Gold-Silver Rate Today: सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए राहत की खबर है. कमोडिटी मार्केट (MCX) में दोनों कीमती धातुओं के दाम तेजी से गिर रहे हैं. आज चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 1.60 लाख रुपये तक सस्ती हो गई है, वहीं सोने की कीमतों में भी 1,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट आई है. गुरुवार को कारोबारी हफ्ते के चौथे दिन बाजार खुलते ही सोने और चांदी, दोनों के भाव धड़ाम से नीचे गिर गए.
ADVERTISEMENT
चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी के दाम में गुरुवार को गिरावट दर्ज की गई. 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी बुधवार को जहां 2,63,018 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, वहीं गुरुवार को कारोबार शुरू होते ही यह 2,60,453 रुपये प्रति किलो तक आ गई. यानी एक ही झटके में चांदी 2,565 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई.
रिकॉर्ड हाई से ₹1.59 लाख नीचे चांदी
जनवरी महीने के आखिर में चांदी ने ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया था. 29 जनवरी को चांदी पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंची और 4,20,048 रुपये प्रति किलो का लाइफ टाइम हाई दर्ज किया. इसके बाद से कीमतों में लगातार गिरावट बनी हुई है. मौजूदा भाव के हिसाब से देखें तो चांदी अब अपने उच्चतम स्तर से करीब 1,59,595 रुपये प्रति किलो सस्ती हो चुकी है.
सोने के दाम भी टूटे
चांदी के साथ सोने की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई. MCX पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना बुधवार को 1,58,755 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. गुरुवार को बाजार खुलते ही यह गिरकर 1,57,701 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इस तरह सोना एक दिन में 1,054 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया.
हाई से काफी नीचे आ चुका है सोना
सोने ने भी 29 जनवरी को रिकॉर्ड लेवल टच किया था. उस दिन सोना 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था. इसके बाद से इसमें लगातार गिरावट बनी हुई है. मौजूदा स्तर पर सोना अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 35,395 रुपये प्रति 10 ग्राम नीचे कारोबार कर रहा है.
(नोट: किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने बाजार विशेषज्ञों या वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
ADVERTISEMENT

