दिल्ली-NCR में जीवन बीमा को लेकर लोगों की सोच तेजी से बदल रही है. अब सिर्फ उम्रदराज लोग ही नहीं, बल्कि युवा भी बड़ी संख्या में बीमा पॉलिसियां खरीद रहे हैं. खास बात यह है कि महिलाएं भी जीवन बीमा बाजार में तेजी से अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रही हैं. इंश्योरेंस इंफॉर्मेशन ब्यूरो ऑफ इंडिया यानी IIB के हालिया सर्वे के मुताबिक, वित्त वर्ष 2020-21 से 2024-25 के बीच दिल्ली, गुरुग्राम और गौतम बुद्ध नगर यानी नोएडा में जीवन बीमा कारोबार में अच्छी तेजी देखने को मिली है. इस दौरान न सिर्फ बीमा प्रीमियम बढ़ा, बल्कि लोगों के बीच बड़े बीमा कवर की मांग भी बढ़ी है.
ADVERTISEMENT
गुरुग्राम और नोएडा में तेजी से बढ़ा कारोबार
पिछले पांच वर्षों में गुरुग्राम जीवन बीमा कारोबार की ग्रोथ के मामले में आगे रहा है. यहां वार्षिकी प्रीमियम (Annualised Premium) में 1.81 गुना की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, गौतम बुद्ध नगर यानी नोएडा में यह बढ़ोतरी 1.68 गुना रही. पॉलिसियों की संख्या में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई है. गुरुग्राम में पांच साल में पॉलिसियों की संख्या 18.5 फीसदी बढ़ी, जबकि नोएडा में इसमें 22.4 फीसदी का इजाफा हुआ. दिल्ली में बीमा कवर का आकार खास तौर पर बड़ा है. वित्त वर्ष 2024-25 में यहां प्रति पॉलिसी औसत बीमित राशि ₹8.77 लाख रही, जो राष्ट्रीय औसत के मुकाबले करीब दोगुनी है.
26 से 35 साल के युवा सबसे ज्यादा सक्रिय
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली-NCR के तीनों प्रमुख बाजारों—दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा में 26 से 35 वर्ष की उम्र के लोग सबसे ज्यादा जीवन बीमा पॉलिसियां खरीद रहे हैं. इसका मतलब है कि नौकरी और कमाई शुरू करने के कुछ वर्षों के भीतर ही युवा अब अपने और परिवार के वित्तीय भविष्य को सुरक्षित करने पर ध्यान दे रहे हैं. हालांकि, प्रीमियम के मामले में 36 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों की हिस्सेदारी ज्यादा है. इसकी एक बड़ी वजह यह है कि उम्र और पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ने के साथ लोग अपेक्षाकृत बड़ा बीमा कवर लेते हैं.
महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ी
जीवन बीमा बाजार में महिलाओं की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है. वित्त वर्ष 2024-25 में कुल प्रीमियम में महिलाओं की हिस्सेदारी दिल्ली में 35.7 फीसदी, गुरुग्राम में 33.1 फीसदी और नोएडा में 35.2 फीसदी रही. यानी NCR के इन तीनों बड़े बाजारों में हर तीन रुपये के प्रीमियम में करीब एक रुपया महिलाओं से आ रहा है. यह महिलाओं के बीच वित्तीय जागरूकता और स्वतंत्र वित्तीय फैसलों की बढ़ती भूमिका की ओर इशारा करता है.
टर्म इंश्योरेंस की बढ़ी मांग
NCR में लोग अब सिर्फ पारंपरिक जीवन बीमा योजनाओं तक सीमित नहीं हैं. टर्म इंश्योरेंस की मांग तेजी से बढ़ रही है. पॉलिसियों की संख्या में एंडोमेंट प्लान आगे हैं, लेकिन प्रीमियम के मामले में टर्म इंश्योरेंस सबसे आगे है. वित्त वर्ष 2024-25 में कुल जीवन बीमा प्रीमियम में टर्म इंश्योरेंस की हिस्सेदारी दिल्ली में 47.3 फीसदी, गुरुग्राम में 65.3 फीसदी और नोएडा में 62 फीसदी रही. इससे संकेत मिलता है कि NCR के ग्राहक कम अवधि में निवेश रिटर्न की बजाय अपने परिवार को बड़ा वित्तीय सुरक्षा कवर देने पर भी ध्यान दे रहे हैं.
इंश्योरेंस अवेयरनेस कमेटी–लाइफ (IAC-Life) के चेयरपर्सन कमलेश राव के मुताबिक, NCR के शहरों में जीवन बीमा को लेकर बढ़ती दिलचस्पी बताती है कि लोग अपने और अपने परिवार के वित्तीय भविष्य को लेकर ज्यादा गंभीर हो रहे हैं.
ULIP में भी बढ़ा लोगों का रुझान
यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान यानी ULIP की मांग में भी तेजी आई है. गुरुग्राम में पिछले पांच वर्षों के दौरान ULIP प्रीमियम में 128 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. ULIP में बीमा के साथ निवेश का विकल्प भी मिलता है. ऐसे में वित्तीय रूप से जागरूक ग्राहक इसे जीवन बीमा और बाजार आधारित निवेश के संयोजन के तौर पर देख रहे हैं.
NCR में क्यों बढ़ रही है बीमा की मांग?
विशेषज्ञों के मुताबिक, दिल्ली-NCR में बड़ी संख्या में युवा, नौकरीपेशा और वित्तीय रूप से जागरूक लोग रहते हैं. टेक्नोलॉजी, फाइनेंस, लॉजिस्टिक्स और दूसरे तेजी से बढ़ते सेक्टरों में काम करने वाली आबादी के बीच वित्तीय सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी है. कुल मिलाकर, दिल्ली-NCR का जीवन बीमा बाजार अब सिर्फ पॉलिसियों की संख्या बढ़ने की कहानी नहीं है. यहां युवा ग्राहक, महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, बड़े बीमा कवर और टर्म इंश्योरेंस की बढ़ती मांग बाजार में बदलती सोच को दिखा रही है.
ADVERTISEMENT


