Gold Import Duty Hike: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दो-तीन दिनों में देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि चाहे शादी हो या कोई बड़ा पारिवारिक कार्यक्रम, फिलहाल सोने की खरीदारी से बचना चाहिए ताकि देश की विदेशी मुद्रा पर दबाव कम हो सके. अब इस अपील के तुरंत बाद केंद्र सरकार ने सोने पर बड़ा फैसला लेते हुए Gold Import Duty में भारी बढ़ोतरी कर दी है.
ADVERTISEMENT
सरकार ने गोल्ड इम्पोर्ट ड्यूटी यानी सोने पर लगने वाली आयात शुल्क को 6 फीसदी से बढ़ाकर सीधे 15 फीसदी कर दिया है. यह नया नियम 13 मई, बुधवार से लागू हो गया है. इस फैसले के बाद विदेश से आने वाला सोना पहले के मुकाबले काफी महंगा हो जाएगा.
पहले अपील, फिर बढ़ी ड्यूटी
बीते रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार सार्वजनिक रूप से लोगों से सोना न खरीदने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि ज्यादा सोना आयात होने से देश की विदेशी मुद्रा खर्च होती है और इसका असर अर्थव्यवस्था पर पड़ता है. 24 घंटे के भीतर उन्होंने अपनी इस बात को दोहराया भी था.
अब सरकार ने बेसिक कस्टम ड्यूटी को 5 फीसदी से बढ़ाकर 10 फीसदी कर दिया है. वहीं Agriculture Infrastructure and Development Cess (AIDC) को 1 फीसदी से बढ़ाकर 5 फीसदी कर दिया गया है. इस तरह कुल मिलाकर Gold Import Duty अब 15 फीसदी हो गई है.
दो साल पहले मिली थी राहत
साल 2024 के बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोने पर आयात शुल्क कम करने का ऐलान किया था. उस समय Gold Import Duty को 15 फीसदी से घटाकर 6 फीसदी कर दिया गया था.
तब बेसिक इंपोर्ट ड्यूटी 10 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी और AIDC 5 फीसदी से घटाकर 1 फीसदी किया गया था. इस फैसले के बाद बाजार में सोना सस्ता हुआ था और इसकी मांग तेजी से बढ़ी थी.
सरकार की सबसे बड़ी चिंता क्या है?
जानकारों का मानना है कि सरकार की सबसे बड़ी चिंता सोने का तेजी से बढ़ता आयात है. जब Gold Import Duty कम हुई थी तब भारत में सोने का आयात काफी बढ़ गया था. इससे विदेशी मुद्रा भंडार यानी Forex Reserve पर दबाव बढ़ा और ट्रेड डेफिसिट भी प्रभावित हुआ.
सरकार का मानना है कि इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने से सोना आयात महंगा होगा और लोग इसकी खरीद कम करेंगे. इससे देश का Import Bill कम होगा और विदेशी मुद्रा की बचत हो सकेगी.
ग्राहकों और ज्वेलर्स को लगेगा झटका
इस फैसले का सबसे बड़ा असर आम ग्राहकों और ज्वेलरी कारोबारियों पर पड़ सकता है. शादी-विवाह के सीजन में सोने की मांग सबसे ज्यादा रहती है. ऐसे समय में आयात शुल्क बढ़ने से बाजार में सोना महंगा हो सकता है.
विदेश से आने वाले सोने पर ज्यादा टैक्स लगने की वजह से Gold Price बढ़ सकती है, जिसका सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा. खासकर शादी के लिए सोना खरीदने वालों को ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है.
वहीं सर्राफा कारोबारियों के लिए भी यह फैसला मुश्किलें बढ़ा सकता है. सोना महंगा होने पर इसकी मांग घट सकती है, जिससे बिक्री पर असर पड़ सकता है.
ADVERTISEMENT


