भारत में बोतलबंद पानी के बाजार का पर्यायवाची बन चुकी बिसलेरी (Bisleri) एक बार फिर सुर्खियों में है. हाल ही में खाद्य सुरक्षा नियामक एफएसएसएआई (FSSAI) द्वारा पानी के एक सैंपल को लेकर उठाए गए कदम और कंपनी पर मुकदमा चलाने की मंजूरी के बाद ब्रांड की साख को लेकर बहस छिड़ गई है. हालांकि, बिसलेरी प्रबंधन ने अपने उत्पादों की शुद्धता और गुणवत्ता मानकों पर पूरी तरह अडिग रहने की बात कही है. इस विवाद के बीच बिसलेरी के इतिहास, 7,000 करोड़ की बहुचर्चित डील के रद्द होने और कंपनी की वाइस चेयरपर्सन जयंती चौहान (Jayanti Chauhan) के फैसलों पर एक बार फिर पूरे कॉर्पोरेट जगत की नजरें टिक गई हैं.
ADVERTISEMENT
पारले समूह से शुरुआत और थम्स अप की क्रांति
बिसलेरी के इस विशाल साम्राज्य के पीछे पारले (Parle) परिवार का दशकों पुराना इतिहास जुड़ा है. इसकी नींव मोहनलाल दयाल चौहान (रमेश चौहान के दादा) ने टॉफी, बिस्किट और सॉफ्ट ड्रिंक्स के कारोबार से रखी थी. 1940 में जन्मे रमेश चौहान ने मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग और बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई पूरी की और महज 22 साल की उम्र में 1962 में भारत लौटे.
पारले परिवार के व्यावसायिक बंटवारे के बाद रमेश चौहान के हिस्से पारले एक्सपोर्ट्स (Parle Exports) आया. 1977 में जब विदेशी कंपनी कोका-कोला (Coca-Cola) को भारत छोड़ना पड़ा, तब रमेश चौहान ने अपनी दूरदर्शिता का परिचय देते हुए थम्स अप (Thums Up), लिम्का (Limca), गोल्ड स्पॉट (Gold Spot), सिट्रा (Citra) और माजा (Maaza) जैसे आइकॉनिक ब्रांड्स पेश किए. हालांकि, 1993 में आर्थिक उदारीकरण के दौर में उन्होंने अपने इन तमाम सॉफ्ट ड्रिंक ब्रांड्स को करीब 40 मिलियन डॉलर में कोका-कोला को बेच दिया.
4 लाख में विदेशी ब्रांड से भारतीय साम्राज्य बनने का सफर
बिसलेरी मूल रूप से एक इतालवी नाम है, जिसकी शुरुआत इटली के केमिस्ट फेलिस बिसलेरी (Felice Bisleri) ने एक हर्बल दवा के तौर पर की थी. बाद में डॉ. सेसरे रोसी (Dr. Cesare Rossi) ने इसे इटली में मिनरल वॉटर के रूप में बेचना शुरू किया. 1960 के दशक में भारत में साफ पानी की भारी किल्लत को देखते हुए अपने भारतीय मित्र खुसरो संतुक की सलाह पर डॉ. रोसी ने 1965 में मुंबई के ठाणे में भारत का पहला बिसलेरी वॉटर प्लांट लगाया.
उस दौर में भारत में पानी खरीदकर पीने की अवधारणा बेहद नई थी और लोग इसे केवल अमीरों और फाइव स्टार होटलों तक सीमित मानते थे. जब कंपनी भारी घाटे में डूबने लगी और डॉ. रोसी भारत से जाने का मन बना चुके थे, तब 1969 में 28 साल के रमेश चौहान ने महज ₹4 लाख रुपये में इस डूबते ब्रांड को खरीद लिया.
रमेश चौहान ने इसके विदेशी नाम 'बिसलेरी' को बरकरार रखा, लेकिन इसकी पैकेजिंग और मार्केटिंग का पूरी तरह से देसीकरण कर दिया. भारी कांच की बोतलों की जगह पीवीसी और पेट बोतलों की शुरुआत की गई, बोतल का रंग नीले से बदलकर सिग्नेचर हरा किया गया और 500 मिलीलीटर की बोतल को मात्र ₹5 में आम जनता की पहुंच तक लाया गया. मजबूत सप्लाई चेन के जरिए रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों तक बिसलेरी पहुंचाकर उन्होंने भारतीय उपभोक्ताओं की सोच को बदल दिया.
जयंती चौहान का प्रवेश और टाटा के साथ 7,000 करोड़ की डील का यू-टर्न
रमेश चौहान की इकलौती बेटी जयंती चौहान (जिन्हें जेआरसी भी कहा जाता है) का जन्म 1985 में हुआ. बड़े कॉर्पोरेट घरानों की परंपरा से अलग हटकर जयंती का रुझान फैशन, आर्ट और फोटोग्राफी में था, जिसकी पढ़ाई उन्होंने न्यूयॉर्क, इटली और लंदन से की. 2009 में 24 वर्ष की उम्र में उन्होंने बिसलेरी में काम शुरू किया, जहां उन्हें शुरुआत में फैक्ट्रियों के ऑटोमेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी.
साल 2022 के उत्तरार्ध में कॉर्पोरेट जगत में तब हलचल मच गई जब 82 वर्षीय रमेश चौहान ने गिरते स्वास्थ्य का हवाला देते हुए बिसलेरी को टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TCPL) को करीब ₹7,000 करोड़ में बेचने का ऐलान कर दिया. लेकिन उसी दौरान जयंती चौहान ने अपनी रणनीति बदली और पारिवारिक विरासत को किसी बाहरी हाथ में जाने से रोकने का संकल्प लिया. मार्च 2023 तक टाटा के साथ होने वाली यह ऐतिहासिक डील रद्द हो गई और जयंती चौहान ने स्वयं आगे आकर कंपनी की कमान संभाली.
बिसलेरी की वर्तमान स्थिति और चुनौतियां
वर्तमान में 41 वर्षीय जयंती चौहान बिसलेरी इंटरनेशनल की वाइस चेयरपर्सन के पद पर कार्यरत हैं. वे प्रोफेशनल सीईओ एंजेलो जॉर्ज (Angelo George) और अपनी कोर टीम के साथ मिलकर देशभर में फैले 130 से अधिक प्लांट्स, आईपीएल स्पॉन्सरशिप्स और रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व कर रही हैं. गुणवत्ता संबंधी हालिया प्रशासनिक कार्रवाइयों और FSSAI के रुख के बीच कंपनी की साख बनाए रखना और ब्रांड को नए दौर में आगे ले जाना जयंती चौहान के लिए एक नई और महत्वपूर्ण चुनौती माना जा रहा है.
ADVERTISEMENT

