थे.
कंपनी के कारोबार में किसी एक जिले की हिस्सेदारी 2.74 फीसदी से ज्यादा नहीं थी. वहीं, किसी एक राज्य में कंपनी की हिस्सेदारी अधिकतम 23.02 फीसदी तक सीमित थी. इससे पता चलता है कि कंपनी का कारोबार कई राज्यों और जिलों में फैला हुआ है.
ADVERTISEMENT

