Gold-Silver Price Today: अगर आप सोने की गिरती कीमतों को देखकर परेशान हैं तो आपके लिए एक राहत भरी खबर है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि मार्केट में जो अभी गिरावट दिख रही है वो कोई 'क्रैश' नहीं है, बल्कि एक छोटा सा ब्रेक है. केडिया एडवाइजरी की एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले कुछ सालों में सोना ऐसे रिकॉर्ड बनाएगा कि सब हैरान रह जाएंगे. रिपोर्ट में सोने का अगला बड़ा टारगेट $8000 बताया गया है.
ADVERTISEMENT
अभी कीमतें क्यों गिर रही हैं?
सोने के दाम गिरने के पीछे मुख्य रूप से 5 विलेन हैं. अमेरिका में बॉन्ड यील्ड का बढ़ना, डॉलर का मजबूत होना, बड़े निवेशकों (ETF) द्वारा पैसा निकालना और फिलहाल भारत-चीन जैसे देशों में मांग कम होना. आसान शब्दों में कहें तो अभी लोग सोने से पैसा निकालकर दूसरी जगहों पर लगा रहे हैं इसलिए भाव थोड़े नीचे आए हैं.
अगले कुछ सालों का पूरा प्लान
रिपोर्ट ने इसे तीन हिस्सों में समझाया है:
- सितंबर 2026 तक: अभी सोने पर थोड़ा दबाव बना रह सकता है. कीमतें और भी नीचे जा सकती हैं, जिसे एक्सपर्ट्स खरीदारी का अच्छा मौका मान रहे हैं.
- मार्च 2027 तक: इस समय सोना गिरना बंद होगा और एक मजबूत आधार बनाएगा.
- 2027 के बाद: यहां से शुरू होगा असली 'महा-धमाका'. रिपोर्ट कहती है कि 2027 के बाद सोना रॉकेट की रफ्तार से बढ़ेगा और $8000 के स्तर को छू सकता है.
निवेशकों के लिए सलाह
कुल मिलाकर बात यह है कि 'पिक्चर अभी बाकी है'. अभी की सुस्ती आपके धैर्य की परीक्षा ले रही है, लेकिन जो लंबी रेस का खिलाड़ी होगा उसे आने वाले समय में सोने से जबरदस्त मुनाफा मिल सकता है. इसलिए पैनिक में आकर बेचने के बजाय भविष्य की बड़ी तेजी पर नजर रखें.
क्या है आज का ताजा रेट?
शुरुआती कारोबार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव 0.13% यानी करीब 190 रुपये टूट गया. इस गिरावट के बाद सोना 1,51,531 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर ट्रेड करता हुआ नजर आया. वहीं सोने के साथ-साथ आज चांदी की कीमत में भी गिरावट देखी जा रही है. घरेलू वायदा बाजार में चांदी लाल निशान पर ट्रेड करती दिखी. वहीं MCX पर चांदी का भाव शुरुआती कारोबार में 0.59 फीसदी या 1469 रुपये की गिरावट के साथ 2,45,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखा.
ADVERTISEMENT


