Cars24 में अब नहीं होंगे Boss और Designation! हर कर्मचारी की होगी एक ही पहचान

संदीप शर्मा

• 05:38 PM • 03 Jul 2026

कार्स24 ने जॉब टाइटल, बैंड और ग्रेड खत्म कर सभी कर्मचारियों को बिल्डर बना दिया है. जानिए फ्लैटलैंड मॉडल क्या है, इससे कामकाज कैसे बदलेगा और कंपनी को क्या फायदा मिला.

NewsTak
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

point

कंपनी अब कर्मचारियों की पहचान पद नहीं बल्कि काम से करेगी

point

फैसले और जिम्मेदारियां अब योगदान, प्रदर्शन और जरूरत के आधार पर होंगी

point

पिछले 18 महीनों में प्रति कर्मचारी कमाई में 50 फीसदी बढ़ोतरी हुई

Cars24 ने अपने दफ्तर के ढांचे में बड़ा बदलाव करने का ऐलान किया है. कंपनी ने सभी जॉब टाइटल्स, बैंड्स और ग्रेड्स खत्म करने का फैसला लिया है. अब कंपनी में हर कर्मचारी की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके काम और नतीजों से होगी.कंपनी ने इस नए मॉडल का नाम फ्लैटलैंड रखा है. इसके तहत अब सभी कर्मचारी एक ही पहचान के साथ काम करेंगे और उन्हें बिल्डर कहा जाएगा. कंपनी का कहना है कि यह बदलाव पारंपरिक कॉर्पोरेट ढांचे से अलग एक नई कार्यशैली की तरफ कदम है.

Read more!

फ्लैटलैंड मॉडल क्या है

Cars24 के मुताबिक, फ्लैटलैंड सिर्फ पदनाम हटाने का फैसला नहीं है. यह कंपनी के काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव है. अब फैसले, जिम्मेदारियां और आगे बढ़ने का आधार पद नहीं, बल्कि प्रदर्शन और योगदान होगा.

Cars24 के सह-संस्थापक Vikram Chopra ने कहा कि पहले कंपनियों में Hierarchy इसलिए जरूरी थी क्योंकि जानकारी सीमित लोगों तक होती थी लेकिन AI के दौर में यह स्थिति बदल चुकी है. अब संगठन की भूमिका फैसलों को ऊपर-नीचे भेजने की नहीं, बल्कि योग्य लोगों को बेहतर तरीके से काम करने का मौका देने की है.

उन्होंने कहा कि Flatland का मकसद कर्मचारियों को पद के बजाय उनके योगदान के आधार पर पहचान देना है.

कैसे होगा काम?

Flatland मॉडल के तहत किसी भी कर्मचारी की पहचान उसके पद से नहीं होगी. कोई भी अच्छा विचार, चाहे वह कंपनी के संस्थापक का हो या नए कर्मचारी का, उसकी गुणवत्ता के आधार पर परखा जाएगा. हालांकि कंपनी ने ये भी साफ किया है कि इस बदलाव का मतलब जवाबदेही खत्म करना नहीं है. सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारियां, प्रदर्शन के लक्ष्य और निर्णय लेने की सीमाएं पहले की तरह तय रहेंगी. फर्क सिर्फ इतना होगा कि अधिकार पद से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और प्रदर्शन से तय होंगे.

कंपनी को क्या मिला फायदा?

Cars24 का दावा है कि पिछले 18 महीनों में इस नए मॉडल की दिशा में किए गए बदलावों का सकारात्मक असर कारोबार पर भी देखने को मिला है.

कंपनी के अनुसार

  • वित्त वर्ष 2026 की दूसरी छमाही में Revenue Per Employee में सालाना आधार पर 50% की बढ़ोतरी हुई
  • EBITDA में करीब 300 बेसिस पॉइंट का सुधार हुआ
  • यह सुधार बिना ऑपरेटिंग लागत में समान अनुपात की बढ़ोतरी के हासिल किया गया
  • कंपनी इसी साल वैश्विक स्तर पर लाभ (Globally Profitable) कमाने वाली कंपनी भी बन गई है

HR पॉलिसी में भी बदलाव

Cars24 ने अपने HR सिस्टम में भी बड़े बदलाव किए हैं. अब कर्मचारियों को मिलने वाले लाभ, यात्रा नीति, रीइम्बर्समेंट और IT एसेट्स जैसी सुविधाएं किसी पद या ग्रेड के आधार पर तय नहीं होंगी. इनका फैसला कर्मचारी की भूमिका, जरूरत और कंपनी की सामान्य नीतियों के आधार पर किया जाएगा. नए कर्मचारियों को भी किसी ग्रेड या लेवल में शामिल नहीं किया जाएगा, बल्कि वे सीधे Builder के रूप में कंपनी से जुड़ेंगे.

भारत से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक मौजूदगी

Cars24 आज भारत के अलावा यूएई और ऑस्ट्रेलिया में भी कारोबार करती है। कंपनी के प्लेटफॉर्म पर हर महीने 4.1 करोड़ (41 मिलियन) से अधिक सक्रिय यूजर्स आते हैं.Cars24 का कारोबार केवल पुरानी कारों की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है. कंपनी वाहन खरीदने, बेचने, फाइनेंस, सर्विस और ओनरशिप से जुड़ी कई डिजिटल सेवाएं भी उपलब्ध कराती है.

क्या बदल सकता है कॉर्पोरेट कल्चर?

AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच Cars24 का यह कदम भारतीय कॉर्पोरेट जगत में नई बहस छेड़ सकता है. कंपनी का मानना है कि भविष्य की कंपनियां केवल AI अपनाकर नहीं, बल्कि अपने पूरे संगठनात्मक ढांचे को बदलकर आगे बढ़ेंगी. Flatland उसी दिशा में उठाया गया पहला कदम है. आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या दूसरी कंपनियां भी इस तरह के मॉडल को अपनाने की कोशिश करती हैं.