Gold Silver Price: सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी मल्टी कमॉडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) पर सोना लगऊग 400 रुपये चढ़कर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है. वहीं चांदी ने तो और भी तेज रफ्तार दिखाई है. चांदी की कीमत में 8,000 रुपये से ज्यादा का उछाल आया है और 5 मार्च वायदा वाली चांदी 2.75 लाख रुपये प्रति किलो के ऊपर कारोबार कर रही है.
ADVERTISEMENT
अगर कुछ दिन पीछे जाएं तो तस्वीर बिल्कुल अलग थी. तब चांदी करीब 2.25 लाख रुपये प्रति किलो और सोना लगभग 1.37 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास था. लेकिन महज कुछ ही दिनों में दोनों की कीमतों में जोरदार उछाल आ गया है.
आखिर क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
जानकारों का कहना है कि इस तेजी के पीछे अमेरिका से जुड़ी दो बड़ी खबरें अहम वजह हैं. पहली वजह है टैरिफ को लेकर बनी अनिश्चितता. अमेरिका में आयात शुल्क को लेकर साफ तस्वीर नहीं है, जिससे बाजार में असमंजस का माहौल बना हुआ है.
दूसरी बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत है. जिनेवा में ओमान की मध्यस्थता में दोनों देशों के बीच तेहरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को लेकर चर्चा हुई. कुछ प्रगति की बात जरूर सामने आई, लेकिन घंटों चली बातचीत के बाद भी कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया. ऐसे में संभावित सैन्य कार्रवाई की आशंका पूरी तरह खत्म नहीं हुई है और इलाके में सैन्य तैयारी जारी है.
आसान लफ्जों में कहें तो जब दुनिया में तनाव बढ़ता है या अनिश्चितता रहती है, तब निवेशक सुरक्षित निवेश की तलाश करते हैं. सोना और चांदी को हमेशा से सुरक्षित निवेश माना जाता है. यही वजह है कि वैश्विक तनाव बढ़ते ही इनकी मांग बढ़ जाती है और कीमतें ऊपर चली जाती हैं.
एशिया में भी असर
इधर अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच शुरू हुए संघर्ष ने भी बाजार की चिंता बढ़ा दी है. इसका असर एशियाई शेयर बाजारों पर दिखा, जहां गिरावट देखने को मिली. ऐसे माहौल में निवेशक शेयर बाजार से पैसा निकालकर सोना-चांदी जैसे सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं.
अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल
वैश्विक बाजार में भी कीमती धातुओं की चाल मजबूत बनी हुई है. शुक्रवार को स्पॉट गोल्ड लगभग 5,187.39 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर रहा. वहीं स्पॉट सिल्वर में करीब 0.6 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई और यह 88.81 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. इससे पहले चांदी तीन हफ्तों के ऊपरी स्तर को छू चुकी थी.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ता तनाव, अमेरिका से जुड़ी नीतिगत अनिश्चितता और भू-राजनीतिक हालात इन सबका सीधा असर सोने और चांदी की कीमतों पर दिख रहा है। आने वाले दिनों में भी वैश्विक घटनाक्रम इनकी चाल तय करेंगे. फिलहाल तो दोनों धातुएं फिर से चमक बिखेर रही हैं.
ये भी पढ़ें: होली धमाका: 8,000 से 15,000 के बजट में बेस्ट स्मार्टफोन्स, Amazon और Flipkart पर मिल रही है भारी छूट
ADVERTISEMENT

