Gold Silver Rate Today: सोना जिसे हमेशा सबसे सुरक्षित निवेश माना जाता है. वही सोना इस समय लोगों को कन्फ्यूजन में डाल रहा है. एक तरफ कीमतें बढ़ती दिख रही हैं और दूसरी तरफ पूरे महीने का हिसाब देखें तो भारी गिरावट. यानी ऊपर भी जा रहा है और नीचे भी गिर रहा है. हर किसी के मन में ये सवाल है कि आखिर खेल क्या है? क्या सच में सोना 5400 डॉलर तक पहुंच सकता है? अब सोने की कीमतों में मचे उथल पुथल के बीच अमेरिका के बैंक गोल्डमैन सैश ने एक बड़ी चेतावनी दी है. क्या है ये चेतावनी चलिए जानते हैं इस खबर में...
ADVERTISEMENT
पहले जानिए 1 अप्रैल को सोने-चांदी के भाव?
सबसे पहले बात करते हैं 1 अप्रैल को सोने-चांदी के भाव क्या थे. MCX एक्सचेंज की बात करें तो यहां बुधवार को शाम करीब 5 बजकर 38 मिनट तक 5 जून 2026 की डिलीवरी वाला सोना 2140 रुपये की उछाल के साथ 1,52,901 रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल पर ट्रेड कर रहा था. वहीं 5 मई 2026 की डिलीवरी वाली चांदी 238 रुपये की तेजी के साथ 2,41,130 रुपये प्रति किलो के भाव पर ट्रेड कर रही थी.
सोने की कीमतों पर दबाव के 3 बड़े कारण
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस वक्त सोने की कीमत 4500 डॉलर के आसपास है. हाल ही में इसमें तेजी भी आई, लेकिन पूरे मार्च महीने में करीब 13 फीसदी की गिरावट रही. यानि सबसे खराब प्रदर्शन वो भी साल 2008 के बाद. अब आप सोच रहे होंगे जब दुनिया में युद्ध है...महंगाई है...अनिश्चितता है...तो सोना बढ़ना चाहिए, लेकिन असल कहानी थोड़ी अलग है. इसके पीछे तीन कारण हैं.
पहला कारण है ब्याज दर. जब ब्याज दरें बढ़ती हैं तो लोग अपना पैसा फिक्स्ड इनकम या बॉन्ड में डालते हैं क्योंकि वहां उन्हें पक्का रिटर्न मिलता है, लेकिन सोना कोई ब्याज नहीं देता. इसलिए उच्च ब्याज दर सोने के लिए खराब खबर है.
दूसरा कारण डॉलर है. अब डॉलर मजबूत हो गया है और जब डॉलर मजबूत होता है तो बाकी देशों के लिए सोना महंगा हो जाता है. इससे मांग कम होती है और कीमत दब जाती है.
तीसरा कारण है ईरान युद्ध. आप सोचेंगे युद्ध है तो सोना बढ़ेगा, लेकिन इस बार तेल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं और तेल महंगा होने का मतलब महंगाई बढ़ना है और जब महंगाई बढ़ती है तो केंद्रीय बैंक ब्याज दरें ऊंची रखते हैं यानी फिर से सोने पर दबाव तो यही वजह है कि सोना अभी फंसा हुआ है.
गोल्डमैन सैश का सोने की कीमतों पर दावा और चेतावनी
अब बात करते हैं कि गोल्डमैन सैश के दावे की. गोल्डमैन सैश का मानना है कि साल 2026 में सोना 5400 डॉलर तक जा सकता है. इसके पीछे 3 बड़े कारण बताए हैं: पहला आगे चलकर ब्याज दरें कम हो सकती हैं, जिससे सोने को फायदा मिलेगा. दूसरा केंद्रीय बैंक लगातार सोना खरीद रहे हैं. हर महीने करीब 60 टन की खरीद. ये मांग कीमतों को सपोर्ट देती है. तीसरा कारण है दुनिया धीरे धीरे डॉलर पर निर्भरता कम कर रही है और ऐसे में सोने की अहमियत बढ़ रही है, लेकिन ये रास्ता आसान नहीं होगा.
गिरेगा या बढ़ेगा सोने का भाव?
अगर हालात खराब हुए तो सोना 3800 डॉलर तक भी गिर सकता है और अगर तनाव बढ़ा तो 6000 डॉलर तक भी जा सकता है. यानि दोनों तरफ खतरा भी है और मौका भी. कुल मिलाकर सोना इस वक्त दो ताकतों के बीच फंसा हुआ है. एक तरफ ब्याज दर और डॉलर का दबाव. दूसरी तरफ युद्ध और अनिश्चितता. अब देखना ये है कि कौन सी ताकत जीतती है और उसी के हिसाब से सोने की दिशा तय होगी. आपको क्या लगता है आने वाले वक्त में सोने की कीमतें बढ़ेंगी या गिरेंगी. कमेंट बॉक्स में जरूर लिखें.
ADVERTISEMENT


