सोने की कीमतों में आई बड़ी गिरावट ने निवेशकों को चिंता में डाल दिया है. जिस सोने को लोग मुश्किल वक्त में सबसे सुरक्षित निवेश मानते हैं, वही सोना अब अपने रिकॉर्ड भाव से काफी नीचे आ गया है. इस साल के सबसे ऊंचे स्तर से सोने की कीमत करीब 36 फीसदी टूट चुकी है. वहीं, पिछले छह महीनों में भी इसमें 23 फीसदी की गिरावट आई है. सोने की कीमतों में गिरावट का असर गोल्ड ETF पर भी दिख रहा है. लेकिन हैरानी की बात यह है कि कीमतें गिरने के बावजूद दुनिया के केंद्रीय बैंक लगातार सोना खरीद रहे हैं. कुछ म्यूचुअल फंड भी इस गिरावट को खरीदारी के मौके के तौर पर देख रहे हैं.
ADVERTISEMENT
सोने की कीमतें क्यों गिर रही हैं?
सोने की कीमतों में गिरावट की दो बड़ी वजहें हैं. पहली अमेरिकी डॉलर की मजबूती है. डॉलर इस समय करीब 19 महीने के सबसे ऊंचे स्तर पर है. जब डॉलर मजबूत होता है तो दूसरी करेंसी वाले देशों के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है. इससे सोने की मांग पर असर पड़ता है और कीमतों में गिरावट आ सकती है. दूसरी वजह है अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका, अमेरिका में महंगाई को लेकर चिंता बनी हुई है. इसी वजह से अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ा सकता है. फेडरल रिजर्व की गवर्नर लिसा कुक ने भी ब्याज दरें और बढ़ाने की जरूरत बताई है. CME FedWatch के मुताबिक, बाजार को दिसंबर की बैठक में अमेरिकी ब्याज दरें बढ़ने की 93 फीसदी संभावना नजर आ रही है. अगर ब्याज दरें बढ़ती हैं तो निवेशकों को बैंक और बॉन्ड जैसे विकल्पों में बेहतर रिटर्न मिल सकता है. सोने से कोई ब्याज नहीं मिलता. इसलिए ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद से निवेशक सोने से दूरी बना सकते हैं.
कीमतें गिर रही हैं, फिर भी सोना खरीद रहे केंद्रीय बैंक
सोने की कीमतों में गिरावट के बीच दुनिया के केंद्रीय बैंक लगातार खरीदारी कर रहे हैं. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के आंकड़ों के मुताबिक, 2026 की तीसरी तिमाही में केंद्रीय बैंकों ने 321 टन सोना खरीदा. ये दूसरी तिमाही में खरीदे गए 296.3 टन सोने से 8.5 फीसदी ज्यादा है. इस साल की पहली तीन तिमाहियों में केंद्रीय बैंक कुल 675 टन सोना खरीद चुके हैं. यह पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 6 फीसदी ज्यादा है. दरअसल, दुनिया के कई केंद्रीय बैंक अपने विदेशी मुद्रा भंडार में डॉलर के साथ सोने की हिस्सेदारी भी बढ़ाना चाहते हैं. इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय तनाव और आर्थिक अनिश्चितता के बीच सोने को सुरक्षित निवेश माना जाता है. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल का अनुमान है कि 2026 में केंद्रीय बैंकों की सोने की खरीद पिछले साल के बराबर या उससे ज्यादा रह सकती है.
गोल्ड ETF में गिरावट, फिर भी आ रहा पैसा
सोने की कीमतों में गिरावट का असर गोल्ड ETF पर भी पड़ा है. इस महीने फिजिकल गोल्ड में निवेश करने वाले ETF की कीमतों में करीब 12 फीसदी की गिरावट आई है. लेकिन इसके बावजूद अक्टूबर में दुनिया के गोल्ड ETF में 2.7 अरब डॉलर का निवेश आया. खास बात यह है कि लगातार चौथे महीने गोल्ड ETF में निवेश बढ़ा है. इसका मतलब है कि कुछ निवेशक सोने की कीमतों में गिरावट से घबराकर पैसा निकाल रहे हैं, तो कुछ इसे सस्ते भाव पर खरीदारी का मौका मान रहे हैं.
DSP Mutual Fund ने शुरू की धीरे-धीरे खरीदारी
सोने की कीमतों में गिरावट के बीच DSP Mutual Fund ने भी अपनी रणनीति बदली है. फंड हाउस ने अपने DSP Multi Asset Omni Fund of Funds के जरिए सोने में धीरे-धीरे निवेश बढ़ाने का फैसला किया है. फंड हाउस ने सोने की खरीदारी के लिए कुछ भाव पहले से तय किए हैं.
- सोने का भाव 3,850 डॉलर प्रति औंस के आसपास आने पर निवेश 50 बेसिस पॉइंट बढ़ाया जाएगा.
- इसके बाद हर 100 डॉलर की गिरावट पर निवेश में 50 बेसिस पॉइंट और बढ़ाए जाएंगे.
- इसके लिए 3,800 डॉलर, 3,700 डॉलर और 3,600 डॉलर जैसे भाव तय किए गए हैं.
इसका मतलब है कि फंड एक साथ बड़ी रकम लगाकर सोना नहीं खरीदना चाहता. वह कीमतों में गिरावट के साथ थोड़ा-थोड़ा निवेश बढ़ाएगा. इस रणनीति का मकसद सोने की सबसे निचली कीमत का अंदाजा लगाना नहीं, बल्कि अलग-अलग भाव पर खरीदारी करके निवेश की औसत लागत को संभालना है.
क्या अभी सोना खरीदना सही रहेगा?
सोने की कीमतों में आई बड़ी गिरावट के बाद निवेशकों के मन में यही सवाल है कि अभी खरीदारी करें या थोड़ा इंतजार करें. सोने के पक्ष में सबसे बड़ी बात यह है कि दुनिया के केंद्रीय बैंक लगातार खरीदारी कर रहे हैं. गोल्ड ETF में भी निवेश बना हुआ है. इसके अलावा, दुनिया में आर्थिक और राजनीतिक अनिश्चितता बनी रहती है तो सोने की मांग को सहारा मिल सकता है. लेकिन दूसरी तरफ अमेरिकी डॉलर मजबूत बना हुआ है और ब्याज दरें बढ़ने की आशंका भी है. अगर ऐसा होता है तो सोने की कीमतों पर दबाव कुछ समय और रह सकता है. ऐसे में निवेशकों के लिए एक साथ बड़ी रकम लगाना समझदारी नहीं होगी. अगर आप लंबी अवधि के लिए सोने में निवेश करना चाहते हैं तो थोड़ा-थोड़ा करके पैसा लगा सकते हैं. कीमतों में और गिरावट आती है तो अगली किस्त से खरीदारी की जा सकती है. हालांकि, अगर आपके निवेश में पहले से सोने की हिस्सेदारी काफी ज्यादा है तो सिर्फ कीमत गिरने की वजह से और खरीदारी करने की जरूरत नहीं है. आखिर में समझने वाली बात यह है कि सोने की कीमतों में गिरावट जरूर आई है, लेकिन दुनिया के केंद्रीय बैंकों का भरोसा अभी भी बना हुआ है. ऐसे में सोना खरीदने के लिए जल्दबाजी करने के बजाय किस्तों में निवेश करना बेहतर तरीका हो सकता है.
(डिस्क्लेमर- ये खबर हमने आपकी जानकारी के लिए तैयार की है ये सोने में खरीदारी या बिकवाली की सलाह नहीं है. इसके लिए आप अपने निवेश सलाहकार की राय जरुर लें)
ADVERTISEMENT

