CleanMax का Q1 में शानदार प्रदर्शन, ₹17 करोड़ के घाटे से ₹55 करोड़ के मुनाफे में पहुंची कंपनी

चिराग ठाकुर

• 01:54 PM • 01 Aug 2026

क्लीनमैक्स ने पहली तिमाही में घाटे से मुनाफे में वापसी की, कमाई 107% बढ़ी और 500 मेगावाट नई क्षमता जोड़ी. जानिए डेटा सेंटर की मांग ने कंपनी को कैसे मजबूत किया.

NewsTak
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

कुल कॉन्ट्रैक्टेड पावर सेल्स क्षमता 30 जून तक 6 गीगावाट पहुंची

कंपनी के कुल पोर्टफोलियो में डेटा सेंटर और एआई की हिस्सेदारी 42%

इस साल 1.5 गीगावाट नई क्षमता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया

रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की कंपनी CleanMax Enviro Energy Solutions ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1FY27) में मजबूत नतीजे पेश किए हैं. पिछले साल इसी तिमाही में घाटे में रहने वाली कंपनी इस बार मुनाफे में लौट आई है. कंपनी ने Q1FY27 में 55 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में उसे 17 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था.

Read more!

एक साल में दोगुनी से ज्यादा हुई कमाई

कंपनी की परिचालन आय (Revenue from Operations) में भी शानदार बढ़त देखने को मिली. Q1FY27 में कंपनी का रेवेन्यू बढ़कर 832 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 402 करोड़ रुपये था. यानी कंपनी की आय में सालाना आधार पर 107% की बढ़ोतरी हुई.

वहीं कंपनी का एडजस्टेड EBITDA भी 74% बढ़कर 494 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.

500 मेगावाट की रिकॉर्ड क्षमता जोड़ी

इस तिमाही में कंपनी ने अपने इतिहास का सबसे बड़ा तिमाही विस्तार किया. CleanMax ने देश के कई राज्यों में मिलाकर 0.5 गीगावाट यानी 500 मेगावाट नई रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता शुरू की.

कंपनी के मुताबिक, यह उसके इतिहास में किसी भी एक तिमाही में सबसे ज्यादा क्षमता जोड़ने का रिकॉर्ड है.

AI और Data Center से मिला बड़ा सहारा

CleanMax की ग्रोथ में डेटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर की मांग बड़ी वजह बनकर उभरी.

30 जून 2026 तक कंपनी की कुल कॉन्ट्रैक्टेड रिन्यूएबल पावर सेल्स क्षमता 6 गीगावाट पहुंच गई. इसमें 42% हिस्सेदारी सिर्फ डेटा सेंटर और AI सेक्टर की रही.

अगर कंपनी के RE Services कारोबार को भी शामिल किया जाए, तो उसका कुल कॉन्ट्रैक्टेड पोर्टफोलियो 6.8 गीगावाट तक पहुंच चुका है, जो पिछले दो वर्षों में करीब तीन गुना बढ़ा है.

FY27 में 1.5 GW नई क्षमता जोड़ने का लक्ष्य

कंपनी के संस्थापक और मैनेजिंग डायरेक्टर कुलदीप जैन ने कहा कि पहली तिमाही में 500 मेगावाट से ज्यादा नई क्षमता जोड़ी गई है और कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान कम से कम 1.5 गीगावाट नई क्षमता जोड़ने के लक्ष्य पर आगे बढ़ रही है.

उन्होंने कहा कि दोनों बिजनेस सेगमेंट्स में बेहतर मार्जिन और बढ़ती मांग की वजह से EBITDA में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई.

बोर्ड ने बॉन्ड जारी करने को दी मंजूरी

कंपनी ने भविष्य की पूंजी जरूरतों को पूरा करने के लिए घरेलू बॉन्ड जारी करने की भी मंजूरी दी है.

कंपनी का कहना है कि इससे फंडिंग के नए स्रोत मिलेंगे, उधारी की लागत कम होगी और लंबी अवधि के लिए निश्चित ब्याज दर पर पूंजी जुटाने में मदद मिलेगी.

रूफटॉप सोलर कारोबार का होगा एकीकरण

CleanMax ने अपनी परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए 148 मेगावाट क्षमता वाली चार रूफटॉप सोलर इकाइयों को होल्डिंग कंपनी में शामिल करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.

कंपनी का मानना है कि इससे परिचालन दक्षता बढ़ेगी और आने वाले वर्षों में कैश फ्लो मजबूत होगा.

पुराने ग्राहकों का भरोसा बरकरार

कंपनी ने बताया कि पहली तिमाही में जो नई क्षमता जोड़ी गई, उसमें 79% ऑर्डर पुराने ग्राहकों से मिले. इसे कंपनी ने अपने कारोबार और ग्राहक विश्वास का सकारात्मक संकेत बताया.