Gold Price : दिसंबर में बढ़ेंगी अमेरिकी ब्याज दरें? सोने पर मंडराया बड़ा खतरा! पूरी डिटेल

17 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 17 2026 3:28 PM)

सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दबाव देखने को मिल रहा है. दिसंबर डिलीवरी वाला अमेरिकी सोना यानी कॉमेक्स गोल्ड 0.74 फीसदी गिरकर 3,835 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. वहीं, चांदी 3.68 फीसदी टूटकर 46.93 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जो इसका 52 हफ्तों का निचला स्तर है.

NewsTak
Google CTA

सोना और चांदी... जिन्हें मुश्किल वक्त में निवेश का सुरक्षित ठिकाना माना जाता है. लेकिन इस वक्त इन दोनों कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ता जा रहा है. हालत यह है कि सोने की कीमत में गिरावट आई है, जबकि चांदी तो एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गई है. हैरानी की बात ये है कि कच्चे तेल की कीमतों में भी करीब 4 फीसदी की गिरावट आई. आम तौर पर तेल सस्ता होने से महंगाई का दबाव कम होने की उम्मीद बनती है. इससे सोने और चांदी को सहारा मिल सकता था. लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ. आखिर इसकी वजह क्या है? क्या सोने और चांदी की गिरावट अभी और बढ़ सकती है?

Read more!

सबसे पहले सोने और चांदी की कीमतों का हाल समझ लेते हैं. सोमवार को दिसंबर डिलीवरी वाला अमेरिकी सोना यानी कॉमेक्स गोल्ड करीब 0.74 फीसदी गिरकर 3,835 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ. इसकी कीमत में 28.60 डॉलर की गिरावट आई.

दरअसल, सोने के लिए 3,880 डॉलर का स्तर काफी अहम माना जा रहा था. पिछले कुछ समय से कीमतें इसी के आसपास सहारा ले रही थीं. लेकिन सोमवार को सोना इस स्तर से नीचे खुला और कारोबार के दौरान और फिसल गया.

अब चांदी की बात करते हैं. चांदी की कीमत में तो इससे भी बड़ी गिरावट देखने को मिली. सोमवार को कॉमेक्स सिल्वर 3.68 फीसदी यानी 1.74 डॉलर टूटकर 46.93 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई. यह पिछले 52 हफ्तों का सबसे निचला स्तर है. चांदी के लिए 48 डॉलर का स्तर अहम सपोर्ट माना जा रहा था. लेकिन कीमत इसके नीचे भी चली गई.

कच्चा तेल सस्ता, फिर भी सोना-चांदी क्यों गिरे?

अब सवाल है कि जब कच्चे तेल की कीमत करीब 4 फीसदी गिर गई, तो सोने और चांदी को इसका फायदा क्यों नहीं मिला? दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव को लेकर ऐसी खबरें आईं कि अमेरिका फिलहाल ईरान पर तुरंत हमला करने की तैयारी नहीं कर रहा है. इससे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई. अमेरिकी कच्चा तेल यानी WTI करीब 85.72 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड करीब 92.44 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया.

तेल सस्ता होने का मतलब है कि आने वाले समय में महंगाई का दबाव कुछ कम हो सकता है. महंगाई कम होने की उम्मीद से ब्याज दरें बढ़ने की आशंका भी कम हो सकती है. और जब ब्याज दरें बढ़ने की आशंका घटती है, तो आम तौर पर सोने को फायदा मिलता है. लेकिन इस बार बाजार में कहानी कुछ अलग रही.

ब्याज दरें बढ़ने का डर बना हुआ है

अमेरिका में अक्टूबर महीने के महंगाई के आंकड़े उम्मीद से ज्यादा रहे. कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स यानी CPI में 0.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि कोर महंगाई 0.3 फीसदी बढ़ी. कोर महंगाई का मतलब है कि खाने-पीने की चीजों और ऊर्जा की कीमतों जैसे ज्यादा उतार-चढ़ाव वाले हिस्सों को हटाकर महंगाई की स्थिति देखना. महंगाई के इन आंकड़ों ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सामने ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव बनाए रखा है. CME FedWatch के मुताबिक, 8 और 9 दिसंबर की बैठक में फेड की तरफ से ब्याज दरों में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी की आशंका 90 फीसदी से ऊपर पहुंच गई है.

यानी बाजार को डर है कि अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ सकती हैं. अगर ऐसा होता है, तो सोने जैसे ऐसे निवेश पर दबाव पड़ता है, जिससे नियमित ब्याज नहीं मिलता. इसके अलावा अमेरिकी डॉलर भी मजबूत बना हुआ है. डॉलर इंडेक्स करीब 103.4 पर है, जो अप्रैल 2025 के बाद इसका सबसे मजबूत स्तर बताया गया है. जब डॉलर मजबूत होता है, तो भारत समेत अमेरिका के बाहर के खरीदारों के लिए सोना और चांदी महंगे पड़ सकते हैं. इससे इनकी मांग पर असर पड़ सकता है.

चांदी पर सोने से ज्यादा मार

इस गिरावट में चांदी को सोने के मुकाबले ज्यादा नुकसान हुआ है. गोल्ड-सिल्वर रेशियो भी बढ़कर करीब 82 पर पहुंच गया है. शुक्रवार को यह 80 से थोड़ा नीचे था. इसका मतलब है कि एक औंस सोना खरीदने के लिए करीब 82 औंस चांदी की कीमत के बराबर पैसा देना होगा. रिपोर्ट के मुताबिक, चांदी जनवरी में बने अपने रिकॉर्ड हाई करीब 121.65 डॉलर प्रति औंस से लगभग 61 फीसदी नीचे आ चुकी है.

अब सोने और चांदी के लिए कौन से स्तर अहम?

तकनीकी नजरिए से देखें तो सोने के लिए 3,880 डॉलर और चांदी के लिए 48 डॉलर का स्तर बेहद अहम हो गया है. पहले ये स्तर कीमतों को गिरने से रोकने में मदद कर रहे थे. लेकिन अब इनके नीचे जाने के बाद यही स्तर आगे कीमतों के लिए रुकावट बन सकते हैं. सोने के लिए अगला अहम स्तर 3,800 डॉलर बताया जा रहा है. अगर गिरावट जारी रहती है, तो करीब 3,500 डॉलर का स्तर भी चर्चा में आ सकता है. हालांकि, ये तकनीकी अनुमान हैं, कीमतों की गारंटी नहीं.

आने वाले दिनों में अमेरिका के रिटेल बिक्री के आंकड़े, फेडरल रिजर्व की पिछली बैठक के मिनट्स और फेड अधिकारियों के बयान बाजार की दिशा तय कर सकते हैं. अगर रिटेल बिक्री के आंकड़े कमजोर आते हैं, तो ब्याज दरें बढ़ने की आशंका कम हो सकती है. इससे डॉलर पर दबाव और सोने-चांदी को राहत मिल सकती है. लेकिन अगर आंकड़े मजबूत रहे, तो डॉलर की मजबूती बनी रह सकती है और कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ सकता है.

कुल मिलाकर, सोने और चांदी की चाल फिलहाल सिर्फ कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर नहीं है. अमेरिकी महंगाई, ब्याज दरों की आशंका और डॉलर की मजबूती भी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं. इसलिए अगर आप सोने या चांदी में निवेश करते हैं, तो सिर्फ एक-दो दिन की तेजी या गिरावट देखकर फैसला न लें. अपनी निवेश अवधि, जोखिम उठाने की क्षमता और पोर्टफोलियो में इनकी हिस्सेदारी को ध्यान में रखकर ही कोई कदम उठाएं.