PUC Certificate New Rules: अब 3 साल तक नहीं कराना होगा PUC, सरकार ने बदला नियम !

19 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 19 2026 5:20 PM)

पीयूसी के नए नियमों में बीएस-6 निजी और कमर्शियल गाड़ियों को राहत मिली है. जानें उम्र के हिसाब से प्रमाणपत्र कितने समय तक मान्य रहेगा और रिन्यू कराना होगा.

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

गाड़ी की उम्र पहली रजिस्ट्रेशन की तारीख से गिनी जाएगी

छह से दस साल पुराने वाहनों में सालाना जांच जरूरी होगी

बीएस-1 से बीएस-3 प्रमाणपत्र केवल तीन महीने तक मान्य रहेगा

गाड़ी चलाते हैं तो PUC सर्टिफिकेट बनवाने का झंझट भी जानते होंगे. कभी तीन महीने बाद तो कभी छह महीने बाद प्रदूषण जांच करानी पड़ती है. सर्टिफिकेट की तारीख खत्म होने से पहले PUC सेंटर पहुंचना भी जरूरी होता है. लेकिन अब कुछ वाहन मालिकों को इस भागदौड़ से बड़ी राहत मिलने वाली है.

Read more!

केंद्र सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC की वैधता को लेकर नियम बदल दिए हैं. खास बात यह है कि अब BS-VI गाड़ियों के लिए सर्टिफिकेट की अवधि उनकी उम्र के हिसाब से तय होगी. साथ ही निजी गाड़ी और व्यावसायिक गाड़ी के लिए अलग-अलग नियम बनाए गए हैं.

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 13 नवंबर को Central Motor Vehicles (Sixteenth Amendment) Rules, 2026 को अधिसूचित किया है. इसके तहत केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में बदलाव किया गया है.

आपकी BS-VI कार या बाइक का PUC कितने साल चलेगा?

सबसे पहले बात उन लोगों की, जिनके पास निजी इस्तेमाल के लिए BS-VI कार या बाइक है. अगर आपकी गाड़ी 6 साल से ज्यादा पुरानी नहीं है, तो अब आपको हर कुछ महीने में PUC रिन्यू कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी. नया सर्टिफिकेट एक बार बनवाने पर 3 साल तक वैध रहेगा.

लेकिन जैसे-जैसे गाड़ी पुरानी होगी, PUC की वैधता भी कम होती जाएगी.

BS-VI निजी वाहनों के लिए नया नियम समझिए:

  • 6 साल तक की उम्र: PUC सर्टिफिकेट 3 साल तक वैध रहेगा.

  • 6 से 10 साल तक की उम्र: हर 1 साल में PUC रिन्यू कराना होगा.

  • 10 साल से ज्यादा उम्र: हर 6 महीने में नया PUC सर्टिफिकेट बनवाना होगा.

यहां गाड़ी की उम्र पहली बार रजिस्ट्रेशन की तारीख से गिनी जाएगी. यानी सिर्फ मॉडल ईयर देखकर अपनी गाड़ी की PUC वैधता तय न करें.

टैक्सी और दूसरे कमर्शियल वाहनों को कितनी राहत?

अगर आप टैक्सी, बस या किसी दूसरे व्यावसायिक वाहन के मालिक हैं, तो आपके लिए नियम थोड़े अलग हैं. BS-VI कमर्शियल वाहनों को भी ज्यादा समय तक PUC की वैधता मिलेगी, लेकिन निजी वाहनों के मुकाबले यह अवधि कम रखी गई है.

  • 6 साल तक की उम्र: PUC सर्टिफिकेट 2 साल तक वैध रहेगा.

  • 6 से 10 साल तक की उम्र: हर साल रिन्यू कराना होगा.

  • 10 साल से ज्यादा उम्र: हर 6 महीने में नया सर्टिफिकेट लेना होगा.

यानी एक ही उम्र की निजी कार और कमर्शियल टैक्सी के PUC सर्टिफिकेट की वैधता अलग-अलग हो सकती है.

BS-I से BS-IV गाड़ियों के मालिक ध्यान दें, आपके लिए क्या बदला?

अगर आपकी गाड़ी BS-VI नहीं, बल्कि पुराने उत्सर्जन मानकों वाली है, तो उसके लिए भी नियम स्पष्ट कर दिए गए हैं.

  • BS-I, BS-II और BS-III: PUC सर्टिफिकेट सिर्फ 3 महीने के लिए वैध रहेगा.

  • BS-IV: PUC सर्टिफिकेट 6 महीने तक मान्य होगा.

इसका मतलब है कि सबसे ज्यादा राहत BS-VI मानक वाली नई निजी गाड़ियों को मिलने वाली है. पुराने उत्सर्जन मानकों वाली गाड़ियों के लिए रिन्यूअल की अवधि पहले की तरह छोटी रहेगी.

पुराना PUC सर्टिफिकेट है तो क्या दोबारा बनवाना पड़ेगा?

अब एक जरूरी सवाल. अगर आपने हाल ही में PUC सर्टिफिकेट बनवाया है, तो क्या नए नियम लागू होते ही आपको दोबारा जांच करानी होगी?

नहीं. सरकार ने साफ किया है कि नए नियम लागू होने से पहले जारी किए गए सर्टिफिकेट की वैधता तुरंत नहीं बदलेगी. आपका मौजूदा सर्टिफिकेट अपनी तय एक्सपायरी डेट तक मान्य रहेगा.

नई व्यवस्था तब लागू होगी, जब आप मौजूदा सर्टिफिकेट को पहली बार रिन्यू कराएंगे. यानी अभी आपके पास जो PUC है, उसकी वैधता अचानक कम नहीं होने वाली.

PUC की एक्सपायरी से पहले रिन्यू कराया तो मिलेगा यह फायदा

सरकार ने रिन्यूअल की तारीख को लेकर भी एक अहम नियम जोड़ा है. मान लीजिए आपके PUC की वैधता 30 नवंबर को खत्म हो रही है.

अगर आप एक्सपायरी से 10 दिन पहले तक रिन्यूअल के लिए आवेदन कर देते हैं, तो नया सर्टिफिकेट पुराने सर्टिफिकेट की वैधता खत्म होने के बाद से लागू होगा. यानी बीच के दिनों की वैधता बर्बाद नहीं होगी.

लेकिन अगर आप सर्टिफिकेट की अवधि खत्म होने के बाद रिन्यू कराते हैं, तो नए सर्टिफिकेट की वैधता उसी दिन से शुरू होगी, जिस दिन रिन्यूअल कराया गया है.

PUC की जरूरत खत्म नहीं हुई, वैध सर्टिफिकेट रखना अब भी जरूरी

नियमों में राहत जरूर मिली है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि BS-VI गाड़ियों को PUC की जरूरत नहीं होगी. सभी मोटर वाहनों के पास राज्य सरकार से अधिकृत एजेंसी की ओर से जारी वैध PUC सर्टिफिकेट होना जरूरी है.

अधिकृत अधिकारी मांगने पर आपको यह सर्टिफिकेट दिखाना भी होगा.

यानी अगली बार PUC बनवाने से पहले अपनी गाड़ी की पहली रजिस्ट्रेशन तारीख और उत्सर्जन मानक जरूर देख लें. हो सकता है अब आपको बार-बार PUC सेंटर जाने की जरूरत ही न पड़े.

EPFO New Rules: PF खाताधारकों के लिए बड़ी राहत, 90% तक पैसा निकालने से लेकर रिटायरमेंट के बाद SWP का मिलेगा विकल्प