Gold Silver Update: सोने-चांदी के भाव में फिर आएगी तेजी? एक्सपर्ट्स ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी

Gold Silver Update: मिडिल ईस्ट में सैन्य तनाव से सोने-चांदी के दाम नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहे हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड 5300 $/औंस और सिल्वर 94 $/औंस पार कर चुका है, जिससे भारतीय बाजार में सोना 1.60 लाख/10 ग्राम और चांदी 2.90 लाख/किग्रा के स्तर पर पहुंच गयी है. जानिए सेफ हेवन डिमांड और भाव की भविष्यवाणी.

Gold Silver Price Update
Gold Silver Price Update

सौरभ दीक्षित

follow google news

Gold Silver Update: जंग की आहट जब सरहद पार गूंजती है तो उसकी गूंज सर्राफा बाजार तक सुनाई देती है. डर बढ़ता है तो निवेशक तिजोरी का रुख करते हैं. इस बार भी मिडिल ईस्ट के तनाव ने सोना-चांदी को तेज रफ्तार दे दी है. अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बीच घरेलू बाजार में भी गोल्ड और सिल्वर के दाम में जबरदस्त हलचल दिखाई दे रही है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर सोना और चांदी की कीमतों में तेजी का रुख बना हुआ है. वहीं अंतरराष्ट्रीय मार्केट में भी गोल्ड 5300 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गया है, जबकि सिल्वर 94 डॉलर प्रति औंस से ज्यादा हो गई है.

Read more!

सोना-चांदी को लेकर बढ़ी घबराहट!

जोखिम से बचने के निवेशक गोल्ड और सिल्वर में पैसा लगा रहे हैं. इस तनाव का असर फिजिकल सप्लाई पर भी नजर आ रहा है जो दाम बढ़ाने का काम कर रही है. मिडिल ईस्ट में एयर ट्रैफिक प्रभावित होने से दुबई जैसे बड़े ट्रेडिंग हब से गोल्ड की शिपमेंट धीमी पड़ने लगी है. सोना महंगा मेटल है, इसलिए इसकी ज्यादातर सप्लाई हवाई रास्ते से होती है और फ्लाइट्स रुकने से मूवमेंट पर ब्रेक लग गया है जिससे बाजार में घबराहट बढ़ गई है.

इंटरनेशनल मार्केट का हाल?

अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कीमतों में हो रही बढ़ोतरी का असर भारतीय बाजार में भी देखा जा रहा है क्योंकि यहां पर करीब सोना 1.60 लाख प्रति दस ग्राम के पार निकल गया है, जबकि चांदी भी करीब 2.90 लाख रुपए प्रति किलो के भाव पर है. यानी जंग की खबर आते ही जो तेजी शुरू हुई, वो लगातार जारी रही. 

एक्सपर्ट्स की राय

एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर तनाव लंबा खिंचता है तो घरेलू बाजार में सोना 1.70 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर छू सकता है. कुछ एनालिस्ट्स ने तो 1.90 लाख तक की संभावना जताई है. वहीं चांदी भी 3 लाख रुपये प्रति किलो के पार जाने का अनुमान है, जो तेज हालात में 3.50 लाख तक जा सकती है.

सोना-चांदी है सेफ हेवन?

दिलचस्प बात है कि चांदी इस साल करीब 4.20 लाख रुपए प्रति किलो के ऑलटाइम हाई तक जा चुकी है. फिलहाल तो  गोल्ड और सिल्वर में तेजी की बड़ी वजह 'सेफ हेवन' डिमांड है. जंग, अनिश्चितता, तेल कीमतों में उछाल से निवेशक गोल्ड की तरफ आकर्षित हो रहे हैं. सप्लाई पर दबाव और डिमांड में इजाफे से प्राइस में तेज मूवमेंट नजर आ रहा है. फिलहाल पूरी ग्लोबल सप्लाई बंद नहीं हुई है और बड़े ट्रेडिंग सेंटर काम कर रहे हैं, इसलिए घबराने जैसी स्थिति नहीं कही जा सकती. लेकिन लगातार आती खबरों के बीच में छोटी सी अपडेट भी सोने-चांदी के भाव में बड़ा उतार-चढ़ाव ला सकती है. कुल मिलाकर, सरहद पर बढ़ता तनाव सर्राफा बाजार में रिकॉर्ड रेट में बदल चुका है.

यह खबर भी पढ़ें: अब फ्री में नहीं चला पाएंगे WhatsApp, ये 3 बड़े फीचर्स के लिए यूजर्स को देना पड़ सकता है सब्सक्रिप्शन चार्ज

    follow google news