सोना-चांदी में भारी गिरावट! Gold ETF 6% और Silver ETF 9% तक टूटे, अब क्या करें निवेशक?

• 12:02 PM • 20 Nov 2026

सोना और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट से गोल्ड ETF 6% और सिल्वर ETF 9% तक टूट गए. जानिए अमेरिकी डॉलर की मजबूती, Fed की ब्याज दरों और कच्चे तेल की तेजी का सोने-चांदी पर क्या असर पड़ा है और निवेशकों को अब क्या करना चाहिए.

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

गोल्ड ETF 6% तक टूटे

सिल्वर ETF में 9% तक गिरावट

अमेरिकी डॉलर 19 महीने के हाई पर

दिसंबर में Fed रेट बढ़ने की आशंका

सोने और चांदी में आई गिरावट ने निवेशकों को बेचैन कर दिया है.असर सिर्फ फिजिकल सोने-चांदी पर नहीं, बल्कि गोल्ड और सिल्वर ETF पर भी दिखा, जहां शुक्रवार को जमकर बिकवाली हुई.दिलचस्प यह रहा कि घरेलू बाजार में MCX पर सोना-चांदी ने कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ की, लेकिन कुछ ही देर में बिकवाली का दबाव हावी हो गया.

Read more!

गोल्ड और सिल्वर ETF में कितनी गिरावट?

  • गोल्ड ETF: Axis Gold ETF, Invesco Gold ETF और Motilal Oswal Gold ETF करीब 6% तक टूटे. ज्यादातर बाकी गोल्ड ETF में लगभग 5% की गिरावट रही
  • सिल्वर ETF: SBI Silver ETF करीब 9% तक लुढ़क गया. HDFC, ICICI Prudential और Nippon India के सिल्वर ETF भी करीब 7% तक गिरे

सोने-चांदी में गिरावट क्यों?

1. अमेरिकी डॉलर में मजबूती

अमेरिकी डॉलर करीब 19 महीने के ऊंचे स्तर के आसपास पहुंच गया है. डॉलर मजबूत होने पर सोना-चांदी दूसरे देशों के निवेशकों के लिए महंगे हो जाते हैं, जिससे इनकी मांग पर दबाव पड़ता है.

2. अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका

अमेरिका में महंगाई बढ़ने की चिंता है, इसलिए बाजार को लग रहा है कि फेडरल रिजर्व दिसंबर में ब्याज दरें बढ़ा सकता है. सोना और चांदी पर कोई ब्याज नहीं मिलता, जबकि बैंक डिपॉजिट और अमेरिकी बॉन्ड ब्याज देते हैं. दरें बढ़ने पर निवेशकों के लिए ब्याज देने वाले विकल्प ज्यादा आकर्षक हो जाते हैं, और यही सोने-चांदी पर दबाव बढ़ा रहा है.

3. कच्चे तेल की कीमतों में तेजी

मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने और सऊदी अरब पर हमलों के बाद तेल की सप्लाई को लेकर चिंता गहरा गई है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते तेल की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका भी है. तेल महंगा होने से महंगाई का डर बढ़ता है, और यही डर अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बाजार की उम्मीदें बदल रहा है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्या हाल?

स्पॉट गोल्ड करीब 1.9% गिरकर 3,551 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. कारोबार के दौरान यह सितंबर 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर तक पहुंचा.इस हफ्ते सोने में करीब 8.9% की गिरावट आई है, जो मार्च के बाद की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है.चांदी भी करीब 2% टूटकर 41.90 डॉलर प्रति औंस पर आ गई.

MCX पर कैसी रही तस्वीर?

दिसंबर 2026 एक्सपायरी वाली चांदी करीब 7000 रुपये गिरकर 1,50,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. दिसंबर एक्सपायरी वाला सोना करीब 1,23,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा.बाजार खुलने के बाद दोनों में कुछ रिकवरी जरूर आई, लेकिन कुल मिलाकर बिकवाली का दबाव बना हुआ है. यहां एक बात और समझना जरूरी है. भारत में सोने-चांदी के भाव पर अंतरराष्ट्रीय कीमतों के साथ रुपये की चाल का भी असर पड़ता है. रुपये में मजबूती आने पर घरेलू बाजार में कीमतों पर अतिरिक्त दबाव बन सकता है.

क्या अब खरीदारी का मौका है?

लगातार गिरावट के बाद दोनों की कीमतें ओवरसोल्ड जोन में पहुंच गई हैं, यानी शॉर्ट टर्म में तेज रिकवरी देखने को मिल सकती है. लेकिन फिलहाल कीमतों का ट्रेंड कमजोर बना हुआ है. खासकर चांदी के मामले में विशेषज्ञ कहते हैं कि सिर्फ इसलिए निवेश न करें कि भाव अपने ऊंचे स्तर से काफी नीचे आ गया है. जब तक बाजार में बिकवाली कम होने के साफ संकेत न मिलें, जल्दबाजी से बचना चाहिए. फिलहाल निवेशकों के लिए सबसे जरूरी है कि वे सोने और चांदी को अलग-अलग समझें और सिर्फ कीमत गिरने के आधार पर निवेश का फैसला न लें.

डिस्क्लेमर: यह खबर सामान्य जानकारी के लिए है, निवेश सलाह नहीं. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरुर लें