सोने चांदी की कीमतों में लगातार उतार चढ़ाव बना हुआ है. हालांकि इस साल जनवरी में अपने रिकॉर्ड हाई लेवल से सोने चांदी की कीमतें काफी गिर चुकी हैं. 9 अप्रैल को भी गोल्ड सिल्वर में गिरावट देखने को मिल रही है. लेकिन इस बीच यूरोप के एक छोटे से देश ने सोने की रिकॉर्डतोड़ खरीदारी शुरू कर दी है. साथ ही सोने पर एक बड़ी भविष्यवाणी भी सामने आई है. सोना-चांदी के इस एपिसोड में आइए विस्तार से जानते है सोने को लेकर क्या है पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
सोने-चांदी के भाव
9 अप्रैल को सोने में एक ओर जहां मामूली तेजी देखी गई है तो वहीं चांदी के भाव में गिरावट आई है. MCX पर शुरुआती कारोबार में चांदी की कीमत में करीब 4,700 रुपये की गिरावट आई, जबकि सोना भी 1,100 रुपये से अधिक सस्ता हुआ. 5 मई की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,39,918 रुपए प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी.9 अप्रैल को यह 2,35,850 रुपए पर खुली और शुरुआती कारोबार में 4,785 रुपये की गिरावट के साथ 2,35,133 रुपए तक आ गई.
सोने की कीमत में भी शुरुआती कारोबार में गिरावट आई है. एमसीएक्स पर 5 जून की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,51,776 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, वहीं 9 अप्रैल को ये 1,129 रुपये की गिरावट के साथ 1,50,647 रुपये पर खुला.
सोने की हुई जबरदस्त खरीददारी!
इस साल जनवरी के अंत में सोने की कीमत अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी. मतलब सोना अपने सबसे महंगे स्तर पर था, लेकिन फरवरी आते-आते कीमत में थोड़ी नरमी आई और यही मौका था, जिसे दुनिया के सेंट्रल बैंकों ने पकड़ लिया. जनवरी में जहां सिर्फ छह 6 सोना खरीदा गया था, वहीं फरवरी में सीधे 27 टन सोने की खरीदारी हुई.
कई देशों के पास जमा है सोना!
अब ये कोई सामान्य बात नहीं है, क्योंकि यह लगातार 23वां महीना है जब दुनिया के सेंट्रल बैंक सोने के नेट खरीदार बने हुए हैं. मतलब लगातार 2 साल से ज्यादा वक्त से देश सोना जमा कर रहे हैं, जिसमें सबसे आगे पोलैंड है. फरवरी में उसने अकेले 20 टन सोना खरीदा. ये उसकी पिछले एक साल की सबसे बड़ी खरीद है और अब उसके पास कुल 570 टन सोना हो गया है, जो उसके कुल रिजर्व का 21 फीसदी है.
पोलैंड का लक्ष्य 700 टन सोने का है और भारत के पास करीब 880 टन सोना है, जो उसके कुल रिजर्व का करीब 15 फीसदी है. मतलब भारत के पास सोना ज्यादा है, लेकिन प्रतिशत के हिसाब से पोलैंड आगे निकल चुका है. अब सिर्फ पोलैंड ही नहीं उजबेकिस्तान और कजाकिस्तान ने भी आठ आठ टन सोना खरीदा है. चीन की बात करें तो उसने लगातार सोलहवें महीने सोना खरीदा है और अब उसका कुल भंडार 2308 टन तक पहुंच गया है.
सोने को लेकर क्या हुई है भविष्यवाणी?
एक्पर्ट्स का कहना है कि अगले कुछ महीनों में सोने की कीमतें आसमान छूने वाली हैं. अनुमान है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 6200 डॉलर प्रति औंस के लेवल को पार कर सकता है. अगर इसे इंडियन करेंसी में बदलें तो यह करीब 1,98,484 रुपये प्रति 10 ग्राम बैठता है. यानी, बहुत जल्द देश में सोने का भाव 2 लाख रुपये के करीब पहुंच सकता है.
ADVERTISEMENT


