DDA housing scheme 2025: अपना घर होना हर इंसान का सबसे बड़ा सपना होता है. आज के समय में जब प्रॉपर्टी की कीमतें आसमान छू रही हैं और लोन लेना महंगा होता जा रहा है, तब एक आम आदमी के लिए घर खरीदना किसी चुनौती से कम नहीं है. अक्सर लोग अपनी पूरी जिंदगी किराए के मकानों में बिता देते हैं. लेकिन अब सरकारी एजेंसियां इस सपने को सच करने के लिए आगे आई हैं. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने ऐसी योजनाएं पेश की हैं जो न केवल किफायती हैं बल्कि सुरक्षित निवेश का जरिया भी हैं.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में सिर्फ 12 लाख रुपये से शुरू फ्लैट्स
दिल्ली में रहने की चाहत रखने वालों के लिए DDA की जनता आवास योजना 2025 एक बड़ी राहत लेकर आई है. इस स्कीम के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 144 फ्लैट्स निकाले गए हैं. इन फ्लैट्स की कीमत महज 12 लाख रुपये से शुरू होकर 23 लाख रुपये तक जाती है. दिल्ली-एनसीआर जैसे महंगे इलाके में जहां 1BHK फ्लैट की कीमत भी 40-50 लाख के पार होती है, वहां 12 लाख रुपये में घर मिलना एक सुनहरा अवसर है. इसके अलावा DDA नागरिक आवास योजना 2026 के तहत नरेला और सिरसपुर जैसे इलाकों में 1,712 फ्लैट्स उपलब्ध हैं, जिन पर 25 प्रतिशत तक की भारी छूट दी जा रही है.
प्राइम लोकेशन पर 582 प्रीमियम फ्लैट्स का ई-ऑक्शन
वही जो लोग दिल्ली के पॉश इलाकों में घर तलाश रहे हैं, उनके लिए DDA प्रीमियम हाउसिंग स्कीम 2026 एक शानदार मौका है. इसके जरिए वसंत कुंज, द्वारका, रोहिणी और जसोला जैसे बेहतरीन इलाकों में 582 फ्लैट्स ई-ऑक्शन (ई-नीलामी) के लिए रखे गए हैं. वसंत कुंज में HIG फ्लैट्स की शुरुआत 1.15 करोड़ रुपये से हो रही है. इस बार खरीदारों को एक बड़ी वित्तीय राहत भी दी गई है. DDA ने अतिरिक्त पार्किंग शुल्क को पूरी तरह खत्म कर दिया है, जिससे ग्राहकों को सीधे तौर पर 5 से 12 लाख रुपये तक की बचत होगी. आवेदन के लिए इच्छुक लोग DDA की वेबसाइट या मोबाइल ऐप का सहारा ले सकते हैं.
गाजियाबाद में प्लॉट लेकर खुद का घर बनाने का मौका
अगर आप बना-बनाया फ्लैट खरीदने के बजाय अपनी पसंद का घर बनाना चाहते हैं, तो गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) आपके लिए 14 साल बाद एक खास स्कीम लाया है. नंदग्राम और नूरनगर इलाके में भूखंडीय योजना के तहत 60 से 221 वर्ग मीटर तक के प्लॉट उपलब्ध हैं. इनकी कीमत 79,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की गई है. कनेक्टिविटी के लिहाज से यह इलाका बहुत मजबूत है क्योंकि यहां से रैपिड रेल, मेट्रो और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे बेहद नजदीक हैं. आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए ई-लॉटरी का सहारा लिया जाएगा और भुगतान के लिए आसान किस्तों की सुविधा भी दी जा रही है.
फ्लैट खरिदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
वर्तमान परिस्थितियों में जब निजी बिल्डर्स के प्रोजेक्ट्स में जोखिम और देरी की संभावनाएं रहती हैं, सरकारी योजनाओं पर भरोसा करना एक समझदारी भरा फैसला हो सकता है. DDA और GDA की इन योजनाओं में पारदर्शिता के साथ-साथ भविष्य की बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ भी मिलता है. हालांकि, कोई भी निवेश करने से पहले अपनी आय, ईएमआई चुकाने की क्षमता और परिवार की जरूरतों का सही आकलन करना जरूरी है. सही जानकारी और योजना के साथ आगे बढ़कर आप अपने 'अपने घर' के सपने को हकीकत में बदल सकते हैं. यह मौका उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो कम बजट में दिल्ली-एनसीआर का हिस्सा बनना चाहते हैं.
यह भी पढ़ें: BIZ Deal: iPhone और MacBook पर मिलेगा भारी डिस्काउंट, इस दिन के शुरू होगी Croma की Everything Apple Sale
ADVERTISEMENT

