Gold-Silver Price Crash: सोना-चांदी की कीमतों में फिर बड़ी गिरावट, चांदी ₹24,000 तो सोना ₹4500 फिसला; जानें ताजा रेट्स

Gold-Silver Price Crash: सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी ₹24,000 से ज्यादा सस्ती होकर ₹2.44 लाख प्रति किलो पर आ गई है, जबकि सोना ₹4,500 गिरकर ₹1.48 लाख प्रति 10 ग्राम के करीब बिक रहा है.

NewsTak

न्यूज तक

follow google news

Gold-Silver Price Crash: भारतीय सराफा बाजार में बीते दो दिनों की मामूली तेजी के बाद एक बार फिर बड़ी गिरावट देखने को मिली है. गुरुवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही सोने और चांदी की कीमतें धड़ाम हो गईं. चांदी की कीमतों में जहां 24,000 हजार रुपए प्रति किलो से ज्यादा की बड़ी गिरावट आई है, वहीं सोना भी 4,500 रुपए प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया है.

Read more!

चांदी की कीमतों में भारी गिरावट

गुरुवार सुबह जैसे ही वायदा बाजार खुला, चांदी की कीमतों फिर से गिर गई. 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी जो पिछले सत्र में 2,68,850 रुपए प्रति किलो पर बंद हुई थी, वह सीधे गिरकर 2,44,654 प्रति किलोग्राम पर आ गई. इस तरह चांदी की कीमत में 24,196 रुपए की भारी कटौती दर्ज की गई है.

बता दें कि 29 जनवरी को चांदी 4,20,048 रुपए के अपने अब तक के सबसे उच्चतम स्तर (Life Time High) पर थी. उस हाई लेवल से तुलना करें तो चांदी अब तक करीब 1,75,394 रुपए प्रति किलो सस्ती हो चुकी है.

सोने की चमक भी हुई फीकी

चांदी के साथ-साथ सोने के दाम में भी बड़ी गिरावट आई है. 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना पिछले कारोबारी दिन 1,53,046 रुपए पर बंद हुआ था, जो गुरुवार सुबह 1,48,455 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया. यानी सोने के दाम में 4,591 रुपए की कमी आई है.

रिकॉर्ड कीमतों की बात करें तो सोना भी 29 जनवरी को 1,93,096 रुपए प्रति 10 ग्राम के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया था. फिलहाल, सोना अपने रिकॉर्ड हाई से लगभग 44,641 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता मिल रहा है.

(डिस्क्लेमर: सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ETF में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स या वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)

    follow google news