सोना और चांदी... इन दोनों धातुओं ने 2026 की शुरुआत में निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न देकर चौंका दिया था. सोने की कीमत 5,000 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंच गई थी. चांदी में भी जोरदार तेजी देखने को मिली थी. लेकिन अब तस्वीर बदल रही है. दोनों की कीमतों में गिरावट आई है और निवेशकों के मन में सवाल है कि क्या इनकी तेजी खत्म हो गई है?
ADVERTISEMENT
लेकिन दुनिया की बड़ी निवेश कंपनियों में शामिल BlackRock का मानना है कि सोने और चांदी की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है. कंपनी की iShares Investment Strategy for the Americas की प्रमुख क्रिस्टी अकुलियन के मुताबिक, फिलहाल इन धातुओं पर दबाव जरूर है, लेकिन लंबे समय में इनकी मांग को सहारा देने वाले कई कारण अब भी मौजूद हैं. तो सवाल है कि सोने और चांदी की कीमतें क्यों गिर रही हैं? आगे इन्हें किन वजहों से सहारा मिल सकता है? और निवेश के लिहाज से सोने और चांदी में क्या फर्क है? चलिए, पूरी कहानी आसान भाषा में समझते हैं.
सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट क्यों आई?
क्रिस्टी अकुलियन के मुताबिक, 2026 की शुरुआत में सोने और चांदी में जबरदस्त तेजी आई थी. जनवरी में सोने की कीमत 5,000 डॉलर प्रति औंस के ऊपर पहुंच गई थी. लेकिन इसके बाद तीन बड़े कारणों से इनकी कीमतों पर दबाव आया. पहला कारण है अमेरिका में ब्याज दरों से जुड़ी उम्मीदें और रियल यील्ड में बढ़ोतरी. आसान भाषा में समझिए, जब सरकारी बॉन्ड से मिलने वाला महंगाई के बाद का वास्तविक रिटर्न बढ़ता है, तो निवेशकों को सोने जैसी ऐसी संपत्तियों में पैसा लगाने का आकर्षण कम हो सकता है, जिनसे नियमित ब्याज नहीं मिलता.
दूसरा कारण है अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना. डॉलर मजबूत होने पर दूसरे देशों के निवेशकों के लिए डॉलर में खरीदा जाने वाला सोना महंगा पड़ सकता है. इससे मांग पर दबाव आता है. तीसरा कारण है मुनाफावसूली. जब किसी चीज की कीमत तेजी से बढ़ जाती है, तो कई निवेशक अपना मुनाफा निकालने के लिए उसे बेचने लगते हैं. इसका असर भी सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ा. BlackRock के मुताबिक, सोना साल 2026 में अब तक करीब 10 फीसदी नीचे है. चांदी को भी मुनाफावसूली और आर्थिक परिस्थितियों में बदलाव के कारण दबाव का सामना करना पड़ा है.
पहला फैक्टर: दुनिया पर बढ़ता कर्ज और सोने की अहमियत
अब समझते हैं कि गिरावट के बावजूद सोने को लंबी अवधि में सहारा कहां से मिल सकता है. क्रिस्टी अकुलियन के मुताबिक, दुनिया के कई बड़े देशों पर कर्ज लगातार बढ़ रहा है. अमेरिका का सरकारी कर्ज उसकी GDP यानी देश में एक साल में बनने वाली कुल वस्तुओं और सेवाओं की कीमत के 120 फीसदी से ज्यादा हो चुका है. वहीं, अमेरिका का सालाना बजट घाटा GDP के करीब 6 से 7 फीसदी के बराबर बना हुआ है. जापान, ब्रिटेन, फ्रांस और कनाडा जैसी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं पर भी भारी कर्ज है. ऐसे माहौल में सोने की अहमियत बढ़ जाती है. इसकी वजह है कि सोना किसी सरकार या देश की देनदारी नहीं है. यानी किसी एक सरकार के आर्थिक संकट से सोने का अस्तित्व खत्म नहीं होता.
इसीलिए कई निवेशक सोने को अपनी संपत्ति की वैल्यू बचाने का एक जरिया मानते हैं. इसे आसान भाषा में ऐसे समझिए कि अगर किसी देश की करेंसी पर भरोसा कमजोर पड़ता है, तो कुछ निवेशक सोने की तरफ रुख कर सकते हैं. हालांकि, पिछले कुछ समय में अमेरिका की आर्थिक ग्रोथ में सुधार और डॉलर की मजबूती ने इस सोच को कुछ कमजोर किया है. अप्रैल 2025 में अमेरिकी टैरिफ से जुड़े फैसलों के बाद डॉलर और अमेरिकी संपत्तियों को लेकर जो चिंता बढ़ी थी, उसमें भी बाद में बदलाव आया. इसके साथ ही रियल यील्ड बढ़ने से निवेशकों ने सोने और चांदी में अपनी कुछ पोजिशन कम की. यहां एक बात और समझना जरूरी है. चांदी भी कर्ज और करेंसी से जुड़ी चिंताओं के समय निवेश का विकल्प बन सकती है, लेकिन इसका व्यवहार सोने से ज्यादा उतार-चढ़ाव वाला होता है. पिछले 20 साल में चांदी की सालाना कीमतों में उतार-चढ़ाव सोने के मुकाबले कभी-कभी दोगुना तक रहा है.
दूसरा फैक्टर: दुनिया में तनाव और सुरक्षित निवेश की तलाश
सोने को लंबे समय से मुश्किल वक्त का साथी माना जाता है. जब दुनिया में युद्ध, राजनीतिक तनाव या आर्थिक अनिश्चितता बढ़ती है, तो निवेशक ऐसे विकल्प तलाशते हैं जिनका शेयर बाजार से सीधा संबंध कम हो. BlackRock की क्रिस्टी अकुलियन का कहना है कि सोने को सिर्फ सुरक्षित निवेश नहीं, बल्कि निवेश पोर्टफोलियो को स्थिर रखने वाले विकल्प के तौर पर भी देखना चाहिए.
अब पोर्टफोलियो का मतलब समझिए. आपने अपना पैसा शेयर, म्यूचुअल फंड, बॉन्ड और सोने जैसी अलग-अलग जगहों पर लगाया है, तो इन सबका जोड़ आपका निवेश पोर्टफोलियो कहलाता है. BlackRock के विश्लेषण के मुताबिक, 2020 के बाद जिन महीनों में अमेरिका का S&P 500 इंडेक्स 5 फीसदी से ज्यादा गिरा, उन महीनों में सोने ने औसतन 2 फीसदी का रिटर्न दिया. वहीं, अमेरिकी बॉन्ड इंडेक्स का रिटर्न लगभग शून्य के आसपास रहा. इसका मतलब यह नहीं है कि शेयर बाजार गिरने पर सोना हमेशा बढ़ेगा. लेकिन आंकड़े बताते हैं कि बाजार में बड़ी गिरावट के दौरान सोना कई बार पोर्टफोलियो को सहारा दे सकता है.
तीसरा फैक्टर: चांदी की औद्योगिक मांग और AI का कारोबार
अब आते हैं चांदी पर. सोने के मुकाबले चांदी की एक खासियत है. इसका इस्तेमाल सिर्फ निवेश के लिए नहीं, बल्कि उद्योगों में भी बड़े पैमाने पर होता है. BlackRock के मुताबिक, चांदी की सालाना खपत का करीब 60 फीसदी हिस्सा इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों से आता है. इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स अकेले हर साल करीब 44.5 करोड़ औंस चांदी की मांग पैदा करते हैं. सोलर पैनल में बिजली के संचालन के लिए चांदी का इस्तेमाल होता है. इसके अलावा इलेक्ट्रिक गाड़ियों, बिजली से जुड़े उपकरणों और सेमीकंडक्टर में भी इसकी जरूरत पड़ती है.
अब AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है. AI को चलाने के लिए बड़े-बड़े डेटा सेंटर बनाए जा रहे हैं. इन डेटा सेंटर में कंप्यूटर, सर्वर और बिजली से जुड़े ढांचे की जरूरत होती है. इन सबमें चांदी का इस्तेमाल होता है.
क्रिस्टी अकुलियन के मुताबिक, दुनिया में डेटा सेंटर की कंप्यूटिंग क्षमता साल 2000 में करीब 1 गीगावॉट थी, जो अब बढ़कर लगभग 50 गीगावॉट हो गई है. सोलर सेक्टर भी चांदी की मांग का बड़ा हिस्सा है. साल 2014 में सोलर फोटोवोल्टिक यानी सोलर पैनल तकनीक की हिस्सेदारी चांदी की कुल औद्योगिक मांग में करीब 11 फीसदी थी. 2024 में यह बढ़कर लगभग 29 फीसदी हो गई. BlackRock का मानना है कि 2030 तक सोलर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन और AI डेटा सेंटर चांदी की औद्योगिक मांग को सहारा दे सकते हैं.
केंद्रीय बैंक भी लगातार खरीद रहे हैं सोना
सोने की मांग का एक बड़ा हिस्सा दुनिया के केंद्रीय बैंकों से आता है. यानी भारत के RBI, चीन के केंद्रीय बैंक और दूसरे देशों के रिजर्व बैंक भी अपने विदेशी मुद्रा भंडार में सोना रखते हैं. BlackRock के मुताबिक, 2025 में करीब 30 साल बाद पहली बार दुनिया के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी अमेरिकी सरकारी बॉन्ड यानी US Treasuries से भी आगे निकल गई.
कंपनी ने 2026 के एक सर्वे का हवाला देते हुए बताया कि 89 फीसदी केंद्रीय बैंकों को उम्मीद है कि अगले 12 महीनों में दुनिया के कुल गोल्ड रिजर्व बढ़ेंगे. वहीं, रिकॉर्ड 45 फीसदी केंद्रीय बैंकों ने कहा कि वे खुद भी अपने सोने का भंडार बढ़ाने की योजना बना रहे हैं. 2025 में ऐसा कहने वाले केंद्रीय बैंकों की हिस्सेदारी 43 फीसदी और 2024 में 29 फीसदी थी. BlackRock के मुताबिक, चीन और ब्राजील जैसे देशों के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में अभी सोने की हिस्सेदारी 10 फीसदी से भी कम है. इसलिए आने वाले समय में इन देशों की खरीदारी सोने की मांग को सहारा दे सकती है.
अब सोने का नया खरीदार कौन बन रहा है?
इस रिपोर्ट में एक दिलचस्प बात और सामने आई है. अब सोना खरीदने वालों में सिर्फ केंद्रीय बैंक और आम निवेशक ही नहीं, बल्कि डिजिटल करेंसी से जुड़ी कंपनियां भी शामिल हो रही हैं. क्रिस्टी अकुलियन के मुताबिक, दुनिया की सबसे बड़ी स्टेबलकॉइन कंपनी Tether के पास करीब 140 टन सोना जमा है. यह मात्रा दुनिया के देशों के गोल्ड रिजर्व की तुलना में 33वें सबसे बड़े भंडार के बराबर बताई गई है. अब स्टेबलकॉइन क्या होता है? यह एक तरह की डिजिटल करेंसी होती है, जिसकी कीमत आमतौर पर किसी पारंपरिक करेंसी, जैसे अमेरिकी डॉलर, से जोड़कर रखी जाती है.
रिपोर्ट के मुताबिक, स्टेबलकॉइन का बाजार 2020 में करीब 28 अरब डॉलर का था, जो 2025 में बढ़कर 280 अरब डॉलर से ज्यादा हो गया. अनुमान है कि 2030 तक यह बाजार सामान्य स्थिति में 1.9 लाख करोड़ डॉलर और तेजी वाले अनुमान में 4 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच सकता है.
अगर यह बाजार बढ़ता है, तो कंपनियां डॉलर पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए सोना खरीद सकती हैं. इसके अलावा निवेशकों की दिलचस्पी डिजिटल गोल्ड यानी टोकन के रूप में मिलने वाले सोने में भी बढ़ सकती है. सोने में निवेश का एक और रास्ता गोल्ड ETF है. BlackRock के मुताबिक, 2025 में दुनिया भर के गोल्ड ETF में सोने का कुल भंडार 4,000 टन से ज्यादा हो गया था और इनमें निवेश की कुल वैल्यू 650 अरब डॉलर के पार पहुंच गई थी.
निवेशकों के लिए सोना और चांदी, दोनों का मतलब अलग
अब सबसे जरूरी सवाल कि अगर सोना और चांदी दोनों में निवेश करना हो, तो दोनों की भूमिका क्या हो सकती है? BlackRock के मुताबिक, सोना और चांदी एक जैसे निवेश विकल्प नहीं हैं. सोना पोर्टफोलियो को स्थिर रखने और आर्थिक अनिश्चितता के समय सहारा देने में मदद कर सकता है. वहीं, चांदी की कीमतें उद्योगों की मांग और आर्थिक ग्रोथ से ज्यादा प्रभावित होती हैं.
जब अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ती है और इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन, सोलर पैनल और AI डेटा सेंटर जैसे उद्योगों में मांग बढ़ती है, तो चांदी को इसका फायदा मिल सकता है. लेकिन इसकी कीमतों में उतार-चढ़ाव भी सोने से ज्यादा होता है. इसलिए तेजी में ज्यादा फायदा मिलने की संभावना के साथ गिरावट का जोखिम भी ज्यादा रहता है.
इसी वजह से आमतौर पर विविध निवेश पोर्टफोलियो में चांदी की हिस्सेदारी सोने के मुकाबले कम रखी जाती है. तो कुल मिलाकर BlackRock की रिपोर्ट का संदेश यह है कि सोने और चांदी में फिलहाल दबाव जरूर है, लेकिन इनके लंबे समय के सपोर्ट खत्म नहीं हुए हैं. केंद्रीय बैंकों की सोने की खरीदारी, गोल्ड ETF में निवेश और चांदी की औद्योगिक मांग इन दोनों धातुओं के लिए अहम हैं. हालांकि, BlackRock का मानना है कि 2025 जैसी जबरदस्त तेजी आगे दोहराना मुश्किल हो सकता है और आने वाले समय में रिटर्न ज्यादा सामान्य रह सकते हैं.
यानी निवेशकों को यह समझना होगा कि सोना पोर्टफोलियो में स्थिरता देने का काम कर सकता है, जबकि चांदी ग्रोथ के साथ ज्यादा जोखिम भी लेकर आती है. सिर्फ पिछली तेजी देखकर निवेश करना सही रणनीति नहीं होगी. निवेश से पहले अपनी जरूरत, जोखिम उठाने की क्षमता और निवेश की अवधि को जरूर ध्यान में रखें.
ADVERTISEMENT

