बिसलेरी का पानी जांच में फेल, दो लैब ने बताया असुरक्षित, FSSAI ने लिया बड़ा एक्शन

• 09:04 AM • 23 Nov 2026

FSSAI ने बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के एक सैंपल को दो अलग-अलग लैब की जांच में असुरक्षित पाया है. पहली जांच में ब्रोमेट और दूसरी में PAHs मिले. इसके बाद प्राधिकरण ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है. हालांकि, यह कार्रवाई एक खास सैंपल से जुड़ी है.

NewsTak
Google CTA

बिसलेरी का नाम आते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में पानी की बोतल आती है. रेलवे स्टेशन हो, बस स्टैंड हो या कोई दुकान, लोग अक्सर दूसरी बोतलों के मुकाबले बिसलेरी पर ज्यादा भरोसा करते हैं. लेकिन अब इसी ब्रांड के पानी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी के एक सैंपल को जांच में असुरक्षित पाया है. हैरानी की बात यह है कि पहली जांच के बाद कंपनी ने अपील की, लेकिन दूसरी लैब की रिपोर्ट में भी पानी सुरक्षित नहीं मिला. इसके बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है.

Read more!

पहले टेस्ट में क्या गड़बड़ी मिली?

FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक सैंपल लिया था. इसे जांच के लिए लैब भेजा गया. पहली रिपोर्ट में पानी के अंदर ब्रोमेट (Bromate) की मात्रा तय मानकों के मुताबिक नहीं मिली. इसके बाद सैंपल को असुरक्षित घोषित कर दिया गया. कंपनी ने इस रिपोर्ट को चुनौती दी और दोबारा जांच की मांग की. इसके बाद सैंपल को दूसरी यानी रेफरल लैब में भेजा गया. यहां भी रिपोर्ट कंपनी के पक्ष में नहीं आई.

दूसरी जांच में भी नहीं मिला साफ पानी

दूसरी लैब की जांच में पानी के अंदर पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) पाए गए. ये कई तरह के रसायनों का समूह हैं. इनमें कुछ ऐसे तत्व होते हैं, जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं. इस तरह एक ही सैंपल की दो अलग-अलग लैब में जांच हुई और दोनों ने उसे असुरक्षित बताया. पहली जांच में ब्रोमेट और दूसरी जांच में PAHs की मौजूदगी सामने आई.

क्या है ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स

ब्रोमेट (Bromate): यह एक रासायनिक पदार्थ है, जो पानी में ओजोन से ट्रीटमेंट के दौरान बन सकता है. पीने के पानी में इसकी मात्रा तय सीमा के अंदर होनी चाहिए. इसकी अधिक मात्रा लंबे समय तक शरीर में जाने पर स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है. इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर ने पोटैशियम ब्रोमेट को संभावित नहीं, बल्कि इंसानों के लिए कैंसरकारी (संभावित रूप से कैंसर पैदा करने वाला) पदार्थों की श्रेणी में रखा है.

पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs): ये कई तरह के रासायनिक पदार्थों का समूह हैं. ये मुख्य रूप से कोयला, तेल और दूसरी चीजों के अधूरे जलने से बनते हैं. कुछ PAHs को कैंसरकारी माना गया है. इनकी मौजूदगी खाने-पीने की चीजों में नहीं होनी चाहिए या तय सुरक्षा सीमा के भीतर होनी चाहिए. इसलिए पानी के सैंपल में इनका मिलना खाद्य सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जाता है.

अब बिसलेरी पर क्या कार्रवाई होगी?

दोनों जांच रिपोर्ट के आधार पर FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है. यानी अब कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का रास्ता खुल गया है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि बिसलेरी की सभी बोतलों को असुरक्षित घोषित कर दिया गया है. मामला जांच में फेल हुए एक खास सैंपल का है. अभी यह भी साफ नहीं है कि यह सैंपल किस वैरिएंट या किस पैकिंग से लिया गया था.

बिसलेरी के अलावा दूसरी कंपनियां भी कार्रवाई के घेरे में

FSSAI ने इस कार्रवाई में दूसरी कंपनियों पर भी शिकंजा कसा है. वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया, मिमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है. वहीं, उर्मी लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं. आशा कन्फेक्शनरी को अपनी चॉकलेट फिल्ड कुकीज बाजार से वापस लेने का आदेश भी दिया गया है. जांच में इन कुकीज को असुरक्षित पाया गया था.

क्या अब बिसलेरी का पानी पीना बंद कर दें?

इस खबर के बाद लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है. लेकिन अभी सामने आई जानकारी के मुताबिक, FSSAI ने बिसलेरी के एक सैंपल को असुरक्षित बताया है. कंपनी के सभी प्रोडक्ट को लेकर ऐसा कोई आदेश सामने नहीं आया है. इसलिए एक सैंपल की रिपोर्ट के आधार पर पूरे ब्रांड को असुरक्षित कहना सही नहीं होगा. फिलहाल मामला कानूनी कार्रवाई की मंजूरी तक पहुंचा है. अदालत में कंपनी के खिलाफ आरोप साबित होना अभी बाकी है.