Gold Silver Price Update: अगर अचानक दुनिया की पूरी फाइनेंशियल सिस्टम हिल जाए तो क्या होगा? अगर शेयर बाजार, करेंसी और बड़ी-बड़ी अर्थव्यवस्थाएं एक साथ संकट में आ जाएं तो क्या होगा? दुनिया के मशहूर फाइनेंस एक्सपर्ट और रिच डैड, पुअर डैड किताब के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने ऐसी ही एक चौंकाने वाली भविष्यवाणी की है. उन्होंने कहा है कि दुनिया इतिहास के सबसे बड़े फाइनेंशियल बुलबुले के किनारे खड़ी है और यह बुलबुला कभी भी फूट सकता है.
ADVERTISEMENT
कियोसाकी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा कि दुनिया की पूरी आर्थिक व्यवस्था एक ऐसे बबल में बदल चुकी है जिसे बस एक छोटी सी पिन फोड़ सकती है. यानी कोई भी बड़ा इवेंट जैसे युद्ध, बैंकिंग संकट, कर्ज का संकट या मार्केट क्रैश इस बुलबुले को फोड़ सकता है. कियोसाकी ने साफ कहा है कि बुलबुला फूटना तय है, सवाल सिर्फ कब का है. लेकिन डरावनी बात सिर्फ इतनी नहीं है क्योंकि कियोसॉकी ने सोने-चांदी पर भी बड़ी बात कही है. आइए विस्तार से जानते है रॉबर्ट कियोसॉकी की इसी भविष्यवाणी के बारे में.
सोने-चांदी के भाव!
सोने और चांदी की कीमत में 17 मार्च को तेजी दिख रही है. MCX पर शुरुआती कारोबार में सोने की कीमत में 1000 रुपये से ज्यादा की तेजी आई है, जबकि चांदी की कीमत करीब 5,000 रुपये उछली है. 2 अप्रैल की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,55,736 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था और 17 मार्च को यह तेजी के साथ 1,56,891 रुपये पर खुला. फिर शुरुआती कारोबार में यह 1,260 रुपये की तेजी के साथ 1,56,996 रुपये तक पहुंचा. 17 मार्च की शाम करीब 7:30 बजे यह 1,56,500 रुपए पर ट्रेड कर रहा था.
चांदी की बात करें तो 5 मई की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,56,532 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी और 17 मार्च को ये 4,925 रुपये की तेजी के साथ 2,61,457 रुपये पर खुली. शाम करीब 7:30 बजे ये 2,57,401 रुपए पर ट्रेड कर रही थी. इससे पहले सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 9,000 रुपये लुढ़ककर 2.56 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गईं, जबकि सोना 2,950 रुपये टूटकर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया.
रॉबर्ट कियोसाकी की बात से मचा बवाल
कियोसाकी का कहना है कि जब ये फाइनेंशियल बबल फूटेगा तो उसके बाद दुनिया के बाजार में इतनी बड़ी उथल-पुथल होगी कि कुछ एसेट्स की कीमत आसमान छू सकती है. कियोसाकी के मुताबिक, बुलबुला फूटने के एक साल के अंदर सोना 7 गुना महंगा हो सकता है. अभी अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत करीब 5000 डॉलर प्रति औंस के आसपास है. लेकिन उनकी भविष्यवाणी है कि यह कीमत बढ़कर 35,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है.
कियोसाकी के मुताबिक चांदी की कीमत भी बेतहाशा बढ़ेगी. अभी चांदी लगभग 82 डॉलर प्रति औंस के आसपास है. लेकिन बुलबुला फूटने के बाद यह कीमत बढ़कर 200 डॉलर प्रति औंस तक जा सकती है. यानी सिर्फ एक साल में ढाई गुना तक की तेजी.
बिटकॉइन को लेकर कियोसाकी की भविष्यवाणी
अगर आप क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करते हैं तो रॉबर्ट कियोसाकी की भविष्यवाणी और भी चौंकाने वाली है. कियोसाकी के मुताबिक, बिटकॉइन की कीमत एक साल में 10 गुना तक बढ़ सकती है. आज जहां एक बिटकॉइन करीब 74,000 डॉलर के आसपास ट्रेड कर रहा है. वहीं उनकी भविष्यवाणी है कि यह बढ़कर 7,50,000 डॉलर तक पहुंच सकता है.
सिर्फ बिटकॉइन ही नहीं बल्कि दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी इथेरियम भी तेजी से उड़ान भर सकती है. आज एक इथेरियम की कीमत लगभग 2300 डॉलर है. लेकिन कियोसाकी का दावा है कि यह बढ़कर 95,000 डॉलर तक जा सकती है. यानी लगभग 40 गुना तक की तेजी.
कियोसाकी की राय
हालांकि यह पहली बार नहीं है जब कियोसाकी ने ऐसी भविष्यवाणी की है. वह पहले भी कई बार सोना, चांदी और बिटकॉइन को लेकर बड़ी भविष्यवाणियां कर चुके हैं. उनकी कुछ भविष्यवाणियां सही साबित हुई हैं तो कुछ गलत भी. लेकिन इस बार उन्होंने एक बड़ा सवाल भी उठाया है कि, क्या आने वाला आर्थिक संकट कुछ लोगों के लिए अमीर बनने का मौका बन सकता है?
कियोसाकी का मानना है कि जो लोग सही समय पर सही एसेट्स में निवेश करेंगे, वो इस उथल-पुथल से भारी फायदा कमा सकते हैं. लेकिन सवाल अभी भी वही है, क्या सच में दुनिया एक बड़े फाइनेंशियल क्रैश की तरफ बढ़ रही है? और अगर ऐसा हुआ तो क्या सोना, चांदी और बिटकॉइन सच में आसमान छू लेंगे? या फिर यह सिर्फ एक और डराने वाली भविष्यवाणी है? जवाब आने वाला वक्त ही देगा.
ADVERTISEMENT


