औंधे मुंह गिरे सोना-चांदी, क्या अब ₹1 लाख तक गिरेगा सोने का भाव ?

चिराग ठाकुर

• 02:53 PM • 16 Nov 2026

एमसीएक्स पर सोना 1.35 लाख रुपये के नीचे और चांदी 1.70 लाख रुपये के करीब आ गई. अमेरिकी ब्याज दरों की आशंका के बीच जानें अभी खरीदारी सही है या करें इंतजार.

NewsTak
Google CTA
▌

न्यूज़ हाइलाइट्स

अमेरिकी महंगाई ने ब्याज दर घटने की बाजार उम्मीद कमजोर की

मजबूत डॉलर और बढ़ी बॉन्ड यील्ड ने सोने पर दबाव बढ़ाया

तकनीकी संकेत सोने में छोटी अवधि की कमजोरी बता रहे हैं

सोना और चांदी एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गए हैं. MCX पर सोना 1.35 लाख रुपये और चांदी 1.70 लाख रुपये के नीचे कारोबार कर रही है. अमेरिकी महंगाई और ब्याज दरों की चिंता से कीमतों पर दबाव है. ऐसे में सवाल है कि क्या यह शादी की खरीदारी का सही मौका है या सोने में अभी और गिरावट बाकी है.

Read more!

भारत में वेडिंग सीजन शुरू होने से ठीक पहले सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है. सोमवार को दोनों कीमती धातुएं एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गईं. MCX पर सोना 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के अहम स्तर से नीचे फिसल गया, जबकि चांदी भी 1.70 लाख रुपये प्रति किलो के नीचे आ गई.

खरीदारों के लिए यह राहत की खबर हो सकती है, लेकिन बाजार के संकेत अभी पूरी तरह सकारात्मक नहीं हैं. जानकारों को सोने में और कमजोरी की आशंका है. ऐसे में बड़ा सवाल है कि क्या सोने का भाव 1 लाख रुपये तक जा सकता है और शादी के लिए खरीदारी करने वालों को अभी क्या करना चाहिए?

सोना-चांदी कितने सस्ते हुए?

सोमवार को खबर शूट होने तक MCX पर सोना करीब 1,800 रुपये टूटकर 1,34,982 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. वहीं चांदी एक ही दिन में 6,500 रुपये से ज्यादा सस्ती होकर 1,69,800 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 3,900 डॉलर और चांदी 48 डॉलर प्रति औंस के नीचे कारोबार करती दिखी. यानी दबाव सिर्फ भारतीय बाजार तक सीमित नहीं है.

अमेरिका की महंगाई ने क्यों बिगाड़ा सोने का खेल?

सोने की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका से आए महंगाई के आंकड़े और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बदलती उम्मीदें हैं.

  • अक्टूबर में अमेरिका की उपभोक्ता महंगाई 0.4 फीसदी बढ़ी.

  • थोक महंगाई यानी PPI में चार साल की सबसे बड़ी सालाना बढ़ोतरी दर्ज हुई.

  • इससे दिसंबर में अमेरिकी फेड की ओर से ब्याज दरें घटाने की उम्मीद कमजोर हुई है.

Brickwork Ratings के रिसर्च हेड राजीव शरण के मुताबिक, दिसंबर में ब्याज दरें 0.25 फीसदी बढ़ने की आशंका करीब 90 फीसदी तक पहुंच गई है. इससे डॉलर मजबूत हुआ है और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में भी तेजी आई है.

इसका सोने पर सीधा असर पड़ता है. सोना निवेश पर ब्याज नहीं देता, जबकि अमेरिकी बॉन्ड ब्याज कमाने का मौका देते हैं. ऐसे में जब बॉन्ड यील्ड और डॉलर मजबूत होते हैं, तो निवेशकों का रुझान सोने से दूसरे विकल्पों की ओर बढ़ सकता है. फिलहाल सोने पर यही दबाव दिखाई दे रहा है.

सोने में और कितनी गिरावट संभव?

ग्लोबल संकेतों के साथ सोने का तकनीकी रुझान भी फिलहाल कमजोर है. Motilal Oswal के सीनियर एनालिस्ट मानव मोदी के मुताबिक, सोने का शॉर्ट टर्म रुझान मंदी वाला बना हुआ है.

उनके बताए अहम स्तर इस तरह हैं:

  • सपोर्ट: 1,35,500 रुपये का स्तर टूटने के बाद 1,34,500 और फिर 1,33,000 रुपये.

  • पहली चुनौती: तेजी लौटने के लिए 1,36,350 रुपये के ऊपर टिकना जरूरी.

  • रिकवरी का स्तर: 1,37,000 से 1,37,100 रुपये के ऊपर मजबूती आने पर 1,38,000 से 1,39,000 रुपये तक वापसी संभव.

बड़ी तस्वीर में तेजी के संकेत तभी मजबूत होंगे, जब सोना 1,39,000 से 1,40,000 रुपये के ऊपर टिकेगा.

चांदी में गिरावट ज्यादा क्यों?

सोने के मुकाबले चांदी में गिरावट ज्यादा तेज है. इसकी एक वजह यह है कि चांदी का इस्तेमाल निवेश के अलावा उद्योगों में भी बड़े पैमाने पर होता है. इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और दूसरे औद्योगिक क्षेत्रों में इसकी मांग रहती है.

चीन की अर्थव्यवस्था और मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ने से चांदी की औद्योगिक मांग पर सवाल उठ रहे हैं. इससे इसकी कीमतों पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है.

क्या सोना 1 लाख रुपये तक गिर सकता है?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सोने की कीमत 1 लाख रुपये तक पहुंच सकती है? कुछ एक्सपर्ट्स ने भारतीय बाजार में सोने के 1 लाख से 1.25 लाख रुपये के दायरे तक आने की आशंका जताई है. हालांकि, इसे कोई पक्का अनुमान या तत्काल टारगेट नहीं समझना चाहिए.

मौजूदा भाव से 1 लाख रुपये तक पहुंचने के लिए सोने में काफी बड़ी गिरावट आनी होगी. इसके लिए डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में और मजबूती के साथ सोने पर लगातार बिकवाली का दबाव जरूरी होगा. दूसरी तरफ, रुपये में कमजोरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की गिरावट का पूरा फायदा भारतीय खरीदारों तक पहुंचने से रोक सकती है.

शादी के लिए सोना खरीदें या इंतजार करें?

राजीव शरण का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना शॉर्ट टर्म में 3,850 से 4,000 डॉलर प्रति औंस के दायरे में रह सकता है. हालांकि, लंबी अवधि में केंद्रीय बैंकों की खरीदारी और भारत में वेडिंग सीजन की मांग सोने को सहारा दे सकती है.

ऐसे में खरीदारों के लिए कुछ बातें अहम हैं:

  • शादी के लिए खरीदारी: अगर जल्द गहने बनवाने हैं, तो पूरी खरीदारी एक साथ करने के बजाय जरूरत के हिसाब से हिस्सों में खरीदना एक विकल्प हो सकता है.

  • निवेश के लिए खरीदारी: सिर्फ कीमतों में गिरावट देखकर जल्दबाजी में निवेश करना ठीक नहीं होगा.

  • आगे के संकेत: अमेरिकी महंगाई, फेड की ब्याज दरों और डॉलर की चाल पर नजर रखना जरूरी होगा.

कुल मिलाकर, सोना और चांदी सस्ते जरूर हुए हैं, लेकिन गिरावट थमने के संकेत अभी साफ नहीं हैं. एक तरफ अमेरिकी ब्याज दरों और डॉलर का दबाव है, तो दूसरी तरफ केंद्रीय बैंकों की खरीदारी और घरेलू मांग कीमतों को सहारा दे सकती है. इसलिए खरीदारों के लिए यह समझना जरूरी है कि सस्ता सोना हमेशा तुरंत खरीदारी का संकेत नहीं होता.