सोने के भाव ने फिर पकड़ी रफ्तार! 7 दिन में ₹8,000 की बढ़ोतरी, चांदी भी हुई महंगी, जानें आज का ताजा रेट

न्यूज तक डेस्क

• 10:13 AM • 23 Aug 2026

सोने और चांदी की कीमतों में इस हफ्ते जोरदार तेजी देखने को मिली है. 10 ग्राम 24 कैरेट सोना बढ़कर करीब 1.61 लाख रुपए पहुंच गया. चांदी का भाव भी 2.47 लाख रुपए प्रति किलो हो गया है. साल 2026 में सोने की कीमत करीब 28 हजार रुपए बढ़ चुकी है. विशेषज्ञों का अनुमान है कि दिसंबर तक सोना 1.70 लाख और चांदी 3 लाख रुपए तक पहुंच सकती है.

NewsTak
Google CTA

भारतीय सर्राफा बाजार में इस हफ्ते कीमती धातुओं के दामों में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, सात दिनों के भीतर 24 कैरेट सोने के रेट में 8,257 रुपए प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई है. इसके साथ ही बाजार में 10 ग्राम सोने का भाव बढ़कर 1.61 लाख रुपए के स्तर पर पहुंच गया है. पिछले हफ्ते यानी 14 अगस्त को यही भाव 1.52 लाख रुपए था.

Read more!

दूसरी तरफ चांदी की चमक भी इस हफ्ते काफी बढ़ी है. प्रति किलो चांदी की कीमत में 12,788 रुपए का बड़ा उछाल आया है. इस तेजी के बाद अब चांदी 2.34 लाख रुपए से बढ़कर 2.47 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर बिक रही है.

साल 2026 में अब तक ₹28,000 महंगा हुआ सोना

साल 2026 की शुरुआत से ही सोने और चांदी के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. इस साल अब तक सोना कुल 28 हजार रुपए तक महंगा हो चुका है. 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना 1.33 लाख रुपए पर था, जो अब बढ़कर 1.61 लाख रुपए हो चुका है. वहीं चांदी भी 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए प्रति किलो पर थी, जो अब बढ़कर 2.47 लाख रुपए पर आ गई है. इससे पहले 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपए और चांदी ने 3.86 लाख रुपए का अपना ऑलटाइम हाई स्तर छुआ था.

दिसंबर तक ₹1.70 लाख पार जा सकता है सोना

कोटक सिक्युरिटीज के सीनियर वीपी (कमोडिटी रिसर्च) अनिंद्य बनर्जी के अनुसार, सोने की कीमतों को रिटेल निवेशकों के साथ-साथ दुनियाभर के सेंट्रल बैंकों की खरीदारी से मजबूत सहारा मिल रहा है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) समेत कई केंद्रीय बैंक लगातार सोने का स्टॉक बढ़ा रहे हैं. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में वैश्विक अनिश्चितता के बीच भी सोने की तेजी कायम रहेगी. अनुमान है कि इस साल दिसंबर तक 10 ग्राम सोने का रेट 1.70 लाख रुपए और चांदी 3 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर को छू सकती है.

खरीदारी करते समय याद रखें ये 3 जरूरी टिप्स

हॉलमार्क और कोड चेक करें: गहने खरीदते वक्त ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क जरूर देखें. इसमें AZ4524 जैसा एक खास अल्फान्यूमेरिक कोड होता है, जो सोने की शुद्धता (कैरेट) की गारंटी देता है.

बाजार भाव का मिलान करें: सोने का वजन कराने के बाद IBJA जैसी भरोसेमंद वेबसाइट्स से उस दिन का 24k, 22k या 18k सोने का सही रेट जरूर क्रॉस चेक करें.

मेकिंग चार्ज पर मोलभाव करें: ज्वेलरी पर लगने वाला मेकिंग चार्ज यानी मजदूरी तय नहीं होती है. बड़ी खरीदारी पर ज्वेलर्स से मेकिंग चार्ज का ब्रेकअप मांगें और इस पर डिस्काउंट की बात करें.