घरेलू कमोडिटी मार्केट (MCX) में गुरुवार सुबह सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला. बाजार खुलते ही दोनों कीमती धातुएं भारी गिरावट के साथ लाल निशान पर चली गईं. लेकिन यह मंदी ज्यादा देर नहीं टिकी. महज 15 मिनट के भीतर ही बाजार ने करवट ली और दोनों धातुओं की कीमतों में तेजी से उछाल आया. दिन के निचले स्तर से चांदी में करीब 5,000 रुपये की रिकवरी देखी गई, वहीं सोना भी घाटे से उबरकर हरे निशान पर आ गया.
ADVERTISEMENT
चांदी की कीमतों में आया बड़ा उछाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सुबह जब कारोबार शुरू हुआ तो 3 जुलाई की एक्सपायरी वाली चांदी करीब 3,000 रुपये टूटकर 2.10 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई.
आपको बता दें कि इसी साल जनवरी में चांदी 4.20 लाख रुपये के अपने ऑल-टाइम हाई पर पहुंच चुकी थी, जिससे तुलना करें तो यह करीब आधे दाम पर आ गई थी. हालांकि, इस बड़ी गिरावट के तुरंत बाद चांदी ने रफ्तार पकड़ी और कुछ ही मिनटों में उछलकर 2,15,950 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड करने लगी. इस उतार-चढ़ाव के बीच, चांदी इस हफ्ते अब तक करीब 17,000 रुपये सस्ती हो चुकी है.
सोने के भाव में भी दिखा ऐसा ही ट्रेंड
चांदी की तरह सोने के दामों में भी आज सुबह ऐसा ही खेल देखने को मिला. एमसीएक्स पर 5 अगस्त की एक्सपायरी वाला सोना पिछले बंद भाव 1,41,270 रुपये के मुकाबले गिरकर 1,40,543 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था. लेकिन बाजार संभलते ही सोने में भी तगड़ी लिवाली देखने को मिली और इसके दाम बढ़कर 1,41,989 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए.
चार दिनों में इतने सस्ते हुए सोना-चांदी
इस कारोबारी हफ्ते की शुरुआत से ही सर्राफा बाजार में सुस्ती का माहौल बना हुआ है. पिछले हफ्ते के आखिरी दिन सोना 1,47,203 रुपये पर बंद हुआ था, जो अब तक करीब 5,200 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो चुका है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि बाजार में इस तरह के उतार-चढ़ाव अभी आगे भी देखने को मिल सकते हैं.
(नोट: सोने-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में किसी भी तरह का निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें.)
ADVERTISEMENT


