Gold Silver Price: आमतौर पर जब दुनिया के किसी कोने में युद्ध छिड़ता है तो निवेशक सुरक्षित निवेश के लिए सोने की तरफ भागते हैं और कीमतें आसमान छूने लगती हैं, लेकिन इस बार कहानी बिल्कुल उलट है. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में 40% के भारी उछाल के बावजूद, सर्राफा बाजार से चौंकाने वाली खबर आ रही है. हफ्ते के पहले ही कारोबारी दिन सोना और चांदी ताश के पत्तों की तरह ढह गए हैं.
ADVERTISEMENT
चांदी में 5,000 और सोने में 1,800 की बड़ी सेंध
सोमवार को जैसे ही बाजार खुला, निवेशकों के चेहरे उतर गए. MCX पर सोने की कीमतों में 1,811 रुपये की बड़ी गिरावट देखी गई, जिससे भाव लुढ़क कर 1,56,655 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. लेकिन असली झटका चांदी ने दिया. चांदी की कीमतों में 5,068 रुपये प्रति किलो की भारी गिरावट आई और यह 2,54,367 रुपये के स्तर पर पहुंच गई.
सिर्फ भारत ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी यही हाल है. स्पॉट गोल्ड 0.2% गिरकर $5,007 प्रति औंस पर आ गया है, वहीं चांदी भी करीब 1.2% की कमजोरी के साथ $80 प्रति औंस के आसपास ट्रेड कर रही है.
सोना-चांदी धड़ाम: 3 दिनों में भारी गिरावट
वहीं IBJ के रेट्स की बात करें तो इसके मुताबिक, शुक्रवार 13 मार्च के मुकाबले 16 मार्च सोमवार को सोने और चांदी के दामों में भारी कमी देखने को मिली है. 13 मार्च की शाम 10 ग्राम सोना (24 karat gold) 1,58,399 रुपये पर बंद हुआ था. वहीं 16 मार्च की सुबह ये गिरकर 1,56,436 रुपये पर आ गया और शाम तक ये 1,55,714 रुपये तक पहुंच गया. यानी 2685 रुपये की गिरावट आई है.
इसी तरह चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखी गई है,1 किलों चांदी के भाव 2,60,488 रुपये प्रति किलो से लुढ़ककर 2,48,711 रुपये पर पहुंच गया है. मात्र तीन दिनों के भीतर सोना करीब 2685 रुपये और चांदी लगभग 11,777 रुपये सस्ती हो गई है, जो खरीदारी करने वालों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है.
भारत के 'गोल्ड रिजर्व' को लगा झटका
कीमतों में आई इस गिरावट का सीधा असर भारत के सोने के भंडार पर भी पड़ा है. रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड वैल्यू घटने की वजह से भारत के भंडार की कीमत में $1.612 बिलियन की कमी आई है. अब भारत के पास मौजूद सोने के भंडार की कुल वैल्यू घटकर $130.017 बिलियन रह गई है.
46 दिनों में बदल गई तस्वीर
पिछले कुछ महीनों के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में आए उतार-चढ़ाव पर नजर डालें तो तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है. इसी साल 29 जनवरी को सोना अपने 1.76 लाख रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था, जो अब करीब 20,000 रुपये सस्ता होकर 1.56 लाख रुपये के स्तर पर आ गया है. चांदी की स्थिति और भी चौंकाने वाली है; जनवरी के अंत में 3.86 लाख रुपये के ऑल-टाइम हाई को छूने वाली चांदी में पिछले 46 दिनों के भीतर जबरदस्त गिरावट आई है. अब यह अपने उच्च स्तर से करीब 1.32 लाख रुपये फिसलकर 2.54 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही है.चांदी में पिछले 46 दिनों में आई करीब 1.33 लाख रुपये की गिरावट ने हर किसी को हैरान कर दिया है.
क्यों गिर रहे हैं दाम?
एक्सपर्ट्स के लिए भी यह स्थिति पहेली बनी हुई है क्योंकि कच्चे तेल की कीमतें मार्च में 40% बढ़ चुकी हैं, जो महंगाई बढ़ने का संकेत है. इसके बावजूद सोने में मुनाफावसूली या वैश्विक केंद्रीय बैंकों की नीतियों के चलते यह दबाव देखा जा रहा है. अब सवाल यह है कि क्या यह गिरावट खरीदारी का मौका है या कीमतें अभी और गिरेंगी? यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा.
ये भी पढ़ें: Gold Silver Price Update: सोना-चांदी की कीमतों में जारी उतार-चढ़ाव के बीच अब एक्सपर्ट्स ने दी बड़ी चेतावनी!
ADVERTISEMENT


