Gold-Silver Price: चार दिन में ₹16,503 सस्ती हुई चांदी, सोने के भाव भी गिरे

न्यूज तक डेस्क

• 11:52 AM • 25 Oct 2026

सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है. घरेलू बाजार में चार दिन में चांदी 16,503 रुपये प्रति किलो सस्ती होकर 1,94,415 रुपये पर आ गई. MCX पर भी चांदी के भाव गिरे. वहीं घरेलू बाजार में सोना 4,796 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ. ज्वेलरी खरीदते समय GST और मेकिंग चार्ज का ध्यान रखें.

NewsTak
Google CTA

त्योहारी सीजन में सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए कीमतों में बड़ी गिरावट आई है. बीते सप्ताह महज चार दिन के कारोबार में चांदी 16,000 रुपये से ज्यादा सस्ती हो गई. घरेलू बाजार में इसका भाव 2 लाख रुपये प्रति किलो से नीचे आ गया है. वायदा बाजार यानी MCX पर भी चांदी की कीमत में भारी कमी दर्ज की गई. दूसरी ओर सोने के भाव भी तेजी से नीचे आए हैं.

Read more!

घरेलू बाजार में 16,503 रुपये सस्ती हुई चांदी

दिल्ली समेत देश के घरेलू सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 16 अक्टूबर को चांदी का भाव 2,10,918 रुपये प्रति किलो था. शुक्रवार तक यह घटकर 1,94,415 रुपये प्रति किलो रह गया.

इस तरह चार दिन के कारोबार में चांदी 16,503 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई. अब इसका भाव 2 लाख रुपये प्रति किलो से भी नीचे आ चुका है.

MCX पर भी चांदी के दाम गिरे

वायदा बाजार में भी चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. MCX पर 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाला एक किलो चांदी का कॉन्ट्रैक्ट 16 अक्टूबर को 2,11,187 रुपये पर था. शुक्रवार को इसका भाव घटकर 1,96,100 रुपये रह गया. इस हिसाब से चार दिन में MCX पर चांदी 15,087 रुपये प्रति किलो सस्ती हुई है.

अपने हाई लेवल से 2.23 लाख रुपये नीचे चांदी

चांदी की मौजूदा कीमत की तुलना इसके लाइफटाइम हाई से करें तो गिरावट और बड़ी नजर आती है. इस साल जनवरी के आखिरी सप्ताह में चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी.

अब 1,94,415 रुपये प्रति किलो के भाव के हिसाब से चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर से 2,25,633 रुपये नीचे है. वहीं MCX पर मौजूदा 1,96,100 रुपये के भाव की तुलना रिकॉर्ड स्तर से करें तो यह 2,23,948 रुपये कम है.

सोने की कीमत भी तेजी से गिरी

चांदी के साथ सोने के भाव में भी बड़ी गिरावट आई है. MCX पर 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाला 10 ग्राम सोने का कॉन्ट्रैक्ट पहले 1,47,918 रुपये पर था. अब इसकी कीमत घटकर 1,42,150 रुपये रह गई है. इस तरह इसमें 5,768 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई है.

घरेलू बाजार में भी सोना सस्ता हुआ है. IBJA के आंकड़ों के मुताबिक, सोने की कीमत 1,46,426 रुपये प्रति 10 ग्राम से घटकर 1,41,630 रुपये रह गई. यानी घरेलू बाजार में सोना 4,796 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है.

ज्वेलरी खरीदते समय इन खर्चों का रखें ध्यान

सोने की कीमत कम होने का मतलब यह नहीं है कि ज्वेलरी भी उसी भाव पर मिलेगी. सर्राफा दुकान से गहने खरीदते समय सोने की कीमत के अलावा GST और मेकिंग चार्ज भी देना पड़ता है.

मेकिंग चार्ज अलग-अलग शहरों और राज्यों में अलग हो सकता है. इन अतिरिक्त खर्चों के जुड़ने से गहने की अंतिम कीमत बढ़ जाती है. इसलिए खरीदारी से पहले कुल कीमत की जानकारी जरूर लें.

निवेश संबंधी जरूरी बात: सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ETF में निवेश करने से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें.