धनतेरस के मौके पर सोना और चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए कीमतों में गिरावट देखने को मिली है. घरेलू वायदा बाजार MCX में दोनों कीमती धातुओं के भाव टूट गए हैं. सोने की कीमत में 2,428 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है. वहीं चांदी भी 3,100 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई है.
ADVERTISEMENT
MCX पर गोल्ड फ्यूचर गिरकर 1,41,667 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इसी तरह दिसंबर सिल्वर फ्यूचर का भाव 3,100 रुपये टूटकर 1,84,050 रुपये प्रति किलो रह गया. सोने और चांदी की कीमतों में यह गिरावट ऐसे समय आई है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ रहे हैं.
कच्चे तेल की कीमतों में करीब 2 फीसदी का उछाल आया है. ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा है. इसका असर भी बाजार में देखने को मिल रहा है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी कमजोर
विदेशी बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 1.46 फीसदी टूटकर 4,053.8 डॉलर प्रति औंस पर आ गया.
वहीं चांदी की कीमत में 1.70 फीसदी की गिरावट आई. इसके बाद इसका भाव 51.485 डॉलर प्रति औंस रह गया. इस तरह घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है.
दिल्ली में सोने और चांदी का क्या है नया भाव?
MCX में गिरावट के बीच दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में मामूली तेजी दर्ज की गई है. दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,46,180 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
वहीं 22 कैरेट सोना 1,34,010 रुपये और 18 कैरेट सोना 1,09,680 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है. दिल्ली में चांदी की कीमत 2,10,100 रुपये प्रति किलो है.
आखिर क्यों गिर रहे हैं सोने-चांदी के दाम?
सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को एक बड़ी वजह बताया जा रहा है. क्रूड ऑयल के महंगा होने से डॉलर इंडेक्स में मजबूती आई है. दूसरी तरफ भारतीय रुपये में कमजोरी देखने को मिल रही है.
डॉलर की मजबूती और रुपये में गिरावट के बीच सोने-चांदी जैसी सुरक्षित निवेश वाली संपत्तियों पर दबाव बना हुआ है. इसी वजह से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में दोनों धातुओं की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है.
अपने रिकॉर्ड हाई से कितने सस्ते हुए सोना-चांदी?
सोने और चांदी की कीमतें अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे आ चुकी हैं. MCX पर चांदी का रिकॉर्ड हाई 4.20 लाख रुपये प्रति किलो रहा है. फिलहाल इसका भाव 1.84 लाख रुपये के आसपास है. इस हिसाब से चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 2.36 लाख रुपये प्रति किलो सस्ती हो चुकी है.
इसी तरह सोने का रिकॉर्ड हाई 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है. अब इसका भाव घटकर करीब 1.41 लाख रुपये पर आ गया है. यानी सोना अपने रिकॉर्ड स्तर से लगभग 52 हजार रुपये सस्ता हो चुका है.
नोट: सोने और चांदी में निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें.
अमेरिकी शेयर बाजार में हाहाकार! नैस्डैक 5.54% टूटा, निवेशकों के डूबे 2.5 ट्रिलियन डॉलर
ADVERTISEMENT

