BIZ DEAL: ₹51 में 28 दिन का रिचार्ज! BSNL के इस प्लान ने बढ़ाई Jio, Airtel और Vi की टेंशन

तनीषा त्यागी

• 05:02 PM • 03 Jul 2026

BSNL ने नए ग्राहकों के लिए अपने 51 रुपये वाले स्पेशल ऑफर की डेडलाइन 31 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी है, जिसमें 28 दिन तक अनलिमिटेड कॉलिंग और रोज 2GB डेटा मिल रहा है. दूसरी ओर, Jio, Airtel और Vi के पास 200 रुपये से कम में सीमित डेटा या कम वैलिडिटी वाले प्लान मौजूद हैं.

BSNL अभी भी दे रहा सस्ते रिचार्ज प्लान्स
BSNL vs Jio vs Airtel
Google CTA

आज के समय में जब सभी निजी टेलीकॉम कंपनियों ने अपने रिचार्ज प्लान महंगे कर दिए हैं, तब 200 रुपये से कम में कोई अच्छा प्लान ढूंढना काफी मुश्किल हो गया है. इस बीच सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने मार्केट में तहलका मचा दिया है. कंपनी सिर्फ 51 रुपये में पूरे 28 दिनों की वैलिडिटी देने का दावा कर रही है. आइए जानते हैं कि इस ऑफर का सच क्या है और Jio, Airtel और Vi के 200 रुपये से कम वाले प्लान इसके सामने कहां टिकते हैं.

Read more!

BSNL का ₹51 वाला फ्रीडम ऑफर क्या है?

BSNL ने अपने ग्राहकों को राहत देते हुए 51 रुपये वाले 'फ्रीडम ऑफर' की समय सीमा को आगे बढ़ा दिया है. पहले यह ऑफर सिर्फ 30 जून तक उपलब्ध था, लेकिन अब कंपनी ने इसे 31 अगस्त 2026 तक के लिए बढ़ा दिया है.

इस ऑफर के तहत ग्राहकों को सिर्फ 51 रुपये के रिचार्ज में 28 दिनों की वैलिडिटी मिलती है. इसके साथ ही पूरे भारत में किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग, रोजाना 2GB डेटा (यानी पूरे महीने में कुल 56GB डेटा) और हर दिन 100 SMS की सुविधा मिलती है.

ध्यान रखने वाली बात यह है कि बंपर ऑफर केवल उन ग्राहकों के लिए है जो BSNL का नया कनेक्शन (नया सिम) ले रहे हैं. अगर आप पहले से BSNL के पुराने ग्राहक हैं, तो आपको इस प्लान का लाभ नहीं मिलेगा.

Jio का ₹198 वाला प्लान: क्या है खास?

रिलायंस जियो के पास 200 रुपये से कम के बजट में 198 रुपये का एक प्लान है. इस प्लान में ग्राहकों को हर दिन 2GB डेटा, अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग और रोज 100 SMS मिलते हैं. इसके साथ ही कंपनी अनलिमिटेड 5G डेटा और जियो टीवी का सब्सक्रिप्शन भी देती है. लेकिन इस प्लान की सबसे बड़ी कमजोरी इसकी वैलिडिटी है. यह प्लान सिर्फ 14 दिनों के लिए आता है, यानी पूरे महीने का बैकअप रखने के लिए आपको दो बार रिचार्ज करना होगा.

Airtel का ₹199 वाला प्लान: पूरे महीने की वैलिडिटी

Airtel अपने ग्राहकों को 199 रुपये में पूरे 28 दिनों की वैलिडिटी ऑफर करता है. इस प्लान में ग्राहकों को पूरे 28 दिनों के लिए कुल 2GB डेटा दिया जाता है. इसके अलावा अनलिमिटेड लोकल और एसटीडी कॉलिंग और रोज 100 SMS मिलते हैं. अतिरिक्त फायदों की बात करें तो इसमें एयरटेल एक्सस्ट्रीम प्ले और हेलो ट्यून्स का एक्सेस भी शामिल है. यह प्लान उनके लिए अच्छा है जिन्हें इंटरनेट से ज्यादा कॉलिंग की जरूरत होती है.

Vi (Vodafone Idea) का ₹199 वाला प्लान

वोडाफोन आइडिया (Vi) भी 199 रुपये में 28 दिनों की वैलिडिटी दे रहा है. इस प्लान के फायदे भी काफी हद तक एयरटेल जैसे ही हैं. इसमें भी पूरी वैलिडिटी के दौरान कुल 2GB डेटा और कुल 300 SMS मिलते हैं. इसके साथ ही ग्राहकों को अनलिमिटेड कॉलिंग और Vi मूवीज एंड टीवी का मुफ्त एक्सेस मिलता है.

आपके लिए कौन सा प्लान है सबसे बेस्ट?

अगर इन सभी टेलीकॉम कंपनियों के प्लान्स की तुलना करें, तो हर कंपनी की अपनी खासियत है:

ज्यादा डेटा के लिए: अगर आपको रोजाना भारी मात्रा में इंटरनेट की जरूरत है और वैलिडिटी से फर्क नहीं पड़ता, तो Jio का 198 रुपये वाला प्लान बेहतर है.

लंबी वैलिडिटी और कम डेटा के लिए: अगर आप कम इंटरनेट इस्तेमाल करते हैं और सिर्फ फोन चालू रखने के लिए कॉलिंग ढूंढ रहे हैं, तो Airtel और Vi के 199 रुपये वाले प्लान अच्छे विकल्प हैं. इनमें एयरटेल एक्स्ट्रा फीचर्स के मामले में थोड़ा आगे है.

सबसे कम कीमत में सब कुछ: कीमत और फायदों के मामले में फिलहाल BSNL का 51 रुपये वाला प्लान सबसे आगे और बेहद किफायती नजर आ रहा है. सिर्फ 51 रुपये में इतनी सारी सुविधाएं बाकी कंपनियों के मुकाबले बहुत बड़ी डील हैं. अगर आप नया सिम लेने का मन बना रहे हैं, तो 31 अगस्त 2026 से पहले इस ऑफर का फायदा उठा सकते हैं.