Gold-Silver Price Crash: सोने और चांदी की कीमतों में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत के साथ ही तेज गिरावट देखने को मिली. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर दोनों कीमती धातुओं के वायदा भाव दबाव में नजर आए. चांदी की कीमत में एक झटके में 4,565 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आई, जबकि सोना करीब 1,987 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया. चांदी की कीमत में आई इस गिरावट के बाद यह अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 1.90 लाख रुपये प्रति किलो नीचे आ चुकी है. वहीं सोने का भाव भी 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास आ गया है.
ADVERTISEMENT
चांदी में बड़ी गिरावट
गुरुवार को कमोडिटी मार्केट में कारोबार शुरू होते ही सबसे ज्यादा दबाव चांदी की कीमत पर दिखाई दिया. 4 दिसंबर एक्सपायरी वाली चांदी बुधवार को 2,34,786 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी. गुरुवार की शुरुआत में इसका भाव गिरकर 2,30,221 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया. यानी पिछले बंद भाव के मुकाबले चांदी सीधे 4,565 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई. बाद में कारोबार के दौरान चांदी करीब 0.92 फीसदी की गिरावट के साथ 2.32 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास ट्रेड कर रही थी. अगर हाल की चाल देखें, तो चांदी में सिर्फ एक दिन की गिरावट ही नहीं आई है. पिछले एक हफ्ते में इसकी कीमत करीब 4.33 फीसदी टूट चुकी है. वहीं एक महीने की अवधि में चांदी करीब 3.45 फीसदी नीचे आई है. तीन महीने के आंकड़े देखें तो इसमें करीब 11.97 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है.
रिकॉर्ड हाई से ₹1.90 लाख तक नीचे आई चांदी
चांदी की मौजूदा कीमत की तुलना अगर इसके लाइफटाइम हाई से करें, तो गिरावट का अंतर काफी बड़ा दिखाई देता है. इस साल जनवरी के आखिरी हफ्ते में चांदी ने पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम का स्तर पार किया था. इसके बाद इसकी कीमत बढ़ते हुए 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड हाई तक पहुंची थी. अब मौजूदा भाव के आधार पर चांदी अपने इस रिकॉर्ड स्तर से करीब 1,89,827 रुपये प्रति किलो सस्ती हो चुकी है. यानी कुछ समय पहले जिस चांदी की कीमत 4.20 लाख रुपये प्रति किलो से ज्यादा थी, वह अब करीब 2.32 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही है.
सोने की कीमत भी करीब ₹2,000 गिरी
चांदी के साथ-साथ सोने के वायदा भाव में भी गुरुवार को तेज गिरावट देखने को मिली. MCX पर 5 अक्टूबर एक्सपायरी वाला 10 ग्राम 24 कैरेट सोना बुधवार को 1,52,470 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था. लेकिन गुरुवार को बाजार खुलने के साथ ही इसका भाव गिरकर 1,50,483 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इस तरह सोने की कीमत में एक झटके में करीब 1,987 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई. कारोबार के दौरान सोना करीब 0.87 फीसदी की गिरावट के साथ 1.51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड कर रहा था.
एक हफ्ते, एक महीने और तीन महीने में कितना टूटा सोना?
सोने की हालिया कीमतों पर नजर डालें तो इसमें भी लगातार कमजोरी देखने को मिली है. पिछले एक हफ्ते में सोने का भाव करीब 1.59 फीसदी गिर चुका है. एक महीने की अवधि में इसमें करीब 2.64 फीसदी की गिरावट आई है. वहीं पिछले तीन महीने में सोने की कीमत करीब 3.40 फीसदी नीचे आ चुकी है. इससे साफ है कि गुरुवार की गिरावट सोने और चांदी दोनों में जारी कमजोरी के बीच देखने को मिली है.
सितंबर में अब तक ₹3,977 सस्ता हुआ सोना
अगर सिर्फ सितंबर महीने की शुरुआत से सोने की कीमत में आए बदलाव को देखें, तो इसमें भी अच्छी-खासी गिरावट दर्ज हुई है. 31 अगस्त को कारोबार खत्म होने के समय 10 ग्राम सोने का भाव 1,54,460 रुपये था. इसके मुकाबले अब सोने की कीमत करीब 1,50,483 रुपये के स्तर पर आ गई है. यानी 31 अगस्त के बंद भाव से तुलना करें तो सोना अब करीब 3,977 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है.
सोना-चांदी के निवेशकों के लिए क्या मायने?
गुरुवार के कारोबार में सोने और चांदी दोनों में तेज गिरावट देखने को मिली है. खासतौर पर चांदी में गिरावट का अंतर बड़ा है, क्योंकि यह अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 1.90 लाख रुपये प्रति किलो नीचे आ चुकी है. वहीं सोना भी सितंबर की शुरुआत के मुकाबले करीब 3,977 रुपये प्रति 10 ग्राम नीचे है. हालांकि, सोने और चांदी की कीमतों में आगे भी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. ऐसे में अगर आप गोल्ड, सिल्वर या Gold-Silver ETF में निवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो निवेश का फैसला लेने से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें.
ADVERTISEMENT

