MCX Gold Silver Price: भारतीय सर्राफा बाजार और MCX पर पिछले एक हफ्ते के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहा. बीते पांच कारोबारी दिनों में दोनों कीमती धातुओं की चमक बढ़ी है, लेकिन राहत की बात यह है कि ये अपने ऑल-टाइम हाई लेवल से अब भी काफी सस्ते दाम पर मौजूद हैं.
ADVERTISEMENT
चांदी की कीमतों में उछाल
चांदी की कीमतों में बीते सप्ताह अच्छी तेजी दर्ज की गई. 10 अप्रैल को जहां एक किलो चांदी की कीमत करीब 2.43 लाख रुपये थी, वहीं शुक्रवार तक यह बढ़कर लगभग 2.58 लाख रुपये प्रति किलो हो गई. यानी पांच दिनों में करीब 14,800 रुपये की बढ़त देखने को मिली.
आपको बता दें कि इसी साल जनवरी में चांदी ने 4,39,337 रुपये प्रति किलो का ऐतिहासिक स्तर छुआ था. उस रिकॉर्ड स्तर के मुकाबले चांदी अभी भी लगभग 1,81,258 रुपये प्रति किलो सस्ती बिक रही है. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इतनी बड़ी गिरावट के बाद कीमतों में मामूली सुधार देखने को मिल रहा है.
सोना भी हुआ महंगा
सोने की कीमतों में भी पिछले हफ्ते बढ़त का ट्रेंड रहा. एमसीएक्स पर 24 कैरेट सोना करीब 1,953 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ है. शुक्रवार को बाजार बंद होने तक सोने का भाव 1,54,605 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया.
कीमतों में आई इस तेजी के बाद भी सोना अपने लाइफटाइम हाई लेवल से करीब 48,379 रुपये सस्ता मिल रहा है. जनवरी महीने में सोने ने 2,02,984 रुपये का रिकॉर्ड स्तर बनाया था.
निवेशकों के लिए क्या है सलाह?
बाजार में आई इस गिरावट और फिर रिकवरी को विशेषज्ञ एक सामान्य प्रक्रिया मान रहे हैं. हालांकि, जानकारों का कहना है कि सोने और चांदी में निवेश करने से पहले बाजार के जोखिमों को समझना जरूरी है. रिकॉर्ड हाई से कीमतों का इतना नीचे होना लंबे समय के निवेशकों के लिए एक अवसर की तरह देखा जा रहा है, लेकिन किसी भी बड़े निवेश से पहले वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लेनी चाहिए.
ADVERTISEMENT


