Gold Silver Price Update: सोना जाएगा 1.80 लाख पार? एक्सपर्ट ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी, समझें पूरा गणित

Gold price prediction 2026: सोने-चांदी की कीमतों में बीते दिनों से लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. इसी बीच एक्सपर्ट ने मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए अंदाजा लगाया है कि भाव 1.80 लाख के पार भी जा सकते है. जानिए सोने-चांदी के भाव, एक्सपर्ट की बड़ी भविष्यवाणी, डॉलर और ब्याज दरों का असर, साथ ही निवेशकों के लिए क्या है सही रणनीति.

Gold price prediction 2026
Gold price prediction 2026

सौरभ दीक्षित

follow google news

सोने ने फिर से ऐसा खेल दिखाया है, जिसने निवेशकों को चौंका दिया है. सिर्फ दो दिनों में सोने की कीमत करीब 15,500 रुपये बढ़ गई है. यानी सोने की चाल पलट गई है और अब अच्छी खासी तेजी देखने को मिल रही है. सोचिए इस हफ्ते सोमवार को जहां सोना करीब 1,29,500 प्रति 10 ग्राम के आसपास था, वहीं अब यह बढ़कर करीब 1,45,000 तक पहुंच चुका है. यानी दो दिन में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. अब सोने पर एक्सपर्ट बड़ी भविष्यवाणी कर रहे हैं कि सोना आने वाले वक्त में 1.80 लाख रुपये के स्तर को पार कर सकता है. लेकिन सवाल अब भी वही है कि क्या यह तेजी आगे भी जारी रहेगी या फिर यह सिर्फ एक अस्थायी उछाल है? सोना-चांदी के इस एपिसोड में जानिए इन्हीं सवालों के जवाब.  

Read more!

सोने-चांदी के भाव

सोने-चांदी में पिछले दो दिनों से तेजी दिखने के बाद 26 मार्च को गिरावट दिखी है. MCX एक्सचेंज पर 26 मार्च को शाम करीब 7 बजे 5 जून को डिलीवरी वाला सोना 3281 रुपए गिरकर 1,44,519 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था. वहीं चांदी में बड़ी गिरावट देखने को मिली है और 5 मई को डिलीवरी वाली चांदी 12,734 रुपए गिरकर 2,22,100 प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी.

सोने पर दिख रहा युद्ध का असर

अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग के बीच थोड़ी नरमी आते ही सोना के भाव में तेजी देखने को मिली थी. एक्सपर्ट के मुताबिक जब युद्ध का डर कम होता है तो तेल की कीमतें गिरने लगती हैं और यही हुआ भी है. सोमवार को तेल करीब सौ डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया था लेकिन बाद में गिरकर करीब छियासी डॉलर तक पहुंच गया. तेल सस्ता हुआ तो महंगाई का डर भी थोड़ा कम हुआ और जब महंगाई का डर कम होता है तो उम्मीद बढ़ती है कि अमेरिका का फेड ब्याज दरें कम कर सकता है. 

जब ब्याज दरें कम होती हैं तो सोना मजबूत होता है. क्योंकि सोना खुद कोई ब्याज नहीं देता, लेकिन कम ब्याज के माहौल में यह ज्यादा आकर्षक बन जाता है. इसके अलावा डॉलर थोड़ा कमजोर हुआ है. जब डॉलर कमजोर होता है तो सोना सस्ता लगता है और उसकी मांग बढ़ जाती है. इसी वजह से सोने और चांदी दोनों में तेजी देखने को मिली.

आगे क्या होगा?

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अभी सोना एक मजबूत रेंज में ट्रेड कर रहा है. इंटरनेशनल मार्केट में सोना करीब 4500 से 4600 डॉलर के बीच है. अगर ये इससे ऊपर निकलता है तो आगे बढ़कर करीब 4850 डॉलर तक जा सकता है. लेकिन अगर यह नीचे गिरता है तो 4400 डॉलर तक आ सकता है. यानी मार्केट अभी भी अनिश्चित है. 

अब भारत की बात करें तो भारत में सोना अभी 1,45,000 के करीब बना हुआ है. जानकारों की माने तो अगर ये 1,48,000 रुपये के ऊपर निकलता है तो फिर तेजी और बढ़ सकती है और ये 1,56,000 से 1,57,000 रुपये तक जा सकता है. और अगर सोने में तेजी बनी रही तो ये 1.80 लाख के लेवल को भी पार कर सकता है. लेकिन अगर ये गिरता है और 1,37,000 हजार के नीचे जाता है तो फिर मुनाफावसूली शुरू हो सकती है और कीमत वापस 1,30,000 हजार तक आ सकती है. 

निवेशक अभी क्या करें?

एक्सपर्ट्स का कहना है अभी का ट्रेंड हल्का पॉजिटिव है यानि गिरावट में खरीदारी की रणनीति अपनाई जा सकती है लेकिन ध्यान रखने वाली बात ये है भले ही सोना अभी ऊपर जा रहा है लेकिन हाल के हाई को तोड़ना आसान नहीं होगा. डॉलर मजबूत रहा तो तेजी पर ब्रेक लग सकता है, यानी तेजी भी है और खतरा भी. कुल मिलाकर सोना अभी मजबूत दिख रहा है, लेकिन रास्ता आसान नहीं है. ग्लोबल खबरें, तेल की कीमतें और डॉलर की चाल इन सब पर सोने की दिशा निर्भर करेगी. 

BIZ DEAL: कार खरीदने का गोल्डन मौका, मिल रहा है 40 हजार से 4 लाख तक का तगड़ा डिस्काउंट, जानिए सबसे फायदे वाली डील

    follow google news