Gold-Silver Price Update: सोने की कीमतों को लेकर एक्सपर्ट ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी, क्या सच में 2 लाख पार जाने वाला है गोल्ड?

Gold-Silver Price Update: क्या भारत में सोने की कीमत 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है? जानिए एक्सपर्ट्स की बड़ी भविष्यवाणी, सोना-चांदी के ताजा भाव, गोल्ड में तेजी के पीछे के 5 बड़े कारण, डॉलर-रुपया, कच्चे तेल और ग्लोबल तनाव का असर. पढ़ें गोल्ड मार्केट का पूरा विश्लेषण और निवेशकों के लिए जरूरी अपडेट.

Gold Market Update
Gold Market Update

सौरभ दीक्षित

follow google news

सोने चांदी की कीमतों में लगातार उतार चढ़ाव जारी है. हालांकि कीमतें अपने रिकॉर्ड हाई से अभी काफी नीचे चल रही हैं, लेकिन अब सोने की कीमतों को लेकर एक बड़ी भविष्यवाणी सामने आई है. एक्सपर्ट का कहना है कि जल्द ही सोने की कीमतें 2 लाख रुपये के स्तर को पार कर सकती हैं. और इसके पीछे एक्सपर्ट ने 5 बड़े कारण भी बताए हैं जो सोने की कीमतों को सीधे प्रभावित करने वाले हैं. सोना चांदी के इस खास एपिसोड में आइए विस्तार से जानते हैं इस भविष्यवाणी की पूरी बात. 

Read more!

सोने-चांदी के ताजा भाव

सोने-चांदी दोनों में ही आज हल्की गिरावट देखने को मिली है. 21 मई को शाम करीब 4:30 बजे 5 जून 2026 की डिलीवरी वाला सोना 738 रुपए की गिरावट के साथ 1,59,268 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था. वहीं 3 जुलाई 2026 की डिलीवरी वाली चांदी 4064 रुपए की गिरावट के साथ 2,70,201 रुपए प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी. 

क्या है एक्सपर्ट की भविष्यवाणी?

सोने की कीमतों को लेकर एक ऐसा अनुमान सामने आया है जिसने बाजार के जानकारों को भी चौंका दिया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें जल्द ही सारे रिकॉर्ड तोड़कर एक नई ऐतिहासिक ऊंचाई को छू सकती हैं. कई एक्सपर्टस ने अनुमान जताया है कि अगले 12 महीनों के भीतर ग्लोबल मार्केट में सोना 6000 डॉलर प्रति औंस के आंकड़े को पार कर सकता है. अगर ऐसा हुआ, तो भारतीय बाजारों में भी सोने के भाव में जबरदस्त आग लगनी तय है. फिलहाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना 4490 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है. वहीं, घरेलू बाजार में 10 ग्राम सोने का भाव करीब 1.59 लाख रुपये के स्तर तक पहुंच चुका है. 

सोना जाएगा 2 लाख के पार?

अब निवेशक के मन में यह सवाल उठना लाजमी है कि अगर ग्लोबल मार्केट में भाव 6000 डॉलर तक जाता है, तो भारत में इसके क्या मायने होंगे? इसका गणित सीधा है. 4490 डॉलर से 6000 डॉलर तक का सफर मौजूदा स्तर से करीब 33.6 फीसदी का भारी उछाल है. अगर भारतीय बाजार में भी इसी रफ्तार से तेजी आती है, तो सोने का भाव 1.59 लाख से बढ़कर सीधे 2.12 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच जाएगा. यानी प्रति 10 ग्राम पर सीधे 53 हजार रुपये की भारी-भरकम बढ़ोतरी. हालांकि, भारत में अंतिम कीमत सिर्फ ग्लोबल प्राइस से तय नहीं होती. डॉलर-रुपए की चाल, इंपोर्ट ड्यूटी, जीएसटी जैसे घरेलू कारक भी इसे प्रभावित करते हैं, जिससे वास्तविक भाव थोड़ा ऊपर-नीचे रह सकता है.

सोने में तेजी के पीछे के 5 बड़े कारण

सोने में तेजी आने के एक्सपर्ट ने 5 फैक्टर बताए हैं. एक्सपर्ट का कहना है कि मौजूदा समय में ऊंचे बॉन्ड यील्ड, मजबूत अमेरिकी डॉलर से लेकर महंगाई तक का दबाव जरूर है. लेकिन, लंबी अवधि में कुछ बेहद मजबूत आर्थिक कारण सोने को लगातार सपोर्ट कर रहे हैं. 

पहला: डी-ग्लोबलाइजेशन- सप्लाई चेन टूटने से देश अब एक-दूसरे पर निर्भर नहीं रहना चाहते, जिससे सुरक्षित एसेट के तौर पर सोने की मांग बढ़ रही है. 
दूसरा: डी-डॉलराइजेशन- दुनिया भर के सेंट्रल बैंक अमेरिकी डॉलर पर अपनी निर्भरता घटा रहे हैं. वे रिजर्व के तौर पर जमकर सोना खरीद रहे हैं. 
तीसरा: महाशक्तियों पर बढ़ता भारी- भरकम सरकारी कर्ज- आर्थिक दबाव के इस डर ने निवेशकों को डरा दिया है, जिससे वे करेंसी के बजाय सोने पर भरोसा जता रहे हैं. 
चौथा: पश्चिम एशिया का भू-राजनीतिक तनाव- युद्ध के माहौल में निवेशक जोखिम वाले एसेट से पैसा निकालकर सुरक्षित जगह लगाते हैं. 
पांचवां: सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग- शेयर या बॉन्ड बाजार के भारी उतार-चढ़ाव के बीच सोने से ज्यादा सुरक्षित कोई और विकल्प फिलहाल नजर नहीं आ रहा है.

कुल मिलाकर सोने की कीमतों में तेजी का अनुमान अब एक्सपर्ट लगा रहे हैं. सोने की इस चाल में कच्चे तेल की भी बड़ी भूमिका होने वाली है. पश्चिम एशिया के तनाव, खासकर होर्मुज स्ट्रेट संकट के कारण तेल बाजार भारी दबाव में है. ब्रेंट क्रूड अभी 105 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर मंडरा रहा है.

रिपोर्ट बताती है कि अगर यह भू-राजनीतिक तनाव थोड़ा शांत भी होता है, तब भी क्रूड का नया बेस 85 से 95 डॉलर के बीच ही टिकेगा. कच्चा तेल महंगा होने का सीधा मतलब है वैश्विक महंगाई का बढ़ना. महंगाई जितनी बढ़ेगी, निवेशक अपने पोर्टफोलियो को सुरक्षित करने के लिए उतनी ही तेजी से सोने की तरफ भागेंगे.

    follow google news